Home Blog Page 594

कलश यात्रा के साथ आरंभ हुई श्रीराम कथा

0

सीहोर / श्रीराम कथा हमें अनुशासन और मर्यादा में रहना सिखाती है। साथ ही यह मानव का सही मार्गदर्शन भी करती है। जो मनुष्य सच्चे मन से श्रीराम कथा का श्रवण कर लेता है, उसका लोक ही नहीं परलोक भी सुधर जाता है। मनुष्य जीवन बहुत दुर्लभ है और बहुत सत्कर्मों के बाद ही मनुष्य का जीवन मिलता है। उक्त विचार शहर के रुकमणी गार्डन में चित्रांश समाज और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा सीहोर के तत्वाधान में आरंभ हुई सात दिवसीय श्रीराम कथा के पहले दिन संत उद्धावदास महाराज ने कहे। कथा के पहले दिन शुगर फैक्ट्री स्थित त्यागी बाबा आश्रम से कलश यात्रा निकाली गई जो प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल पर पहुंची और उसके पश्चात यहां पर विधि-विधान से कथा का आरंभ किया गया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। कथा के पहले दिन श्रीराम कथा के बारे में विस्तार से बताया इस मौके पर संत श्री उद्धवदास महाराज ने कहा कि मानव जीवन हमें हमारे पुण्य से मिला है, मनुष्य को इसका सदुपयोग करना चाहिए और राम नाम का जप करते हुए अपने लोक व परलोक को सुधारना चाहिए। कलियुग में मनुष्य का सबसे बड़ा सहारा राम नाम ही है। प्रवचन के दौरान महाराज ने कहा कि हमें अपने दाम्पत्य जीवन में गंभीर होना चाहिए। पति-पत्नी, भाई- बहन, भाई-भाई का प्रेम, पिता-पुत्र, सास-बहु सभी को अपनी मर्यादा में रहना चाहिए। रामायण हमें मर्यादा सिखाती है। इस अवसर पर चित्रांश समाज और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सक्सेना, शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने सात दिवसीय श्रीराम कथा में आकर सभी श्रद्धालुओं से कथा का श्रवण करने की अपील की है। कथा रात्रि आठ बजे से आरंभ होती है।

गर्मी में मां नर्मदा भी तरस रही पानी को, जिधर नजर जाए दिख रहे टापू, श्रद्धालु पैदल ही कर रहे पार

0

 सीहोर  / मध्यप्रदेश की नर्मदा नदी भीषण गर्मी और संरक्षण की अनदेखी के चलते जल संकट से जूझ रही है। जलस्तर में भारी गिरावट से जलीय जीवों, मछुआरों और तटीय गांवों की आजीविका प्रभावित हो रही है। श्रद्धालु नदी को पैदल पार कर रहे हैं। विशेषज्ञों ने इसे गंभीर संकट बताया है।

भीषण गर्मी के बीच मध्य प्रदेश की जीवनदायिनी नर्मदा नदी भी जल संकट से जूझ रही है। अभी मई का महीना लगभग आधा ही बीता है। गर्मी खत्म होने में समय है, लेकिन नदी का जलस्तर इतना नीचे चला गया है कि इसका अस्तित्व खतरे में नजर आ रहा है। कभी विशाल जलराशि से भरी रहने वाली मां नर्मदा में अब टापू ही टापू उभर आए हैं, और लोग बीचों-बीच स्नान करते हुए नदी को आसानी से पग-पग पार कर रहे हैं।

यह अविश्वसनीय लग सकता है, लेकिन नर्मदा नदी में पानी इतना कम हो गया है कि श्रद्धालु अब इसे पैदल ही पार कर रहे हैं। नदी के बीच में मुश्किल से 6 से 10 फीट पानी ही बचा है। नीलकंठ, सीलकंठ, मंडी, सातदेव, टिगाली, छिदगांव कांछी, बाबरी, डिमावर और छीपानेर जैसे गांवों में यह नज़ारा आम हो गया है। नदी का पाट, जो कभी दूर-दूर तक फैला हुआ था, वह सिकुड़ गया है। श्रद्धालुओं को स्नान करने के लिए अब नदी के मध्य तक जाना पड़ रहा है।

उत्खनन एवं संरक्षण की अनदेखी है वजह
यह स्थिति न केवल नदी के परिस्थिति की तंत्र के लिए खतरनाक है, बल्कि इस पर निर्भर हजारों लोगों की अजीविका पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। नर्मदा नदी के लगातार गिरते जल स्तर के कारण तटीय गांव के लोगों को भी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मानें तो नर्मदा नदी में हो रहे लगातार उत्खनन एवं संरक्षण की अनदेखी के कारण साल दर साल नर्मदा के जलस्तर में तेजी के साथ कमी आती जा रही है। बरसात के दिनों में जल स्तर तेजी के साथ बढ़ता है लेकिन उतना ही कम हो जाता है। जलस्तर घटने के कारण आसपास लगे शहरों में भी जल संकट के हालात निर्मित हो गए हैं। भैरुंदा शहर की ही बात करें तो यहां पर रहने वाला जलस्तर 250 से 300 फीट गहराई तक पहुंच चुका है।

जलीय जीवों पर मंडराता खतरा
नर्मदा नदी में जलस्तर की इस भयावह कमी का सबसे बुरा असर यहां के जलीय जीव-जंतुओं पर पड़ रहा है। मछलियां और अन्य जलीय प्राणी कम पानी और ऑक्सीजन की कमी के कारण अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह संकट मछुआरों के लिए भी एक बड़ा झटका है, जिनका धंधा नदी के स्वस्थ परिस्थिति की तंत्र पर ही टिका हुआ है। मछुआरों व नाविकों के लिए नर्मदा में पानी की कमी एक बड़ी मुसीबत बनकर आई है। उन्होंने बताया कि अब उन्हें छोटी नावों का सहारा लेना पड़ रहा है, जो अक्सर पानी कम होने और टापुओं के कारण बीच में ही फंस जाती है। नावों का सुचारू रूप से संचालन भी मुश्किल हो गया है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है। तट पर रहने वाले इन परिवारों की रोजी-रोटी का प्रमुख साधन मां नर्मदा में चलने वाली नाव है। गर्मी के दिनों में जलस्तर कम होने से बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी अब इनका उपयोग कम कर रहे हैं।

नदी का जलस्तर गिरना चिंता का विषय
नर्मदा सेवा समिति नीलकंठ के गुरु दयाल यादव, राजेश लखेरा की मानें तो नर्मदा नदी में जलस्तर की यह स्थिति चिंताजनक गिरावट एक गंभीर संकट का संकेत है। यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया और उचित कदम नहीं उठाए गए, तो न केवल नर्मदा का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा, बल्कि इस पर आश्रित लाखों लोगों का जीवन भी प्रभावित होगा। यह समय है कि हम सब मिलकर इस जीवनदायिनी नदी को बचाने के लिए ठोस प्रयास करना होगा। नर्मदा सेवा समिति लगातार अपने प्रयास में जुटी हुई है।

 पन्ना टाइगर रिजर्व में पिछले एक सप्ताह में तेंदुए और भालू की मौत, अज्ञात बीमारी की आशंका

0

छतरपुर / पन्ना टाइगर रिजर्व में एक सप्ताह में दो वन्य प्राणियों की मौत के मामले सामने आए। पन्ना बफर की झिन्ना बीट में गुरुवार को मादा तेंदुए की मौत का मामला सामने आया। वहीं शुक्रवार को गंगऊ में भालू की मौत हो गई। दोनों वन्य प्राणियों की मौत की वजह बीमारी बताई जा रही है।

परिक्षेत्र पन्ना बफर की झिन्न्ना बीट के कक्ष क्रमांक पी-282-283 की सीमा पर वनमार्ग में वन अमले को चार माह की मादा तेंदुआ के मृत होने की सूचना ग्रामीणों से प्राप्त हुई। सूचना पाकर परिक्षेत्र अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की सर्चिग कराई। क्षेत्रीय वनमडल सतना के दल द्वारा भी मौके की सर्चिग की गई। क्षेत्र संचालक एवं अन्य अमले की उपस्थिति में शुक्रवार को वन्यप्राणी चिकित्सक चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता और अजयगढ़ के पशु चिकित्सक डॉ. मोती लाल प्रजापति द्वारा मादा तेंदुए शावक का शव परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद अंतिम संस्कार किया गया। चिकित्सकों ने तेंदुए के मृत्यु की वजह बीमारी से होना बताया है। वहीं मादा तेंदुए की मौत का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि पन्ना टाइगर रिजर्व के गंगऊ भालू की मौत का मामला सामने आ गया।

बता दें कि लगातार दो वन्य प्राणियों की मौत से टाइगर रिजर्व प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। वहीं फील्ड डायरेक्टर पन्ना टाइगर रिजर्व अंजना सुचिता तुर्की ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों ही वन्यजीवों के सैम्पल कलेक्ट करके शोध संस्थान केंद्र भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट होगा हालांकि दोनों की मौत बीमारी की वजह से होना प्रतीत हो रहा है।

पीएम मोदी 31 मई को आएंगे एमपी, भोपाल में देवी अहिल्या के जन्मोत्सव के कार्यक्रम में करेंगे सहभागिता

0

भोपाल / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को समत्व भवन में लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती पर भोपाल के जम्बूरी में आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। भोपाल में 31 मई को महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन पर केंद्रित  महिला सम्मेलन में का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। 

प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल के जम्बूरी मैदान में आयोजित होने वाले महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन पर केंद्रित विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह आयोजन लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती को समर्पित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को समत्व भवन में हुई बैठक में इसकी जानकारी दी और तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सम्मेलन प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है, जिसमें लगभग एक लाख महिलाएं भाग लेंगी। सम्मेलन का आयोजन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय का भी सहयोग रहेगा। इस कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था महिलाएं ही संभालेंगी। इस उच्चस्तरीय बैठक में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

डाक टिकट और स्मृति सिक्के का होगा विमोचन
कार्यक्रम के दौरान लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर को समर्पित डाक टिकट और स्मृति सिक्के का विमोचन भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन ही राज्य शासन का मिशन है और इस सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों को व्यापक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

सम्मेलन की कमान महिलाएं संभालेंगी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस ऐतिहासिक सम्मेलन की संपूर्ण व्यवस्थाओं की कमान महिलाओं को सौंपी जाए। मंच संचालन, भीड़ प्रबंधन, यातायात, मीडिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं सहित हर स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का एक प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

स्व-सहायता समूहों और योजनाओं की प्रदर्शनी
सम्मेलन में स्व-सहायता समूहों के नवाचार, महिलाओं द्वारा संचालित स्टार्टअप, उद्योग-रोजगार, सेफ सिटी प्रोजेक्ट, और महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से महिलाओं के हित में संचालित कार्यक्रमों को प्रदर्शित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन में शामिल होने वाली महिलाओं के आगमन-प्रस्थान, पेयजल, खान-पान और बैठने की व्यवस्था व्यवस्थित और सुविधाजनक हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में सतत रूप से कार्य कर रही है और यह आयोजन उस संकल्प को और बल देगा।

एमपी में आंधी-बारिश, बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत:अशोकनगर में पेड़ गिरने से गई एक की जान; 30 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

0

मध्यप्रदेश में रविवार को भी कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी है। विदिशा जिले के सिरोंज और राजगढ़ जिले के ब्यावरा में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। राजगढ़ जिले के जीरापुर,खिलचीपुर और नरसिंहगढ़ भी तेज पानी गिरा।

झाबुआ में आकाशीय बिजली गिरने से 2 मछुआरों की मौत हो गई। जबकि 2 मछुआरे घायल हैं। घटना खवासा चोरी के ढोलखरा गांव की है। ये सभी बारिश से बचने के लिए तालाब के किनारे बनी झोपड़ी में बैठे थे। सभी मछुआरे खरगोन जिले के रहने वाले हैं। जो ढोलखरा के तालाब में मछली पालन के ठेके पर काम कर रहे थे। शाजापुर के खाता खेड़ी गांव में भी कुंवरजी राम भील (55) नाम के शख्स की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।

इधर, अशोकनगर के अथाईखेड़ा स्थित पुरा आवाद में बारिश और आंधी के दौरान एक पुराना इमली का पेड़ गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। राजगढ़ के जीरापुर के ब्राह्मणखेड़ा गांव में आंधी-तूफान से दो घरों के टिनशेड (चद्दर) उड़ गए। जिससे एक भैंस का पैर टूट गया। साथ ही मकान की छत में दरारें आ गई।

मौसम विभाग का 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश के सिंगरौली, भोपाल, बैतूल, उज्जैन और आगर में तेज आंधी चल सकती है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

वहीं, पांढुर्णा, डिंडौरी, बड़वानी, धार, बुरहानपुर, खरगोन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर में भी बारिश होने की संभावना है। विदिशा, मुरैना, गुना, अशोकनगर, सागर, रीवा, मऊगंज, सीधी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, शिवपुरी और अनूपपुर में भी मौसम बदल सकता है।

ग्वालियर, गुना और खजुराहो में तापमान 43 डिग्री के पार

दूसरी ओर प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का असर भी दिखाई दे रहा है। अगले 4 दिन यानी, 21 मई तक दिन में लू चलने का अलर्ट है।

ग्वालियर, गुना, खजुराहो, सीधी, शिवपुरी और टीकमगढ़ में पारा 43 डिग्री या इससे अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, खजुराहो में 43.8 डिग्री, ग्वालियर-गुना में 43.7 डिग्री, सीधी में 43.4 डिग्री, शिवपुरी-टीकमगढ़ में पारा 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सतना, रीवा, दमोह, उमरिया, सागर, रायसेन, रतलाम, खंडवा में पारा 40 डिग्री से अधिक रहा।

बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में 37.4 डिग्री, भोपाल में 39.1 डिग्री, उज्जैन में 39 डिग्री और जबलपुर में 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसलिए हो रहा ऐसा मौसम सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम इन दिनों एक्टिव है। इनका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। इस कारण आंधी और बारिश हो रही है। अब गर्मी का असर भी देखने को मिल रहा है। अगले चार दिन तक आंधी, बारिश के साथ लू का भी अलर्ट है।

एमपी में कितना तापमान, ग्राफिक्स से जानिए…

मई में बारिश-आंधी का दौर, दूसरे पखवाड़े में गर्मी रहेगी

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मई के महीने में ही सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। पिछले 10 साल का ट्रेंड देखें तो कई शहरों में पारा 47-48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। दिन में हीट वेव चलती हे तो रातें भी गर्म रहती हैं। लेकिन इस बार मौसम का मिजाज अलग रहा। पहले पखवाड़े में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने का दौर जारी रहा। अगले चार दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम विभाग ने दूसरे पखवाड़े से गर्मी का असर बढ़ने का अनुमान जताया है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी रहेगी

मौसम विभाग की मानें तो मई महीने में ग्वालियर, छतरपुर, नरसिंहपुर, निवाड़ी, मैहर, टीकमगढ़, भिंड, दतिया, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, मुरैना, राजगढ़, रायसेन, शाजापुर, श्योपुरकलां, शिवपुरी और विदिशा जिलों में पारा 45 डिग्री या इससे ज्यादा रहने का अनुमान है। इनमें ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ मालवा-निमाड़ के कुछ शहरों में भी तेज गर्मी रहेगी। छतरपुर के खजुराहो और नौगांव, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

भोपाल में पारा 44 से 45 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है जबकि इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी पारा इतना रह सकता है। बड़े शहरों में ग्वालियर में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। यहां पारा 46-47 डिग्री के बीच पहुंचने का अनुमान है।

अब जानिए, 10 साल में कितना पारा…

भोपाल में गर्मी-बारिश का ट्रेंड

राजधानी में मई में मौसम के ट्रेंड की बात करें तो पिछले 10 साल में तेज गर्मी और बारिश दोनों का ही दौर रहा है। 2016 में पारा 46.7 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो ओवरऑल रिकॉर्ड है। इस महीने बारिश भी होती है। 2014 से 2023 तक हर साल बारिश हुई है। वर्ष 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।

पिछले साल 26 मई को पारा 45.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। यह 10 साल में छठवां 45 डिग्री से अधिक तापमान रहा। इस साल बारिश भी हुई थी।

इंदौर में 3 इंच गिर चुका पानी

मई के महीने में इंदौर में भी पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 31 मई 1994 को इतना तापमान दर्ज किया गया था। इस महीने यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। इसके चलते बादल छाए रहते हैं तो बौछारें भी गिरती हैं। 2023 में पूरे महीने 3 इंच बारिश हुई थी। वर्ष 2014 से 2023 के बीच 9 साल बारिश हो चुकी है। साल 2024 में भी तेज गर्मी रही थी। अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, बारिश का दौर भी चला था।

ग्वालियर में सबसे ज्यादा गर्मी

ग्वालियर में मई की गर्मी का ट्रेंड बाकी शहरों से अलग रहता है। यहां ज्यादा गर्मी पड़ती है। बीते 10 साल में यहां एक बार 47 डिग्री और 3 बार पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को 48.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। 17 मई 1953 में 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी यानी डेढ़ इंच से अधिक बारिश हुई थी। 2023 में भी ढाई इंच पानी गिरा था। पिछले साल की बात करें तो पारा 47.6 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि, बारिश नहीं हुई थी। इस बार भीषण गर्मी रहने के आसार है।

जबलपुर में तेज गर्मी का ट्रेंड

जबलपुर की बात करें, तो यहां मई में पारा 46.7 डिग्री तक पहुंच चुका है। 25 मई 1954 को इतना टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया था। पिछले 10 साल में 3 बार टेम्प्रेचर 45 डिग्री से अधिक रहा। मई में बारिश का ट्रेंड भी रहता है। 2014 से 2023 में हर साल बारिश हुई है।

वर्ष 2021 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। पिछले साल 2 इंच पानी गिरा था। साल 2024 में भी तेज गर्मी, आंधी-बारिश वाला मौसम रहा था। दिन का पारा 44.5 डिग्री पहुंच गया था। वहीं, बारिश भी हुई थी।

उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड

उज्जैन में भी मई महीने में गर्मी और बारिश का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को रिकॉर्ड 46 डिग्री तापमान पहुंचा था। वहीं, 2015 से 2024 के बीच 3 बार पारा 45 डिग्री के पार रह चुका। साल 2015, 2016 और 2024 में इतनी गर्मी पड़ी थी। उज्जैन में पिछले साल भी तापमान 45 डिग्री रहा था।

भोपाल में लव जिहाद के आरोपों के बीच हंगामा:विहिप का थाने के बाहर प्रदर्शन, महिला की देर रात तक चली काउंसलिंग; रेप का केस दर्ज

0

भोपाल / के मिसरोद थाना क्षेत्र में एक महिला से रेप का मामला सामने आया है। पीड़िता रविवार को मिसरोद थाने पहुंची थी, जहां देर रात तक उसकी काउंसलिंग चलती रही। मेडिकल जांच भी कराई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप की FIR दर्ज कर ली है।

तलाकशुदा महिला से दोस्ती, शारीरिक शोषण

पीड़िता 37 साल की है और मिसरोद की एक कॉलोनी में अपने बच्चों के साथ रहती है। सात साल पहले उसका तलाक हो चुका है। उसकी 14 साल की बेटी और 16 साल का बेटा है। वह एक दुकान में काम करती है और बच्चों की परवरिश कर रही है।

इसी दौरान उसकी पहचान एक 40 साल के तलाकशुदा युवक से हुई, जो लेदर बैग बेचने का काम करता है। उसका नाम आशु खान है और वह मूल रूप से हरदा जिले का रहने वाला है। कुछ समय बाद आशु का महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया और फिर दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

पुलिस कर रही बेटी की भी काउंसलिंग

महिला ने जब थाने में शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस ने उसका मेडिकल कराया और पूरी रात उसकी काउंसलिंग की। साथ ही पुलिस ने उसकी 14 साल की बेटी की भी मेडिकल जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बच्ची की भी काउंसलिंग की जाएगी ताकि यह साफ हो सके कि मां की गैर मौजूदगी में उसके साथ कोई गलत हरकत तो नहीं हुई है।

विश्व हिंदू परिषद ने किया विरोध प्रदर्शन

दूसरी ओर, रविवार रात को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मिसरोद थाने के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि समुदाय विशेष के युवक ने महिला को प्रेमजाल में फंसाकर शोषण किया।

पुलिस ने सभी पक्षों की बात सुनने के बाद मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

श्री नाथ वेयरहाउस में मसूर में मिली मिलावट

0

सिरोंज / के पथरिया स्थित श्री नाथ वेयरहाउस में मसूर में बड़े पैमाने पर मिलावट का मामला सामने आया है। रविवार को विदिशा से डीएमओ कल्याण सिंह ठाकुर, एडीए महेंद्र सिंह ठाकुर, डीडीए के.एस. खपेड़िया और डिप्टी कमिशनर सहकारिता सहित अन्य अधिकारियों की टीम जांच के लिए पहुंची।

टीम ने 8 स्टैक की क्रॉस चेकिंग की। स्टॉक नंबर 32-33 से लिए गए सैंपल में मिट्टी और कचरा निर्धारित मात्रा से अधिक पाया गया। इस अनियमितता के चलते वेयरहाउस को सील कर दिया गया है।

एक स्टाक में 3200 से 3300 बोरा मसूर का स्टॉक रहता है l इस तरह करीब 6500 बोरा मिलावटी मसूर सिरोंज के सरकारी खरीद केंद्र श्री नाथ वेयरहाउस में रखी हुई हैl

दरअसल, 16 मई को एसडीएम हर्षल चौधरी को मसूर खरीद में गड़बड़ी की सूचना मिली। जांच में एसडीएम, एसएडीओ वीरेंद्र मालवीय और जिला विपणन संघ के अधिकारियों को वेयरहाउस में दो बड़े ढेर में करीब 200 क्विंटल खराब क्वालिटी की मसूर मिली। इसमें भारी मात्रा में रेत और मिट्टी मिलाई गई थी।

विदिशा में देवर से परेशान महिला ने खाया जहर

0

विदिशा / कलावती बघेल(36) का इलाज जारी है।
विदिशा के सुगना खेड़ी में एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। 36 वर्षीय कलावती बघेल को तुरंत जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, देवर अशोक बघेल ने सुबह पानी भरने के दौरान कलावती पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। करीब 15 दिन पहले भी वो इसी तरह ट्रैक्टर से हमला कर चुका है। पीड़िता के पति राकेश बघेल ने बताया कि अशोक संपत्ति और रास्ते के विवाद को लेकर पूरे परिवार को परेशान कर रहा है। उसने घर के बाहर लगे फल-सब्जियों के पेड़-पौधे भी नष्ट कर दिए हैं।
राकेश ने बताया कि पुलिस में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। सिविल लाइन पुलिस ने कहा कि महिला के बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

शिव कथा में गो सेवा और माता-पिता की सेवा का दिया संदेश

0

अरहमदपुर / रविवार को भाटनी स्थित नागदेव स्थान पर चल रही संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा के छठे दिन कथा वाचक पंडित लक्ष्मी नारायण शास्त्री ने भगवान शिव के कई प्रसंग सुनाए। उन्होंने श्री गणेश का विवाह रिद्धि और सिद्धि के साथ संपन्न कराया। कथा में उन्होंने भक्तों को गौ माता की सेवा करने और वृद्ध माता-पिता की सेवा करने का संदेश दिया। कहा, यही सच्चा धर्म है। इसी से उद्धार संभव है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने भक्ति भाव से कथा सुनी और धर्म लाभ लिया। शाम को भगवान भोलेनाथ की आरती हुई। आरती में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

फौजियों से साइबर संबंधी सहायता के लिए की अपील

0

गंजबासौदा / पुलिस अधीक्षक रोहित कशवानी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चैबे एवं एसडीओपी बासौदा मनोज मिश्रा के मार्गदर्शन तथा शासन द्वारा संचालित सिविल डिफेंस वॉलिंटियर योजना के तहत, थाना बासौदा देहात परिसर में थाना प्रभारी आशुतोष सिंह द्वारा क्षेत्र के सेवानिवृत्त फौजी अधिकारियों व कर्मचारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पूर्व सैनिकों से सिविल डिफेंस वॉलिंटियर फॉर्म भरवाए गए तथा साइबर सुरक्षा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए देश सेवा में पुनरू सक्रिय भागीदारी के लिए आग्रह किया गया, जिसे सभी पूर्व सैनिकों ने सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी तत्परता व्यक्त की।
बैठक के दौरान फौजियों को साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से साइबर अपराध संबंधी सहायता व जागरूकता प्रदान करने, नशे के विरुद्ध सामाजिक जागरूकता फैलाने तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करने हेतु विशेष रूप से आग्रह किया गया। इस अनुरोध को पूर्व सैनिकों ने सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए समाज में नियमों के पालन हेतु यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
वहीं, इस दौरान थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने उपस्थित पूर्व सैनिकों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर भी दिए और उन्हें वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था से अवगत कराया। इस बैठक में प्रमुख रूप से रिटायर्ड फौजी महेश शर्मा, कैप्टन मुस्ताक खान एवं उनके अन्य साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों का समान कर उन्हें भावपूर्ण आभार प्रकट किया गया तथा भविष्य में किसी भी आवश्यकता की स्थिति में सहयोग हेतु अपील की गई।