सीहोर / शाजापुर जिले के अरनियाकलां गांव की एक स्कूल बस को बारात ले जाते समय पुलिस ने जब्त कर लिया। यह बस इछावर के खैरी गांव से बारात लेकर श्यामपुर जा रही थी। सैकड़ा खेड़ी जोड़ पर पुलिस ने बस को रोका। जांच में पता चला कि यह स्कूल बस है और इसमें 80 से ज्यादा बाराती सवार हैं। जबकि बस की क्षमता सिर्फ 52 यात्रियों की थी।
यातायात प्रभारी बृजमोहन धाकड़ ने बताया कि जांच में सामने आया कि स्कूल बस का उपयोग निजी काम में किया जा रहा था। बस में बच्चे, बुजुर्ग
और महिलाएं सवार थीं। सभी को एक-एक कर बस से उतारा गया। इसके बाद बाराती दूसरी बस की व्यवस्था करते नजर आए। पुलिस ने बस को जब्त कर थाने भेज दिया। भोपाल में हुई घटना के बाद शासन के निर्देश पर शहर में वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन पहले भी फंदा टोल पर 40 वाहनों पर 75 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था।
2 सीटर स्कूल बस में 80 बाराती, जब्त, दूसरा साधन तलाशते रहे लोग
ग्वालियर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश:एमपी के 21 जिलों में अलर्ट जारी; अगले चार दिन ऐसा ही बना रहेगा मौसम
मध्यप्रदेश / में शनिवार को दोपहर बाद कुछ जिलों में बारिश हुई। सिंगरौली और विदिशा के सिरोंज में आंधी भी चली। बैतूल में भी करीब आधे घंटे तक पानी गिरा। छतरपुर में भी करीब 10 मिनट तक बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटे में बैतूल और छिंदवाड़ा में ओले गिर सकते हैं। इस दौरान तेज आंधी भी चलेगी। इसी तरह छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मुरैना, गुना, दतिया, ग्वालियर, बड़वानी, शहडोल, अनूपपुर, सीधी, सिंगरौली, छतरपुर, पन्ना, सतना, विदिशा, जबलपुर, दमोह और सागर में आकाशीय बिजली के साथ हल्की आंधी चलने की संभावना है।
अगले 4 दिन यानी 20 मई तक ऐसा ही मौसम रहेगा। कहीं आंधी-बारिश होगी तो कई जिलों में लू चलने का भी अलर्ट है। रीवा, मऊगंज और उमरिया में रातें गर्म रहेंगी।
चार सिस्टम की एक्टिविटी
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, प्रदेश में 3 साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक टर्फ की एक्टिविटी है। इस वजह से बारिश और आंधी चल रही है। बारिश के साथ गर्मी का असर भी देखने को मिलेगा। इसके लिए अलर्ट जारी किया है।
ग्वालियर, खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म
आंधी-बारिश के बीच मध्यप्रदेश में शुक्रवार को गर्मी के तेवर भी देखने को मिलें। एक बार फिर दिन का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। छतरपुर जिला सबसे गर्म रहा। यहां के खजुराहो में पारा सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री पहुंच गया। ग्वालियर और नौगांव में भी 45 डिग्री दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार तापमान इतना पहुंचा। इसी तरह सतना में 44.1 डिग्री, गुना, शिवपुरी-टीकमगढ़ में 44 डिग्री, रीवा में 43.6 डिग्री, सीधी में 42.4 डिग्री, दमोह में 41.5 डिग्री, उमरिया में 40.5 डिग्री, सागर में 40.2 डिग्री और रायसेन में 40 डिग्री रहा।
पांच बड़े शहरों में ग्वालियर के बाद जबलपुर सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 40.3 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 38.4 डिग्री, इंदौर में 36.9 डिग्री और उज्जैन में 39 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को डिंडौरी, सिवनी, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, मंडला, अनूपपुर, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्णा, बैतूल, धार, खरगोन समेत कई जिलों में मौसम बदला रहा। यहां आंधी और बादल वाला मौसम देखने को मिला। भोपाल में दिन में तेज धूप खिली रही। इससे पहले बादल छाए थे।
मई में बारिश-आंधी का दौर, दूसरे पखवाड़े में गर्मी रहेगी मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मई के महीने में ही सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। पिछले 10 साल का ट्रेंड देखें तो कई शहरों में पारा 47-48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। दिन में हीट वेव चलती हे तो रातें भी गर्म रहती हैं। लेकिन इस बार मौसम का मिजाज अलग रहा। पहले पखवाड़े में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने का दौर जारी रहा। अगले चार दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम विभाग ने दूसरे पखवाड़े से गर्मी का असर बढ़ने का अनुमान जताया है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी रहेगी
मौसम विभाग की मानें तो मई महीने में ग्वालियर, छतरपुर, नरसिंहपुर, निवाड़ी, मैहर, टीकमगढ़, भिंड, दतिया, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, मुरैना, राजगढ़, रायसेन, शाजापुर, श्योपुरकलां, शिवपुरी और विदिशा जिलों में पारा 45 डिग्री या इससे ज्यादा रहने का अनुमान है। इनमें ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ मालवा-निमाड़ के कुछ शहरों में भी तेज गर्मी रहेगी। छतरपुर के खजुराहो और नौगांव, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
भोपाल में पारा 44 से 45 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है जबकि इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी पारा इतना रह सकता है। बड़े शहरों में ग्वालियर में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। यहां पारा 46-47 डिग्री के बीच पहुंचने का अनुमान है।
अबकी बार ऐसा रहा अप्रैल का महीना
अप्रैल के पहले, दूसरे और तीसरे सप्ताह में तेज गर्मी और बारिश का दौर बना रहा। पहले सप्ताह में सभी संभागों में सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा 21-24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं, दिन में पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान इंदौर, सागर और नर्मदापुरम संभागों में सामान्य से ज्यादा 39 से 44 डिग्री तक पहुंच गया। उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर समेत बाकी संभागों में यह 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पहले सप्ताह रतलाम में लू चल चुकी है। वहीं, बाकी शहरों में गर्म हवाओं से गर्मी बढ़ी रही।
दूसरे सप्ताह में पूरे प्रदेश में तेज आंधी, बारिश, ओले और गरज-चमक की स्थिति बनी रही। प्रदेश के 80 प्रतिशत हिस्से में बारिश हुई। दूसरी ओर, कुछ जिलों में गर्मी का असर भी रहा।
तीसरे सप्ताह में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के जोर पकड़ने के साथ इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, नर्मदापुरम संभागों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। वहीं, पूरे प्रदेश में दिन में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस या इससे ज्यादा रहा। कई जिलों में लू भी चली।
वहीं, आखिरी सप्ताह में प्रदेश में ओले, बारिश का दौर शुरू हो गया। 25 अप्रैल के बाद से ऐसा मौसम रहा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस, टर्फ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के एक्टिव होने से ऐसा हुआ।
अब जानिए, 10 साल में कितना पारा…
भोपाल में गर्मी-बारिश का ट्रेंड
राजधानी में मई में मौसम के ट्रेंड की बात करें तो पिछले 10 साल में तेज गर्मी और बारिश दोनों का ही दौर रहा है। 2016 में पारा 46.7 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो ओवरऑल रिकॉर्ड है। इस महीने बारिश भी होती है। 2014 से 2023 तक हर साल बारिश हुई है। वर्ष 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
पिछले साल 26 मई को पारा 45.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। यह 10 साल में छठवां 45 डिग्री से अधिक तापमान रहा। इस साल बारिश भी हुई थी।
इंदौर में 3 इंच गिर चुका पानी
मई के महीने में इंदौर में भी पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 31 मई 1994 को इतना तापमान दर्ज किया गया था। इस महीने यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। इसके चलते बादल छाए रहते हैं तो बौछारें भी गिरती हैं। 2023 में पूरे महीने 3 इंच बारिश हुई थी। वर्ष 2014 से 2023 के बीच 9 साल बारिश हो चुकी है। साल 2024 में भी तेज गर्मी रही थी। अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, बारिश का दौर भी चला था।
ग्वालियर में सबसे ज्यादा गर्मी
ग्वालियर में मई की गर्मी का ट्रेंड बाकी शहरों से अलग रहता है। यहां ज्यादा गर्मी पड़ती है। बीते 10 साल में यहां एक बार 47 डिग्री और 3 बार पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को 48.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। 17 मई 1953 में 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी यानी डेढ़ इंच से अधिक बारिश हुई थी। 2023 में भी ढाई इंच पानी गिरा था। पिछले साल की बात करें तो पारा 47.6 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि, बारिश नहीं हुई थी। इस बार भीषण गर्मी रहने के आसार है।
जबलपुर में तेज गर्मी का ट्रेंड
जबलपुर की बात करें, तो यहां मई में पारा 46.7 डिग्री तक पहुंच चुका है। 25 मई 1954 को इतना टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया था। पिछले 10 साल में 3 बार टेम्प्रेचर 45 डिग्री से अधिक रहा। मई में बारिश का ट्रेंड भी रहता है। 2014 से 2023 में हर साल बारिश हुई है।
वर्ष 2021 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। पिछले साल 2 इंच पानी गिरा था। साल 2024 में भी तेज गर्मी, आंधी-बारिश वाला मौसम रहा था। दिन का पारा 44.5 डिग्री पहुंच गया था। वहीं, बारिश भी हुई थी।
उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड
उज्जैन में भी मई महीने में गर्मी और बारिश का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को रिकॉर्ड 46 डिग्री तापमान पहुंचा था। वहीं, 2015 से 2024 के बीच 3 बार पारा 45 डिग्री के पार रह चुका। साल 2015, 2016 और 2024 में इतनी गर्मी पड़ी थी। उज्जैन में पिछले साल भी तापमान 45 डिग्री रहा था।
भोपाल में डेंगू के केस दोगुने, चिकनगुनिया 8 गुना बढ़ा:दवाओं के आदि हो चुके मच्छर, लक्षण दिखें तो तुरंत एलाइजा टेस्ट कराएं, 5 अस्पतालों में मुफ्त
भोपाल / में इस बार बारिश से पहले ही डेंगू और चिकनगुनिया जैसे मच्छर जनित रोगों का खतरा तेजी से बढ़ गया है। मई में ही डेंगू के केस 44 पार कर गए हैं, जबकि चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या 8 गुना बढ़कर 56 पहुंच चुकी है। बीते साल मई तक ये आंकड़ा महज 7 था।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि रोग रोकथाम की जिम्मेदारी संभालने वाला मलेरिया विभाग इस बार पूरी तरह नाकाम नजर आ रहा है। न तो कोई जागरूकता कैंप आयोजित किया गया, न ही एक भी कार्यशाला हुई है। विभाग के पास स्टाफ की भारी कमी है, छिड़काव और फॉगिंग भी सिर्फ दिखावे तक सीमित है।
विशेषज्ञों ने चेताया है कि बुखार, बदन दर्द या उल्टी जैसे लक्षण नजर आएं तो बिना देर किए एलाइजा टेस्ट कराएं, जो शहर के चुनिंदा अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध है।
8 गुना अधिक हैं चिकनगुनिया केस
साल 2024 में मई माह तक चिकनगुनिया के 7 केस सामने आए थे। जबकि इस साल यह आंकड़ा 56 पहुंच गया है। इसी तरह डेंगू की बात करें तो बीते साल मई तक 28 तो इस साल 44 से अधिक सामने आ चुके हैं। यह आंकड़े चिंताजनक हैं। इसकी वजह भी है। दरअसल, जब बीते साल मानसून से पहले तक चिकन गुनिया के सिर्फ 9 केस थे तो यह सीजन में बढ़कर 300 के पार पहुंच गए और पूरे साल में कुल 340 केस दर्ज हुए। वहीं, डेंगू के साथ भी यही स्थिति बनी, बीते साल डेंगू के कुल 697 केस दर्ज हुए।
बुखार आए तो कराएं एलाइजा टेस्ट
जेपी अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि यदि लगातार बुखार आ रहा है। मांसपेशियों और आंखों के पीछे दर्द हो रहा है तो उन्हें डेंगू की जांच कराना चाहिए। भोपाल में जय प्रकाश अस्पताल, हमीदिया, बीएमएचआरसी, एम्स अस्पताल में मुफ्त एलाइजा टेस्ट की सुविधा है। मरीजों को ध्यान रखना चाहिए कि एलाइजा टेस्ट से ही डेंगू कंफर्म माना जाता है। कार्ड टेस्ट या रैपिड टेस्ट के गलत रिपोर्ट दिखाने की संभावना काफी अधिक होती है।
रोकथाम के लिए नहीं पर्याप्त स्टाफ
डेंगू की रोकथाम के लिए जिम्मेदार मलेरिया विभाग के लगभग आधे पद खाली पड़े हैं। यही कारण की हर साल सबसे ज्यादा डेंगू के मामलों में प्रदेश में भोपाल का नाम शामिल रहता है। राजधानी में वर्तमान में 25 लाख की आबादी है। वहीं इस पूरी आबादी को डेंगू व अन्य मच्छरों से होने वाली बीमारी से बचाने के लिए मलेरिया विभाग के पास सौ से भी कम कर्मचारी मौजूद हैं।
यह अमला भी करीब 35 साल पहले स्वीकृत हुआ था। जब शहर की आबादी कुल 4 लाख थी। उसमें से भी 60 फीसदी पद खाली हैं। जिसमें निरीक्षक के लगभग सारे पद खाली हैं। वहीं फील्ड स्टाफ के 40 पद खाली पड़े हैं। अब स्थिति यह है कि फील्ड पर तैनात हुए कर्मचारी अधिकारियों की जगह नौकरी कर रहे हैं।
दवा के आदि हो चुके हैं मच्छर
विशेषज्ञों का कहना है कि छिड़काव और फॉगिंग के दवा के सही इस्तेमाल का तरीका कोई नहीं जानता। दवा और पानी के मिश्रण को सही अनुपात में होना जरूरी है। कर्मचारी कभी ज्यादा तो कभी दवा मिला देते हैं। इस तरह के उपयोग से दवा का असर कम होता है और मच्छर दवा के आदि हो जाते हैं। कई बार शिकायत मिलती है कि जहां दवा का छिड़काव किया जाता है, थोड़ी देर बाद वहां मच्छर बैठ जाते हैं।
डेंगू दिवस पर निकाली रैली
इस साल जागरूकता कार्यक्रम में अब तक सिर्फ राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर रैली का आयोजन किया गया। जिसमें स्वास्थ्य संस्थाओं सहित शैक्षणिक संस्थाओं, रहवासी क्षेत्रों, शासकीय व निजी संस्थानों में जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस दौरान बताया गया, बारिश के मौसम में साफ पानी के इकट्ठा होने के कारण डेंगू का लार्वा पनपने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इस साल की थीम देखें, साफ करें, ढकें व डेंगू को हराने के उपाय करें रखी गई है।
21 जोन में 44 टीमें कर रहीं काम
सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी का कहना है कि साल 2025 में मई माह तक जल भराव वाले स्थान चिह्नित कर लगभग 14 हजार गंबुसिया मछली डाली गईं हैं। 1 लाख 83 हजार 522 कंटेनरों का सर्वे कर 3 हजार 581 में लार्वा नष्ट किया गया। विभाग लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। 21 जोन में 44 टीमें काम कर रहीं हैं।
सीबीआई कोर्ट ने 10 दोषियों को सुनाई 3 साल की कैद
व्यापमं पीएमटी घोटाला: सीबीआई कोर्ट ने 10 दोषियों को सुनाई 3 साल की कैद, 16 हजार जुर्माना भी लगाया
भोपाल/ भोपाल की विशेष सीबीआई अदालत ने व्यापमं पीएमटी घोटाले से जुड़े एक अहम मामले में शुक्रवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए 10 आरोपियों को दोषी करार दिया है। वर्ष 2009 की गांधी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा में फर्जीवाड़े के जरिए दाखिला दिलाने के आरोप में अदालत ने सभी दोषियों को तीन-तीन साल की कठोर कैद और कुल 16,000 रुपए का जुर्माना देने की सजा सुनाई है।
भोपाल की विशेष सीबीआई अदालत ने शुक्रवार को बहुचर्चित व्यापमं पीएमटी (मेडिकल प्रवेश परीक्षा) घोटाले में बड़ा फैसला सुनाते हुए 10 दोषियों को तीन-तीन साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है। साथ ही अदालत ने इन सभी दोषियों पर कुल 16,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया है। यह मामला गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल में वर्ष 2009 की एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा से जुड़ा है, जिसमें फर्जी अभ्यर्थियों और सॉल्वरों की मदद से एडमिशन दिलाने का षड्यंत्र रचा गया था।
इनमें चार उम्मीदवार विकास सिंह, कपिल पारटे, दिलीप चौहान, प्रवीण कुमार थे, जिन्होंने मेडिकल प्रवेश के लिए सॉल्वर के माध्यम से परीक्षा दी थी। पांच सॉल्वर नागेन्द्र कुमार, दिनेश शर्मा, संजीव पांडे, राकेश शर्मा, दीपक ठाकुर ऐसे थे, जिन्होंने असली परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दी, जबकि एक बिचौलिया सत्येन्द्र सिंह इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
विशेष सीबीआई न्यायाधीश (व्यापमं प्रकरण) की अदालत ने सभी आरोपियों को आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468, 471 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया। अदालत ने टिप्पणी की कि शिक्षा और चिकित्सा जैसे गंभीर क्षेत्र में इस तरह की धोखाधड़ी समाज के लिए खतरनाक है और इसे किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस मामले की जांच पहले एसटीएफ के पास थी, जिसे बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपा गया था।
चिलम के धुएं में उड़ता इंदौर: खुलेआम गांजा पीते कैमरे में कैद हुई युवतियां, Video वायरल
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। इसमें लड़कियां भी पीछे नहीं है, शहर से एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ युवतियां गांजा पीते नजर आ रही हैं। वीडियो सुपर कॉरिडोर ओवरब्रिज का बताया जा रहा है। जहां देर रात युवतियां चिलम से गांजा पीते नजर आ रही हैं।
स्वैग से लड़कियां फूंक रही गांजा
चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो में एक युवक चिलम जलाते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि युवतियां धुएं के छल्ले बना रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, ये युवतियां घर के लोगों के सोते ही देर रात गंजेडियों के साथ यहां पहुंचती हैं और खुलेआम नशा करती हैं। सुपर कॉरिडोर जैसी जगह पर इस तरह नशे का सेवन सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
नशे की लत पर कब लगेगा लगाम ?
अब सवाल यह है कि क्या पुलिस और प्रशासन इन युवतियों और इनके साथियों पर कोई कार्रवाई करेगा? इंदौर में युवाओं में बढ़ते नशे की लत पर लगाम लगाने के दावों के बावजूद ये घटनाएं उजागर हो रही हैं
भाजपा नेता की गुंडागर्दी: जिला महामंत्री ने दुकानदार को पीटा, मारपीट की घटना CCTV में कैद
मंडला। मध्य प्रदेश में चाहे मामला बयान का हो, या फिर मारपीट का। हर मामले में भाजपा के मंत्री और नेता विपक्ष के निशाने पर आ रहे हैं। ऐसा ही कुछ मामला मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत घुटास ग्राम का सामने आया हैं। जहां भाजपा के बड़े नेता एक दुकानदार से गुंडागर्दी और मारपीट करते सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। दुकानदार ने इसकी शिकायत बिछिया थाना पहुंचकर की हैं और प्रमाण के रूप में दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए हैं।
घटना सीसीटीवी में कैद
दुकानदार की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि भाजपा नेता उमेश ठाकुर बड़े जोश के साथ बरमुडा और बनियान पहने हुए तेजी से दुकान के भीतर प्रवेश किए। इस दौरान उनका एक सहयोगी भी साथ में था। उमेश ठाकुर दुकानदार को दुकान से घसीट कर बाहर निकालते हैं और मारपीट करते हैं।
बीजेपी सत्ता के नशे मे चूर-कांग्रेस
हालांकि कुछ लोग इस दौरान बीच बचाव करने पहुंचते हैं, लेकिन बावजूद इसके भाजपा नेता और उसका सहयोगी दुकानदार से मारपीट करते दिखा। यह सारा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वहीं इस मामले पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश तिवारी का कहना है कि बीजेपी सत्ता के नशे मे चूर हो चुकी हैं। मारपीट की घटना में निश्चित रूप से मामला दर्ज होना चाहिए।
शिवसेना ने नपा के खिलाफ निकाली आक्रोश रैली
विदिशा / शिवसेना यूबीटी गुट के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर के मुख्य मार्गों से नगरपालिका के खिलाफ एक आक्रोश रैली निकाली। इसमें नपा में व्याप्त भ्रष्टाचार का विरोध किया गया। शिवसेना नेताओं का कहना था कि शहर की जनता को पानी, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली की सुविधा भी ठीक से नहीं मिल पा रही है। रैली में शामिल कार्यकर्ता अपने हाथों में पार्टी का झंडा थामे हुए चल रहे थे। नपा में चल रही भर्राशाही का विरोध कर रहे थे।
खरीफ में बढ़ेगा मक्का, उड़द व मूंग का रकबा, धान व सोयाबीन की कम होगी
विदिशा / खरीफ की बोवनी को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। खाद व बीज उपलब्ध करा दिए गए हैं। साथ ही और मांग की गई है। बोवनी के वक्त किसान परेशान न हों। इसलिए अभी से खाद व बीज भंडारित कर लें। किसान सभी प्रकार की फसल लगाएं। ताकि विशेष परिस्थिति में किसी एक फसल में कीट व रोग सहित अन्य व्याधि की स्थिति बहुत अधिक नुकसान न हो। धान व सोयाबीन के अलावा मक्का, ज्वार, मूंग, उड़द व अरहर की भी बोवनी की जाए।
केएस खपेड़िया, उप संचालक कृषि विभाग
उर्वरक जरूरत – उपलब्ध
यूरिया 40000 18500
डीएपी 25000 3850 एसएसपी 10000 3850
कॉप्लेक्स 15000 4550 एमओपी 200 50
(खाद मीट्रिक टन में है।)
फसल पिछले वर्ष संभावित बोवनी
सोयाबीन 382250 380000
धान 102528 90500
मक्का 21931 28500
उड़द 7526 14000
ज्वार 3882 4000
मूंग 437 2000
अरहर 152 300
कुल 520706 521800
(रकबा हेक्टेयर में है।)
. खरीफ की बोवनी को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। कृषि विभाग खाद और बीज के बंदोबस्त में जुट गया है। बोवनी के ऐन वक्त पर किसानों को समस्या न हो। इसके लिए अग्रिम उठाव के लिए भी खाद व बीज का भंडारण किया गया है। विभाग की ओर से लगाए गए अनुमान के मुताबिक अब की बार 5.21 लाख हेक्टेयर रकबा में अलग-अलग फसलों की बोवनी संभावित है। कृषि विभाग की ओर से संभावनाओं पर आधारित तैयार रिपोर्ट के मुताबिक अब की बार मक्का, मूंग, उड़द, ज्वार व अरहर जैसी कम सिंचाई वाली फसलों के रकबा में इजाफा होगा। जबकि धान और सोयाबीन की बोवनी में कमी आएगी। इसके बावजूद जिले में सोयाबीन व धान की बोवनी का रकबा बाकी दूसरी फसलों की तुलना में काफी अधिक रहने वाला है। पिछले वर्ष की तुलना में अब की बार सोयाबीन के रकबा में 2250 हेक्टेयर और धान के रकबा में 12028 हेक्टेयर की कमी संभावित है। संभावना है कि किसान सोयाबीन व धान के बजाए किसान मक्का, उड़द व मूंग जैसी फसलों की बोवनी करेंगे। इसके पीछे सिंचाई की सुविधा का अभाव माना जा रहा है।
मक्का की अधिक बोवनी संभावित
अब की बार लटेरी, सिरोंज व कुरवाई क्षेत्र में मक्का की अधिक बोवनी संभावित है। पिछले वर्ष बेहतर उत्पादन मिलने से किसान मक्का की बोवनी को लेकर अधिक उत्साहित हैं। यही वजह है कि इस बार मक्का की बोवनी के रकबा में अधिक बढ़ोतरी संभावित है।
बीज का भी बंदोबस्त
विभागीय अधिकारियों की माने तो निजी विक्रेताओं के जरिए बीज का भी बंदोबस्त कर लिया गया है। धान के 21720 क्विंटल बीज की जरूरत पड़ेगी। इनमें 16200 क्विंटल बीज उपलब्ध हो चुका है। इसी प्रकार मक्का की 6840 क्विंटल संभावित मांग के बीच 3800 क्विंटल बीज उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है। ज्वार की मांग 560 क्विंटल और उपलब्धता 350 क्विंटल है। सोयाबीन के 108000 क्विंटल बीज की जरूरत होगी।
बीएससी-बीकाॅम की जरूरत, व्यवस्थाएं भी, फिर भी पाठ्यक्रम की मंजूरी नहीं
विदिशा / गुलाबगंज से विदिशा व गंजबासौदा जाते हैं छात्र
शासकीय कॉलेज गुलाबगंज में भी बीएससी व बीकॉम पाठ्यक्रम को लेकर काफी प्रयास किया गया। आश्वासन मिलने के बाद आवेदन तो ले लिया गया, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिल सकी है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजीव जैन बताते हैं कि वर्तमान में गुलाबगंज व आस-पास से छात्र-छात्राएं बीएससी व बीकॉम की पढ़ाई करने के लिए 20 किलोमीटर दूर गंजबासौदा या फिर 28 किलोमीटर दूर विदिशा तक जाती हैं। यहां ये दोनों पाठ्यक्रम शुरू हो जाएं तो पहले ही सत्र में कम से कम 100 छात्र-छात्राएं बढ़ जाएंगी। अभिभावक भी बीएससी व बीकॉम की पढ़ाई शुरू कराने की मांग कर रहे हैं।
लटेरी काॅलेज को भी मिली मायूसी
शासकीय कॉलेज लटेरी में पीजीडीसीए व बीएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम की शुरुआत के लिए प्रयास किया जा रहा है। लेकिन, अभी तक बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से अनुमति नहीं मिली है। कॉलेज प्राचार्य शैलेंद्र सिंह राजपूत की माने तो यदि दोनों पाठ्यक्रम की शुरुआत होती तो कम से कम 100 छात्र-छात्राओं का प्रवेश होता। अब तक केवल आश्वासन मिला है। प्राचार्यों का कहना है कि अभिभावकों को नए पाठ्यक्रम की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार था। खासतौर पर अभिभावक बेटियों को दूर भेजने से झिझकते हैं। कई को मजबूरन में बीए की पढ़ाई करनी पड़ती है।
शासकीय कॉलेज शमशाबाद के अलावा नटेरन व गुलाबगंज में बीएससी व बीकॉम पाठ्यक्रम शुरू करने की जरूरत है। वहां छात्र-छात्राओं के बैठने सहित अन्य व्यवस्थाएं भी हैं। लेकिन, इस बार भी पाठ्यक्रमों की शुरुआत संभव नहीं है। सारी कवायद केवल आश्वासन व आवेदन तक सीमित होकर रह गई हैं। नए शैक्षणिक सत्र में गत वर्षों की भांति इस बार भी बीएससी व बीकॉम की पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राओं को 20 से लेकर 50 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ेगी। पढ़ाई के लिए को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़े।
इसलिए नए सत्र से कॉलेजों में ये दोनों पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री व स्थानीय सांसद शिवराज सिंह चैहान की ओर से यह आश्वासन मिलने के बाद छात्र-छात्राओं में इन पाठ्यक्रमों के शुरुआत की उमीद जगी थी। आश्वासन मिलने पर कॉलेजों की ओर से आवेदन भी किए गए, लेकिन नतीजा सिफर रहा। नए पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति नहीं मिली है। अब इस सत्र में उमीद भी नहीं है।
शमशाबाद से विदिशा जाने को मजबूर छात्र और छात्राएं
शासकीय कॉलेज शमशाबाद में केवल बीए पाठ्यक्रम संचालित है। बीएससी व बीकॉम के लिए काफी प्रयास के बाद भी अनुमति नहीं मिली। मजबूरन शमशाबाद व आसपास के छात्र-छात्राओं को 50 किलोमीटर दूर विदिशा, 48 किलोमीटर दूर सिरोंज या फिर 35 किलोमीटर दूर लटेरी कॉलेज में प्रवेश लेना पड़ता है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि यहां बीएससी व बीकॉम पाठ्यक्रम शुरू हो जाए तो छात्र-छात्राओं की संया में कम से कम ढाई सौ की बढ़ोतरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान है। जरूरत केवल अनुमति व फैकल्टी की है।
नटेरन से विदिशा या सिरोंज जाने की मजबूरी
शासकीय कॉलेज नटेरन में बीएससी व बीकॉम की पढ़ाई नहीं होने से छात्र-छात्राओं को मजबूरन 35 किलोमीटर दूर विदिशा में या फिर 55 किलोमीटर दूर सिरोंज में प्रवेश लेना पड़ता है। प्राचार्य डॉ. बी. सिंह के मुताबिक इन दोनों पाठ्यक्रमों की अनुमति मिल जाए तो कॉलेज में विद्यार्थियों की संया तीन गुना हो जाएगी। अभी बीए में 350 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज में पाठ्यक्रम शुरू करने को लेकर बैठक व्यवस्था के साथ अन्य सुविधाएं बनाना संभव है।
पाकिस्तानी सेना के पक्ष में पाकिस्तान के यूजर की पोस्ट शेयर करने पर शिक्षिका निलंबित
आष्टा । सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सेना के पक्ष में एक पाकिस्तानी यूजर पोस्ट शेयर करने वाली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेहतवाड़ा की शिक्षिका शहनाज परवीन को जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने निलंबित कर दिया है।
शिक्षिका शहनाज परवीन द्वारा सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सेना के पक्ष में पोस्ट कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता का उल्लंघन किया गया है। जिसे कदाचरण मानते हुए उन्हें निलंबित किया गया है।
बीते दिवस पाकिस्तान के समर्थन में एक वीडियो शेयर करना सीहोर की जावर निवासी शिक्षिका को महंगा पड़ गया अब वीडियो शेयर करने वाली शिक्षिका को जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने निलंबित कर दिया










