drnewsindia.com
राष्ट्रीय डेस्क (आज की ताजा खबर): देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 के पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीबीआई ने इस मामले में 8वीं बड़ी गिरफ्तारी करते हुए पुणे से केमिस्ट्री के प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को धर दबोचा है। जांच एजेंसी कुलकर्णी को ही इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड बता रही है। दूसरी ओर, पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के तनाव के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में तीन होनहार छात्रों द्वारा आत्महत्या करने की बेहद दुखद खबर भी सामने आई है।
NEET पैनल का हिस्सा रह चुका है मास्टरमाइंड प्रोफेसर कुलकर्णी
सीबीआई की जांच में प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मूल रूप से लातूर का रहने वाला कुलकर्णी केमिस्ट्री का डोमेन एक्सपर्ट है और वह कई सालों तक NEET का पेपर तैयार करने वाले आधिकारिक पैनल का हिस्सा भी रहा चुका है।
पैनल में होने के कारण कुलकर्णी की पेपर तक सीधी पहुंच थी। वह पुणे में अपने घर पर ही कोचिंग क्लासेस चलाता था। आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले ही अपने छात्रों को असली सवाल और उनके सही जवाब रटवा दिए थे। 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा से ठीक पहले, अप्रैल के आखिरी हफ्ते में कुलकर्णी ने आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से कई कैंडिडेट्स तक लीक पेपर पहुंचाया था।
टेलीग्राम के ‘प्राइवेट माफिया’ ग्रुप पर 1 मई को ही लीक हुआ पेपर; 100% मैच हुए सवाल
सीबीआई जांच में यह साफ हो गया है कि NEET 2026 का असली पेपर परीक्षा से दो दिन पहले यानी 1 मई की रात को ही टेलीग्राम पर लीक कर दिया गया था। इसे ‘प्राइवेट माफिया’ नाम के एक टेलीग्राम ग्रुप पर अपलोड किया गया था, जिसमें कुल 402 मेंबर्स हैं। यह ग्रुप विशेष रूप से 2024 से ही पेपर लीक नेटवर्क के लिए एक्टिव था।
1 मई की रात करीब 11:30 बजे ग्रुप के एडमिन ने मैसेज लिखा था— “हम जल्द ही फुल पेपर अपलोड कर रहे हैं, जिसका पासवर्ड LeakMafia@9466 है।” इसके ठीक 8 मिनट बाद 11:38 बजे लीक पेपर की पीडीएफ (PDF) फाइल अपलोड कर दी गई और मैसेज में लिखा गया कि इसके आने के 99.99% चांस हैं।
जांच में सामने आई हूबहू समानताएं:
- सवाल नंबर 5: असली पेपर और लीक पीडीएफ में वर्टिकली ऊपर जाने वाली बॉल का वेलोसिटी-टाइम ग्राफ (फिगर) 100% मैच कर रहा है।
- सवाल नंबर 23: मोनोक्रोमेटिक लाइट की किरण का प्रिज्म (ABC) से गुजरने वाला चित्र, सवाल और चारों ऑप्शंस (40°, 45°, 55° और 35°) दोनों जगह बिल्कुल एक समान हैं।
- सवाल नंबर 24: असली पेपर में दिया गया सर्किट डायग्राम भी टेलीग्राम पर लीक हुए पेपर से हूबहू मेल खाता है। (नोट: हालांकि जांच एजेंसियां इस कड़ियों की पुष्टि कर रही हैं, लेकिन यह साफ है कि माफियाओं ने पकड़े जाने से बचने के लिए सैकड़ों सवालों को मिलाकर एक ऐसा सीक्रेट सेट तैयार किया था जिससे किसी को भनक न लगे।)
पेपर लीक और अनिश्चितता के सदमे में 3 अभ्यर्थियों ने गंवाई जान
इस महाघोटाले और परीक्षा के भविष्य पर मंडराते संकट ने कई छात्रों को गहरे तनाव में धकेल दिया है, जिसके चलते देश में तीन दर्दनाक सुसाइड केस सामने आए हैं:
- लखीमपुर खीरी (यूपी): 21 वर्षीय रितिक मिश्रा ने 14 मई को फांसी लगा ली। यह उसका तीसरा प्रयास था और परीक्षा रद्द होने की खबरों से वह गहरे अवसाद में था।
- दिल्ली: आजादपुर की रहने वाली 20 साल की एक छात्रा ने 14 मई को अपने घर में फंदा लगा लिया।
- गोवा: कर्टोरिम के रहने वाले 17 साल के एक छात्र ने 13 मई को आत्महत्या की। उसने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि वह अब कभी किसी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहता।

कोर्ट में 5 आरोपियों की पेशी, CBI को मिली 7 दिन की रिमांड
इधर कानूनी मोर्चे पर, सीबीआई ने हिरासत में लिए गए 5 प्रमुख आरोपियों— शुभम खैरनार (नासिक), मांगीलाल बीवाल, विकास बीवाल, दिनेश बीवाल (जयपुर) और यश यादव (गुरुग्राम) को कोर्ट में पेश किया। स्पेशल सीबीआई जज अजय गुप्ता के सामने स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नीतू सिंह ने दलील दी कि इस देशव्यापी बड़ी साजिश और प्रिंटिंग प्रेस या सरकारी कर्मचारियों के कनेक्शन को खंगालने के लिए आरोपियों की कस्टडी बेहद जरूरी है। कोर्ट ने सभी को 7 दिन की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया है।

आईफोन से सबूत मिटाए, 10-12 लाख में हुआ था सौदा
सीबीआई के अनुसार, शुभम खैरनार ने सबसे पहले टेलीग्राम के जरिए यश यादव को पेपर भेजा था। यश यादव ने सीकर में कोचिंग के दौरान संपर्क में आए विकास बीवाल और उसके पिता मांगीलाल बीवाल से सौदा तय किया था। मांगीलाल ने अपने छोटे बेटे अमन के लिए 10 लाख रुपए में यह पेपर डील की थी, जिसमें शर्त थी कि कम से कम 150 सवाल असली पेपर से मैच करेंगे। मांगीलाल ने यह पेपर अपने बेटे अमन, भतीजे ऋषि, गुंजन और परिचित शिक्षक सत्यनारायण को बांट दिया था। आरोपी यश यादव ने पकड़े जाने के डर से अपने आईफोन (iPhone) से व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम की चैट हिस्ट्री डिलीट कर दी थी, जिसे अब रिकवर किया जा रहा है।





