विदिशा / कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने आज जिले में क्रियान्वित निर्माण कार्य की समीक्षा कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में की। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। निर्माण कार्यो पर सतत नजर रखने के भी निर्देश उन्होंने दिए है।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्माण कार्यो के दौरान अन्य विभागो से संबंधित समस्याओं के समाधान के उद्धेश्य से आयोजित इस बैठक में उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर बारिश से पहले सभी कार्य पूर्ण कराएं ताकि आवागमन प्रभावित ना हो सकें।
साइन बोर्ड
कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्माण ऐजेन्सी को निर्देश दिए है कि निर्माण कार्यो के स्थलो पर सूचना पटल अवश्य लगाएं ताकि निर्माण कार्यो से संबंधित जानकारी सुगमता से प्राप्त हो सकें। इसी प्रकार सडको के निर्माण कार्यो के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना ना हो इसके लिए साइन बोर्ड बडे पैमाने पर ऐसे स्थलों पर लगाएं जहां से सुगमता से देखा जा सकें।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश
अवैध काॅलोनी में चोरी की बिजली
विदिशा / बिजली कंपनी के जोन-2 के एई शरद महोबिया ने बताया कि यहां चोरी से जल रही बिजली पर कार्रवाई की गई है कुछ बड़े घरों में पंचनामा बनाकर कार्रवाई करते हुए चोरी के प्रकरण बनाए गए है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में दो कॉलोनी के निवासी है यह दोनों ही कॉलोनी अवैध रूप से बसाई गई है। जिसके चलते नियमानुसार यहां विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और कनेक्शन नहीं दिए जा सकते। एक या दो अस्थाई मीटर दिए जा सकते है। कॉलोनी के वैद्य दस्ताबेजों के साथ मीटर के लिए आवेदन किया जाएगा तो कुछ समय में ही कनेक्शन दिए जा सकते है। एई ने कहा कि कॉलोनी वैद्य है या अवैध है इस पर कोई ध्यान नहीं देता, उसके बाद इस प्रकार की परेशानी का सामना लोगों को करना होता है।
विदिशा. सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरिपुरा खिरिया क्षेत्र में बिजली कंपनी द्वारा शनिवार को चार दर्जन से ज्यादा घरों में डग्गा डालकर की जा रही बिजली चोरी पर कार्रवाई की गई। वहीं, आधा दर्जन घरों में पंचनामा बनाए गए। अवैध कॉलोनी होने के कारण बिजली कनेक्शन यहां नहीं दिए जाने की बात बताई गई है।
बिजली कंपनी ने हरिपुरा खिरिया क्षेत्र में दो कॉलोनियों के बीच रहने वाले लोगों के घरों में चोरी से उपयोग की जा रही बिजली के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। बताया गया कि यहां रहने वाले लोगों ने करीब 300 से 400 मीटर तक की डोरी की मद्द से बिजली घरों तक पहुंचाई जा रही थी। शनिवार को जब बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी इस स्थान पर पहुंचे तो हड़कंप मच गया। यहां रहने वाले पुरुषों ने महिलाओं को आगे करके खुद वहां से चले गए।
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान भैरूंदा तथा लाड़कुई में आयोजित विकसित भारत संकल्प पदयात्रा में होंगे शमिल
सीहोर/ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चैहान 25 मई को भोपाल से प्रस्थान कर शाम 04 बजे सीहोर जिले के लाड़कुई पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संवाद कार्यक्रम एवं अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके पश्चात केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चैहान विकसित भारत संकल्प पदयात्रा में शामिल होकर शाम 05 बजे लाड़कुई और भादाकुई के मध्य आयोजित कृषक संगोष्ठी और संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शाम 06 बजे भादाकुई में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे शाम 07 बजे छिंदगांवमौजी पहुंचकर रोजगार एवं स्वरोजगार योजना के संबंध में संवाद करेंगे। इसके पश्चात केंद्रीय कृषि मंत्री शाम 08 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान 26 मई को भोपाल से प्रस्थान कर शाम 04 बजे बीजला जोड़ पहुंचेंगे और जल एवं स्वच्छता हेतु आयोजित चौपाल में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे शाम 05 बजे जेताजी एकेडमी चांदाग्रहण जोड़ पहुंचकर युवा संसद और अन्य कार्यक्रमों मे शामिल होंगे। इसके पश्चात केंद्रीय कृषि मंत्री शाम 06 बजे भैरूंदा पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के हितग्राहियों से चर्चा करेंगे और जल संरक्षण कार्यक्रम सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे शाम 07 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
एमपी को अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार संकल्पित, नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए सीएम डॉ. मोहन यादव
भोपाल / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता मे नीति आयोग की शासी परिषद की 10वीं बैठक में भाग लिया। CM ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की प्रथम पंक्ति में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता मे नीति आयोग की शासी परिषद (गवर्निंग काउंसिल) की 10वीं बैठक में भाग लिया। यह बैठक ‘विकसित राज्य फॉर विकसित भारत @2047’ थीम पर केंद्रित रही।
भविष्य निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण के विजन से प्रेरित होकर मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की प्रथम पंक्ति में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में शामिल होकर प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त किया और इसे भारत के भविष्य निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
निरंतर नए प्रतिमान स्थापित कर रहा प्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में सभी राज्य ‘टीम इंडिया’ की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश विकास और लोक कल्याण के संकल्प पथ पर अग्रसर है और निरंतर नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
ठाणे में कोरोना मरीज की मौत, 21 साल के युवक ने तोड़ा दम
कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। केरल से लेकर मुंबई और दिल्ली तक बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिले चुके हैं। शनिवार को ठाणे में एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई। यहां अब तक 18 मामले सामने आ चुके हैं।
देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वहीं कोरोना संक्रमित दम तोड़ रहे हैं। ठाणे में शनिवार को कोरोना संक्रमित युवक की मौत हो गई। जबकि आठ नए मामले सामने आए। इसके बाद ठाणे में अस्पताल अलर्ट मोड पर हैं। ठाणे में अब कुल 18 सक्रिय कोविड-19 मरीज हैं। डॉक्टरों ने बताया कि केवल एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि अन्य घर पर ही आइसोलेशन में हैं। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
टीएमसी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि गंभीर मधुमेह से पीड़ित 21 वर्षीय एक व्यक्ति की सुबह कलवा स्थित टीएमसी के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में अन्य बीमारियों के कारण मौत हो गई। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिरुद्ध मालगांवकर ने बताया कि उसे मधुमेह संबंधी दिक्कत के कारण गुरुवार को भर्ती कराया गया था और शुक्रवार रात को उसकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
चिकित्सक ने बताया कि अस्पताल में कोरोना मरीजों के लिए 19 बिस्तरों वाला वार्ड बनाया गया है। साथ ही आरटीपीसीआर जांच की सुविधा है। स्थिति का आकलन करने के लिए नगर निकाय ने शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेतना नितिल ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं का पर्याप्त स्टॉक है। कोरोना जांच किट उपलब्ध है। नगर निगम ने यह भी आश्वासन दिया कि स्थिति नियंत्रण में है तथा जनता से घबराने की अपील नहीं की।
दिल्ली में 23 मामले सामने आ चुके
केरल से लेकर मुंबई और दिल्ली तक बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिले चुके हैं। इसे लेकर सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को कहा गया है कि वे बेड और ऑक्सीजन का पर्याप्त इंतजाम कर लें। दिल्ली में अब तक 23 केस मिल चुके हैं।
बताया जा रहा है कि कोविड के मामलों में उछाल ओमिक्रॉन JN.1 वैरिएंट के प्रसार के कारण आया है। डॉक्टर बता रहे हैं कि वैरिएंट काफी है सक्रिय है, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे चिंताजनक वैरिएंट घोषित नहीं किया है। मौजूदा कोविड मरीजों में आमतौर पर हल्के लक्षण आ रहे हैं। संक्रमित व्यक्ति चार दिन में ठीक हो जाता है। इसके सामान्य लक्षण बुखार, नाक बहना, गले में खराश, सिरदर्द, थकान और थकावट शामिल हैं।
65 वर्षीय वेट लिफ्टर मोहन पाराशर करेंगे एशियन चैम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व, आज रवाना होंगे
सीहोर / वेट लिफ्टिंग को पूजा मानकर लगातार 50 सालों से विभिन्न प्रतियोगिता में क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले 65 वर्षीय सीनियर वेट लिफ्टिर को शनिवार को बिलकिसगंज क्षेत्र सहित आस-पास के खेल प्रेमियों ने आगामी 27 मई से 31 मई तक कतर के दोहा में खेली जाने वाले मास्टर्स वेट लिफ्टिंग चैम्पियनशिप के लिए ढोल-बाजे के साथ रविवार को विदा किया जाएगा उनके राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल व्याप्त था।
65 वर्षीय वेट लिफ्टर श्री पाराशर का चयन कतर के दोहा में होने वाली एशियन चैम्पियनशिप के लिए चयन किया गया है। यह गौरव का पल है कि मध्यप्रदेश के एक मात्र खिलाड़ी के रूप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीनियर खिलाड़ी और वेट लिफ्टिंग कोच श्री पाराशर ने बताया उनका एशियन चैम्पियनशिप में 65 से 69 आयु वर्ग एवं 89 किलोग्राम वर्ग में देश को पदक दिलाने का प्रयास करेंगे। पहले भी सीहोर जिले के बिलकिसगंज ग्राम के श्री पाराशर ने देश को तीन स्वर्ण पदक विश्व स्तरीय प्रतियोगिता एवं दो स्वर्ण पदक कामन वेल्थ चैम्पियनशिप में दिलाए है। 65 वर्षीय वेट लिफ्टर अभी भी सुबह 3 घंटे और शाम को एक घंटे अभ्यास करते है एवं देश के लिए मेडल लाने हेतु सतत प्रयत्नशील है। खिलाड़ी जब रिटायरमेंट के बारे में सोचते या रिटायरमेंट की घोषणा करते हैं, उस दौरान मोहन ने अपने कार्यों, सक्रियता और समर्पणभाव से कभी समझौता नहीं किया। उनकी लगन और परिश्रम का परिणाम है कि उन्होंने 63 की उम्र में विश्व विजेता का खिताब अपने नाम किया है। मात्र 13 साल की आयु में जिले स्तर पहली बार भाग लिया तो गोल्ड जीता जिससे उसका उत्साह बढ़ गया और पीछे मुड़ कर नहीं देखा। उसके बाद स्टेट लेवल फिर नेशनल लेवल और अब इंटरनेशनल लेवल पर गोल्ड हासिल किए।
इससे पहले वह 2021 में आस्ट्रेलिया कामन वेल्थ से स्वर्ण, मार्च 2023 में न्यूजीलैंड के आकलैंड में मास्टर्स वर्ल्ड कप से गोल्ड के साथ ही कामन वेल्थ में गोल्ड के अलावा नवंबर में 2023 में ही ग्रीस के अथेंस से वर्ल्ड अंतर्राष्ट्रीय मास्टर्स वेटलिफ्टिंग में भारत का स्वर्ण पदक दिला चुके है। गत दिनों जर्मनी में वेट लिफ्टिंग की अंतर्राष्ट्रीय वर्ल्ड चैम्पियनशिप से भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर यह सिद्ध किया है कि वह आज भी चैम्पियन है। श्री पाराशर का मानना है कि अगर खेल के प्रति हौसला बुलंद हो तो आसानी से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। युवाओं को हर खेल में पूरे हौसले के साथ मैदान में उतर कर मुकाबला करना चाहिए। कुछ करने और सफल होने की कोई उम्र नहीं होती। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम बिलकिसगंज निवासी 63 वर्षीय वेट लिफ्टर ने इस बात को सच कर दिखाया है। उन्होंने मात्र 13 साल वेट लिफ्टिंग शुरू की। अब 65 की उम्र में लगातार इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर एकबार फिर खुद को साबित करते आ रहे है। अब पहली बार कतर के दोहा में होने वाली एशियन मास्टर्स वेट लिफ्टिंग चैम्पियनशिप में भी भारत का परचम लहराऐंगे। इसके लिए रविवार को वह कतर के लिए रवाना होंगे।
गांव-गांव में फैली है दूध क्रांति, बाजार में बड़ी पैकट दूध की मांग
सीहोर / गांव-गांव में फैली दूध क्रांति जिले के ग्रामीणों के लिए न सिर्फ रोजगार और आय का सबसे बड़ा स्रोत बनी है, बल्कि भारत की कृषि व्यवस्था के लिए भी वरदान साबित हुई। अकेले सीहोर जिले से करीब तीन लाख लीटर प्रतिदिन दूध सांची भोपाल सहकारी दुग्ध संघ जा रहा है। सांची दूध संघ ने हाल ही में किसानों के हित में क्रय किए जाने वाले दुग्ध रेट बढ़ाए जाने से किसान दूध उत्पादन को लेकर उत्साहित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांवों से बड़ी मात्रा में दूध भोपाल सहकारी दुग्ध संघ जा रहा है। इससे ग्रामीणों को अच्छा पैसा भी मिल जाता है। वहीं दूध बेचने का झंझट भी नहीं रहता है। भैंसाखेड़ी के चंदर सिंह परमार कहते हैं उनके घर करीब सौ लीटर दूध होता है, वह कुछ दूध बचाकर अधिकांश सहकारी संघ की डेयरी पर दे देते हैं। बताया जाता है कि भोपाल दुग्ध संघ द्वारा प्रतिदिन जिले से करीब 3 लाख लीटर दूध खरीदा जा रहा है। दूध खरीदी बढ़ गई है। सांची दुग्ध संघ द्वारा हाल ही में दूध की बढ़ाई दर से ग्रामीणों का विश्वास काफी बढ़ा है। नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के नवनियुक्त सीईओ प्रीतेश जोशी ने किसानों के हित में आते ही किसानों से क्रय किए जाने वाले दुग्ध रेट बढ़ाए जाने से ग्रामीण उत्साहित हैं। भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के विपणन प्रभारी शलभ सियोटे कहते हैं कि ग्रामीणों के हित में संघ ने निर्णय लिए हैं और हमारे द्वारा सांची प्रोडक्ट की उत्तम क्वालिटी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही फील्ड में भ्रमण कर सांची प्रोडक्ट विक्रय वृद्धि बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
शहर को विकसित और व्यवस्थित करने का काम कर रहे हमारे नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर-विधायक सुदेश राय
सीहोर / शहर के वार्ड क्रमांक एक में लंबे समय से खस्ताहाल सड़क के निर्माण कार्य का अब कार्य पूर्ण होने वाला है। शनिवार को विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, वार्ड पार्षद सुनीता ब्रजेश किशोर राय सहित अन्य मातृशक्तियों ने करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बनाए जाने वाले सड़क मार्ग का पूर्ण विधि-विधान से भूमि-पूजन करते हुए विधायक श्री राय ने कहाकि शहर को विकसित और व्यवस्थित करने का सराहनीय कार्य हमारे नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर कर रहे है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि शहर को महानगर की तर्ज पर विकसित किया जाए। आगामी दिनों में वार्ड के अंतर्गत होने वाले करीब एक करोड़ रुपए के निर्माण कार्य में 88 लाख की लागत से सड़क के अलावा 12 लाख की लागत से नाली का निर्माण कार्य होगा।
भूमि पूजन के दौरान पार्षद प्रतिनिधि राहुल राय ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष श्री राठौर के विशेष प्रयास से शहर के बढ़ियाखेड़ी से पाटी मोहल्ले तक जाने वाले इस मार्ग से क्षेत्रवासियों को खस्ताहाल सड़क से मुक्ति मिलेगी, वहीं क्षेत्र इंदौर-भोपाल हाईवे तक जाने वाले वाहनों के लिए ठीक रहेगा। इसके लिए उन्होंने विधायक श्री राय और नगर पालिका अध्यक्ष श्री राठौर का आभार व्यक्त किया है। वार्ड क्रमांक एक में सड़क मार्ग और सड़क किनारे नालियों का निर्माण नहीं होने के कारण यह मार्ग पर जल भराव रहता है, लेकिन एक करोड़ से बनाए जाने वाले मार्ग के निर्माण के बाद अब क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री राठौर ने सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय सीमा करने की बात कही है। भूमि पूजन के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, कमलेश राठौर, संतोष शाक्य, मुकेश मेवाड़ा, प्रदीप गौतम के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल थे।
श्रीराम कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब
सीहोर / भरत त्याग व भ्रात: प्रेम की मूर्ति हैं. राम के प्रति भरत का प्रेम लक्ष्मण से कम नहीं था, श्रीराम कथा में कहा गया है कि भरत जैसा भाई न कभी हुआ है और शायद न कभी होगा। श्रीराम कथा परिवार को जोड़ने का कार्य करती है। उक्त विचार शहर के रुकमणी गार्डन में चित्रांश समाज और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा सीहोर के तत्वाधान में जारी सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के छठवें दिन संत उद्ववदास ने कहे। संत ने भगवान श्रीराम और भरत के त्याग और समर्पण का विस्तार से वर्णन किया।
उन्होंने कहाकि राज दशरथ की मृत्यु के बाद अयोध्या के राजकुल का सूर्य अस्त हो गया था, अब हर ओर पीड़ा थी, अश्रु थे और था भय, नियति के हाथ का खिलौना बनी कैकई नहीं देख पा रही थीं, पर उनके अतिरिक्त हर व्यक्ति जानता था कि राज्य में मचे इस घमासान से सबसे अधिक दुख भरत को होगा। सभी यह सोच कर भयभीत थे कि भरत के आने पर क्या होगा, धराधाम से जब कोई प्रभावशाली सज्जन व्यक्ति प्रस्थान करता है तो, कुछ दिन तक वहां के वातावरण में शोक पसरा रहता है। समूची प्रकृति ही उदास सी दिखने लगती है। भरत का रथ जब अयोध्या की सीमा में प्रवेश कर गया, तभी उन्हें अशुभ का आभास होने लगा। रथ जब अयोध्या नगर में आया तो, उन्हें स्पष्ट ज्ञात हो गया कि कुल में कुछ बहुत बुरा घट गया है। और रथ जब राजमहल के प्रांगण में पहुंचा तो, महल के ऊपर राष्ट्रध्वज की अनुपस्थिति सहज ही बता गई कि महाराज नहीं रहे। पिता की अनुपस्थिति में बड़ा भाई पिता के समान हो जाता है। छोटे भाई उसी के कंधे पर सिर रख कर रो लेते हैं, उसी से लिपट कर अपना दुख बांट लेते हैं। पिता नहीं रहे इस बात का आभास होते ही भरत और शत्रुघ्न को जिसकी सबसे पहले याद आई, वे श्रीराम थे। संत उद्ववदास महाराज ने विस्तार से वर्णन करते हुए कहाकि राम कथा में, जब भरत को पता चलता है कि उनकी माता कैकेयी ने राजा दशरथ से राम के वनवास और भरत के राजा बनने का वचन लिया है, तो वह बहुत क्रोधित हो जाते हैं. भरत अपनी माता को त्याग देते हैं और कहते हैं कि अब वह उनकी माता नहीं रही, क्योंकि उन्होंने ऐसा कार्य किया है जिससे उनका सम्मान और राम का हित दोनों को नुकसान हुआ है। राम कथा के अनुसार, जब राम को युवराज बनाने की चर्चा होती है, तो मंथरा नाम की दासी के बहकावे में आकर कैकेयी दशरथ से राम के लिए 14 वर्ष का वनवास और भरत के लिए राज्य की माँग करती है. जब भरत को इस बात का पता चलता है, तो वह अपनी माता कैकेयी से बहुत क्रोधित हो जाते हैं और उससे अपना नाता तोड़ देते हैं। भरत अपनी माता के इस कार्य को अपराध मानते हैं और कहते हैं कि उन्होंने अपने स्वार्थ के लिए ऐसा किया है जिससे राम का वनवास और भरत का भविष्य दोनों को नुकसान हुआ है। भरत अपनी माता से कहते हैं कि अब वह उनकी माता नहीं रही और उन्हें माता के रूप में स्वीकार नहीं करेंगे।
एमपी कांग्रेस का बड़ा आरोप,चित्रकूट में 750 करोड़ के फंड का घोटाला, सामुदायिक भवन में हो रही नशाखोरी
भोपाल / प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी और पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने शनिवार को पीसीसी में प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि चित्रकूट में विकास और नमामि गंगे परियोजना के नाम पर दिए गए करोड़ों रुपए गलत तरीके से खर्च किए गए हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी और पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने शनिवार को पीसीसी में प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि चित्रकूट में विकास और नमामि गंगे परियोजना के नाम पर दिए गए करोड़ों रुपए गलत तरीके से खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने चित्रकूट विकास प्राधिकरण को 750 करोड़ रुपए दिए थे, लेकिन इनका सही उपयोग नहीं हुआ।
सामुदायिक भवन अब नशेडिय़ों का अड्डा
मुकेश नायक ने बताया कि 37 करोड़ रुपए खर्च कर एक सामुदायिक भवन बनाया गया, ताकि वहां सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हो सकें। लेकिन यह भवन ऐसी जगह बनाया गया जो संस्थान की जमीन से दूर है। अब वहां कोई कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि वह जगह नशा करने वालों का अड्डा बन गई है।
आरोग्यधाम में चल रहे निजी क्लिनिक और बर्थडे पार्टी
नायक ने बताया कि चित्रकूट में 47 एकड़ में बने आरोग्यधाम को आयुर्वेद रिसर्च सेंटर के तौर पर तैयार किया गया था। लेकिन अब वहां एलोपैथिक डॉक्टर, मेडिकल स्टोर और निजी क्लिनिक चल रहे हैं। इतना ही नहीं, इसे एक रिसॉर्ट की तरह किराए पर दिया जा रहा है, जहां बर्थडे पार्टी जैसे निजी आयोजन हो रहे हैं।
नदी सफाई के पैसे निजी संस्थान को दे दिए
मुकेश नायक ने बताया कि मंदाकिनी नदी की सफाई के लिए सरकार ने 37 करोड़ रुपए मंजूर किए थे। लेकिन इनमें से 30 करोड़ रुपए सीधे एक निजी संस्थान को दे दिए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार किसी निजी संस्थान की जमीन और सुविधाओं पर विकास प्राधिकरण का पैसा कैसे खर्च कर सकती है?
गोशाला बंद, फंड का गलत इस्तेमाल
मुकेश नायक ने यह भी कहा कि गोशाला के लिए मिले फंड का भी दुरुपयोग हुआ है। गोशाला बंद पड़ी है और वहां खाना-पीना चल रहा है। वहीं टाटा ट्रस्ट से मिले पैसे का बड़ा हिस्सा एलोपैथिक केंद्र पर खर्च हो चुका है। नायक ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने रामपथ गंगा योजना के लिए 2000 करोड़ रुपए दिए थे, लेकिन इन पैसों का कोई हिसाब नहीं है। उन्होंने महाकाल लोक और ओंकारेश्वर लोक परियोजनाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि नमें लगी मूर्तियां मामूली हवा से भी गिर जाती हैं।
कांग्रेस ने सरकार रखी ये मांगे
1. नमामि गंगे योजना की सीबीआई जांच करवाई जाए।
2. सभी निजीकरण की गई संपत्तियों को जनहित में पुनः अधिग्रहित किया जाए।
3. मंदाकिनी के गंदे नालों को तत्काल रोका जाए और शुद्धिकरण प्लांट चालू हो।
4. ग्रामोदय विश्वविद्यालय की जमीन पर हो रहे कब्जे को रोका जाए।
5. रतन टाटा ट्रस्ट, राज्यसभा निधि और केंद्र अनुदान से हुए कार्यों की वित्तीय जांच हो।










