सीहोर / कोतवाली के नजदीकी क्षेत्र भोपाल नाके पर रात को चोरों ने जयश्री डेयरी एंड बेकरी को निशाना बनाया है। पीड़ित के मुताबिक चोर पांच हजार रुपए नगदी और करीब 8 से 10 हजार रुपए का सामान ले गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मौका मुआयना कर लिया है, लेकिन शहर के बीच मैन रोड पर शटर का ताला तोडकर चोरी की वारदात होना, कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल है। यह भी बताया जा रहा है कि भोपाल नाके पर फौजी होटल के पास जिस दुकान में चोरी हुई है, उससे कुछ ही दूरी पर सीसीटीवी कैमरा लगे हैं, लेकिन अभी पुलिस के चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। शहर में अपराण निरंतर बढ़ रहे हैं। पुलिस को कोई कंट्रोल नहीं है, रात को कोलीपुरा क्षेत्र में भी बीच सडक पर विवाद हुआ है, बताया जा रहा है कि इस विवाद में तलवारें चली हैं, जिसमें दो लोग घायल भी हुए हैं।
शहर के भोपाल नाके पर इंग्लिशपुरा रोड स्थित जयश्री डेयरी एण्ड बेकरी की दुकान है। दुकान संचालक नरेन्द्र वर्मा रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। रात को चोरों ने शटर का कुंदा तोडकर शटर खोल लिया और अंदर घुस गए। इस दौरान उन्होंने कुछ सामान और गल्ले से पांच हजार रुपए की नगदी चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह जब दुकानदार रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि दुकान का ताला टूट पड़ा है। जैसे ही उन्होंने दुकान का ताला हटाया, अंदर का नजारा देख चैंक गए। गल्ला खाली था और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने तत्काल चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन बताया जा रहा है कि अभी कोई अहम सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। शहर के बीच मैन रोड पर चोरी से पुलिस के गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस गश्त करती रही और कोतवाली थाने के पास ही चोरी हो गई।
कोतवाली के नजदीक बेकरी से नकदी व सामान ले गए चोर
शनिवार को भी रजिस्ट्री दफ्तर खुलेंगे…कर्मचारी विरोध में
भोपाल / अब पूरे प्रदेश में शनिवार को भी रजिस्ट्री दफ्तर खोले जाएंगे। इसके आदेश महानिरीक्षक पंजीयन अमित तोमर ने 16 मई को जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, रीवा, सागर और नर्मदापुरम जिलों में मई के हर शनिवार को दफ्तर खुलेंगे। हर शनिवार एक-एक पंजीयन अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाएगी। आदेश में वजह यह बताई गई कि फसल के बाद जमीन की खरीदी-बिक्री बढ़ती है।
आदेश वापस नहीं तो सामूहिक अवकाश पर जाएंगे रू संघ
मप्र पंजीयन विभाग अधिकारी-कर्मचारी संघ ने इस आदेश का विरोध शुरू घ्कर दिया है। संघ ने बताया कि मार्च 2025 में शुरू हुआ संपदा 2.0 पोर्टल लगातार तकनीकी दिक्कतें दे रहा है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर जाएंगे।
टेक्सटाइल एक्सपोरू मुयमंत्री बोले- इंदौर मेट्रोपॉलिटन एरिया के विकास का संकल्प राज्य सरकार करेगी साकार
भोपाल / प्रदेश में टेक्सटाइल क्षेत्र में नया इतिहास लिखा जाएगा। इंदौर इसका प्रमुख केंद्र होगा। इंदौर, उज्जैन, देवास, मक्सी आदि क्षेत्रों को मिलाकर इंदौर मेट्रोपॉलिटन एरिया विकसित किया जाएगा। प्रदेश के दो बड़े महानगरीय क्षेत्रों में से एक इंदौर क्षेत्र के समग्र विकास का संकल्प राज्य सरकार साकार करेगी। इंदौर स्वच्छता, स्वाद और सुशासन की नगरी है। यह बात मुयमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार रात होटल मैरियट में टेक्सटाइल एक्सपो के दौरान कही। उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश देश के मध्य में होने, श्रमिकों, सहयोगी नागरिकों, सडक और अन्य आवागमन सुविधाओं, प्रशासनिक प्रक्रियाओं की सरलता के कारण औद्योगिक निवेश के लिए सर्वाधिक अनुकूल राज्य है।
गुजरात हमारे लिए आदर्श है। मध्यप्रदेश भी गुजरात की तर्ज पर उद्योगों के विकास का कार्य कर रहा है। बेंगलूरु में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड द्वारा रायसेन जिले में मेट्रो और रेल कोच निर्माण इकाई की स्थापना के लिए की गई पहल पर 60.063 हेक्टेयर भूमि आवंटन का निर्णय बिना विलंब के लिया गया। यह प्रदेश की उद्योग संवर्धन और निवेश वृद्धि की पारदर्शी नीति का नवीनतम उदाहरण है। एक्सपो में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि राज्य न केवल पावर सरप्लस है बल्कि कुल विद्युत आपूर्ति में 30 प्रतिशत हरित ऊर्जा का योगदान है। मैटेक्सिल के चेयरमैन शालीन तोशनीवाल ने स्मृति चिह्न भेंट किए। 25 पौधे महाराष्ट्र में रोपण कर उन्हें जीवित रखने का संकल्प-पत्र भी सौंपा। एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर ए रवि कुमार ने मैटेक्सिल की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा पर विस्तृत जानकारी दी। पूर्व चेयरमैन संजीव सरन ने मैटेक्सिल की भूमिका और भारत टेक्स के आयोजनों की जानकारी दी।
तिरंगा यात्रा भी निकली
तिरंगा यात्रा में भी सीएम शामिल हुए। २०० से ज्यादा मंचों से स्वागत किया गया। सीएम ने कहा, पाकिस्तान के खिलाफ देश ने एकजुटता का परिचय दिया। उधर, मंच पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व विधायक मनोज पटेल के बीच नोकझोंक हुई। पटेल पर टिप्पणी करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि बीच-बीच में क्यों आ रहे हो। साइड में हट जाओ। पटेल बोले मैं तो पहले ही बीच में हूं। आप इधर-उधर हो रहे हो। इसके बाद विजयवर्गीय अपनी कुर्सी पर बैठ गए।
शादी सीजन का बहाना, 70 अवैध गार्डन पर कार्रवाई ठप
भोपाल / राजधानी में अवैध रूप से संचालित हो रहे मैरिज गार्डनों पर नगर निगम की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। सनराइज मैरिज गार्डन में गैस सिलेंडर विस्फोट की घटना के बाद शुरू हुई सीलिंग (ताला बंद) की कार्रवाई महज 40 गार्डनों तक सिमट कर रह गई है। बता दें कि शहर में 110 अवैध मैरिज गार्डन हैं। निगम के इस ढुलमुल रवैये से न केवल अवैध संचालकों को फायदा हो रहा है, बल्कि शासन को भी लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। आंकड़ों के अनुसार, शहर में 240 मैरिज गार्डन संचालित हैं, जिनमें से केवल 130 के पास ही वैध लाइसेंस हैं। निगम ने 70 अवैध गार्डनों पर कार्रवाई रोक दी है। चीफ सिटी प्लानर अनूप गोयल का तर्क है कि लाइसेंस निरीक्षण के कारण विवाह कार्यक्रमों में बाधा आ रही थी, इसलिए कार्रवाई शादी के मौसम के बाद तक स्थगित कर दी गई है। यह तर्क उस घटना के बाद आया है, जिसमें अवैध गार्डन में लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हुआ था।
शासन को लाखों का चूनारू इन 110 अवैध मैरिज गार्डनों में बीते एक साल के दौरान लगभग 872 वैध शादियां हुईं। इस अवैध कारोबार से संचालकों ने करोड़ों रुपए की कमाई की है। लाइसेंस नहीं होने के कारण ये संचालक विभिन्न प्रकार के करों के दायरे से भी बाहर रहे, जिससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व का सीधा नुकसान हुआ है। निगम की यह निष्क्रियता न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि राजस्व चोरी को भी बढ़ावा दे रही है।अवैध रूप से संचालित मैरिज गार्डनों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता है, जैसा कि सनराइज गार्डन की घटना से स्पष्ट है।
बेटे-बहू से परेशान मां ने फिनाइल पीकर की आत्महत्या की कोशिश
भोपाल / बच्चों को मां बाप ये सोच कर पालते हैं कि वह बड़े होकर उनकी बुढ़ापे की लाठी बनेंगे, लेकिन जब यही बच्चे उन्हें दर्द देने लगे तो मां बाप मौत का रास्ता चुन लेते हैं। बैरागढ़ में 70 साल की वृद्धा ने अपने बेटे से परेशान होकर फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। घटना के बाद वह अस्पताल में भर्ती है। 76 वर्षीय महेशचंद्र शर्मा और उनकी 70 वर्षीय पत्नी ऊषा शर्मा संतनगर सीपीआर में रहते हैं। महेशचंद्र कृषि विभाग और उनकी पत्नी जिला रोजगार कार्यालय से रिटायर हैं।
महेशचंद्र की बेटी ने बताया है कि भाई कपिल शर्मा और भाभी रेनू शर्मा उन्हें प्रताड़ना करते हैं। उन्हें किचन तक में नहीं जाने देती, जिसकी वजह से वह भूखे रहते हैं। शुक्रवार को सुबह 11 बजे भी किचन में जाने को लेकर उनकी बहू विवाद हुआ जिसके बाद पुलिस को भी बुलाना पड़ा। इसके बाद बुजुर्ग महिला ने फिनाइल पी लिया। बेटी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पैरालिसिस अटैक के कारण महेशचंद्र बीमार रहते हैं । बेटी रेखा शर्मा ने बताया है कि बिना बताए माता पिता की सपत्ति पर बेटे ने डेढ़ करोड़ का लोन ले लिया। अब लोन वाले घर पर वसूली के लिए आते है और पेंशन का पैसा भी उनके पास नहीं बचता है। दंपती ने बेटे से परेशान होकर उन्हें घर से निकलवाने के लिए कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन दिया गया था।
मामले संतनगर पुलिस का कहना है कि मामले जांच की जाएगी जांच के बाद कार्रवाई करेंगे। हालांकि किसी की वजह से कोई आत्महत्या करने की कोशिश करता है तो इसके लिए सजा का कोई प्रावधान नहीं है।
एमपी के 21 जिलों में बारिश, कल से लू चलेगी:बड़वानी में गिरा तेज पानी; इंदौर, उज्जैन में आंधी का अलर्ट
भोपाल / मध्यप्रदेश में शुक्रवार को भी आंधी-बारिश का अलर्ट है। बड़वानी में दोपहर डेढ़ बजे के बाद अचानक मौसम बदला और 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। इंदौर, उज्जैन समेत 21 जिलों में बारिश हो सकती है।
शुक्रवार को जिन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट है, उनमें इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, देवास, खरगोन, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, उमरिया, रीवा, मऊगंज शामिल हैं।
मौसम विभाग ने 17 मई से उत्तरी हिस्से के जिलों में हीट वेव यानी, गर्म हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
सिवनी में 9 घंटे में डेढ़ इंच से ज्यादा बारिश
गुरुवार को भी प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और गर्मी वाला मौसम रहा। सिवनी में 9 घंटे में डेढ़ इंच से ज्यादा पानी गिर गया। वहीं, इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। उज्जैन, टीकमगढ़, धार, मंडला में भी बारिश हुई। बैतूल, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, हरदा, अलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, बालाघाट, रायसेन, नर्मदापुरम और इंदौर जिलों में रात के समय मौसम बदला रहा।
इधर, गुरुवार को कई शहरों में गर्मी का असर देखने को मिला। खजुराहो में 43.4 डिग्री, नौगांव में 42.7 डिग्री, शिवपुरी-रीवा में 42 डिग्री, सतना में 41.6 डिग्री, गुना में 41.3 डिग्री, सीधी में 41.2 डिग्री और उमरिया में पारा 40 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में सबसे कम 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
पांच बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा। यहां पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 37.3 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री, उज्जैन में 37 डिग्री और जबलपुर में पारा 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसलिए ऐसा मौसम
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ की एक्टिविटी है। इस वजह से बारिश और आंधी चल रही है। अगले दो-तीन दिन में गर्मी का असर भी बढ़ेगा। उत्तरी हिस्से में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
मई में बारिश-आंधी का दौर, दूसरे पखवाड़े में गर्मी रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मई के महीने में ही सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। पिछले 10 साल का ट्रेंड देखें तो कई शहरों में पारा 47-48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। दिन में हीट वेव चलती हे तो रातें भी गर्म रहती हैं। लेकिन इस बार मौसम का मिजाज अलग रहा। पहले पखवाड़े में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने का दौर जारी रहा। अगले चार दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम विभाग ने दूसरे पखवाड़े से गर्मी का असर बढ़ने का अनुमान जताया है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी रहेगी
मौसम विभाग की मानें तो मई महीने में ग्वालियर, छतरपुर, नरसिंहपुर, निवाड़ी, मैहर, टीकमगढ़, भिंड, दतिया, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, मुरैना, राजगढ़, रायसेन, शाजापुर, श्योपुरकलां, शिवपुरी और विदिशा जिलों में पारा 45 डिग्री या इससे ज्यादा रहने का अनुमान है। इनमें ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ मालवा-निमाड़ के कुछ शहरों में भी तेज गर्मी रहेगी। छतरपुर के खजुराहो और नौगांव, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
भोपाल में पारा 44 से 45 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है जबकि इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी पारा इतना रह सकता है। बड़े शहरों में ग्वालियर में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। यहां पारा 46-47 डिग्री के बीच पहुंचने का अनुमान है।
अबकी बार ऐसा रहा अप्रैल का महीना अप्रैल के पहले, दूसरे और तीसरे सप्ताह में तेज गर्मी और बारिश का दौर बना रहा। पहले सप्ताह में सभी संभागों में सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा 21-24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं, दिन में पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान इंदौर, सागर और नर्मदापुरम संभागों में सामान्य से ज्यादा 39 से 44 डिग्री तक पहुंच गया। उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर समेत बाकी संभागों में यह 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पहले सप्ताह रतलाम में लू चल चुकी है। वहीं, बाकी शहरों में गर्म हवाओं से गर्मी बढ़ी रही।
दूसरे सप्ताह में पूरे प्रदेश में तेज आंधी, बारिश, ओले और गरज-चमक की स्थिति बनी रही। प्रदेश के 80 प्रतिशत हिस्से में बारिश हुई। दूसरी ओर, कुछ जिलों में गर्मी का असर भी रहा।
तीसरे सप्ताह में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के जोर पकड़ने के साथ इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, नर्मदापुरम संभागों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। वहीं, पूरे प्रदेश में दिन में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस या इससे ज्यादा रहा। कई जिलों में लू भी चली।
वहीं, आखिरी सप्ताह में प्रदेश में ओले, बारिश का दौर शुरू हो गया। 25 अप्रैल के बाद से ऐसा मौसम रहा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस, टर्फ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के एक्टिव होने से ऐसा हुआ।
भोपाल में गर्मी-बारिश का ट्रेंड
राजधानी में मई में मौसम के ट्रेंड की बात करें तो पिछले 10 साल में तेज गर्मी और बारिश दोनों का ही दौर रहा है। 2016 में पारा 46.7 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो ओवरऑल रिकॉर्ड है। इस महीने बारिश भी होती है। 2014 से 2023 तक हर साल बारिश हुई है। वर्ष 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
पिछले साल 26 मई को पारा 45.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। यह 10 साल में छठवां 45 डिग्री से अधिक तापमान रहा। इस साल बारिश भी हुई थी।
इंदौर में 3 इंच गिर चुका पानी
मई के महीने में इंदौर में भी पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 31 मई 1994 को इतना तापमान दर्ज किया गया था। इस महीने यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। इसके चलते बादल छाए रहते हैं तो बौछारें भी गिरती हैं। 2023 में पूरे महीने 3 इंच बारिश हुई थी। वर्ष 2014 से 2023 के बीच 9 साल बारिश हो चुकी है। साल 2024 में भी तेज गर्मी रही थी। अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, बारिश का दौर भी चला था।
ग्वालियर में सबसे ज्यादा गर्मी
ग्वालियर में मई की गर्मी का ट्रेंड बाकी शहरों से अलग रहता है। यहां ज्यादा गर्मी पड़ती है। बीते 10 साल में यहां एक बार 47 डिग्री और 3 बार पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को 48.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। 17 मई 1953 में 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी यानी डेढ़ इंच से अधिक बारिश हुई थी। 2023 में भी ढाई इंच पानी गिरा था। पिछले साल की बात करें तो पारा 47.6 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि, बारिश नहीं हुई थी। इस बार भीषण गर्मी रहने के आसार है।
जबलपुर में तेज गर्मी का ट्रेंड
जबलपुर की बात करें, तो यहां मई में पारा 46.7 डिग्री तक पहुंच चुका है। 25 मई 1954 को इतना टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया था। पिछले 10 साल में 3 बार टेम्प्रेचर 45 डिग्री से अधिक रहा। मई में बारिश का ट्रेंड भी रहता है। 2014 से 2023 में हर साल बारिश हुई है।
वर्ष 2021 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। पिछले साल 2 इंच पानी गिरा था। साल 2024 में भी तेज गर्मी, आंधी-बारिश वाला मौसम रहा था। दिन का पारा 44.5 डिग्री पहुंच गया था। वहीं, बारिश भी हुई थी।
उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड
उज्जैन में भी मई महीने में गर्मी और बारिश का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को रिकॉर्ड 46 डिग्री तापमान पहुंचा था। वहीं, 2015 से 2024 के बीच 3 बार पारा 45 डिग्री के पार रह चुका। साल 2015, 2016 और 2024 में इतनी गर्मी पड़ी थी। उज्जैन में पिछले साल भी तापमान 45 डिग्री रहा था।
भोपाल में बुर्का पहनकर आई महिला ने मारे हथौड़े:अशोका गार्डन इलाके में प्लॉट पर कब्जे का विवाद, डॉक्टर और परिवार पर किया हमला
भोपाल / राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर कब्जे की नीयत से हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नवाब कॉलोनी निवासी एक परिवार पर कुछ लोगों ने हथौड़े से हमला कर दिया। इस दौरान बुर्का पहने एक महिला भी हथौड़ा लेकर हमला करने वालों के साथ नजर आई।
हमले में परिवार के चार सदस्य घायल हुए हैं। घटना सेम अस्पताल के डायरेक्टर हफीज खान (उम्र 35 वर्ष) के प्लॉट की है। उन्होंने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 1:45 बजे उन्हें अपने घर के पीछे टीनशेड पर जोर-जोर से हथौड़े की आवाजें सुनाई दीं। जब उन्होंने पीछे का दरवाजा खोला, तो देखा कि कुछ लोग उनके प्लॉट पर बने टीन शेड को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे।
हफीज ने बताया कि जब उन्होंने विरोध किया और कहा कि यह उनका प्लॉट है, तो आरोपियों ने पलटकर कहा कि यह जमीन उनकी है। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान उनके पिता हफीज खान ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस पर आरोपी शेख अकरम ने उन पर हथौड़े से हमला कर दिया। हफीज जब बचाने दौड़े तो हथौड़ा उनके हाथ पर लग गया। थोड़ी देर में हफीज की मां नसीम बानो और पत्नी तैय्या खान भी मौके पर पहुंचीं।
रिपोर्ट में बताया गया कि हमलावरों में शामिल असमीना नामक महिला ने नसीम बानो को गालियां दीं और हाथ-मुक्कों से हमला किया। उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने भी हफीज, उनके पिता, मां और पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे सभी को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा, जहां से पुलिस ने उन्हें हमीदिया अस्पताल भिजवाया। मेडिकल परीक्षण के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बुर्का पहने महिला हाथ में हथौड़ा लिए दिखाई दे रही है।
Chandrayaan-5: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने चंद्रयान-5 की तैयारी शुरू की, पाकिस्तान-चीन और तुर्किए को लगेगा बड़ा झटका
Chandrayaan-5: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बीच भारत ने एक बड़ा फैसला लिया है। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो (ISRO) ने चंद्रयान-5 की तैयारी शुरू कर दी है। चंद्रयान-5 भारत की अंतरीक्ष में प्रभुत्व को स्थापित करेगा। साथ ही यह पाकिस्तान-चीन और तुर्किए को बड़ा झटका देगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने गुरुवार (15 मई, 2025) को घोषणा की कि उसने चंद्रयान-5/लूपेक्स (चंद्र ध्रुवीय अन्वेषण) मिशन के लिए जापानी अंतरिक्ष एजेंसी जेएएक्सए के साथ तीसरी आमने-सामने तकनीकी बैठक (TIM-3) आयोजित की है।
इसरो ने बताया कि 13 से 14 मई को इंडियन स्पेस एजेंसी, जेएएक्सए और जापान की मित्सुबिशी हेवी इंडस्ट्रीज (MHI) के अधिकारियों, परियोजना अधिकारियों और तकनीकी टीम के सदस्यों की बैठक हुई। इसरो ने बताया कि चंद्रयान-5/लूपेक्स मिशन भारत के चंद्र अन्वेषण अभियान में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा, जिसमें 2040 तक भारतीय गगनयात्रियों (अंतरिक्ष यात्रियों) के चंद्रमा पर उतरने की परिकल्पना की गई है।
MP में शुरू होगी नई व्यवस्था: भोपाल से होगी प्रदेशभर में बसों की निगरानी, बीमा-फिटनेस खत्म होते ही पहुंच जाएगा अलर्ट मैसेज
भोपाल। राजधानी भोपाल के बाणगंगा चौराहा हादसे से सबक लेते हुए परिवहन विभाग अब प्रदेश में नई व्यवस्था शुरू करने जा रहा है। अब बसों की निगरानी केंद्रीकृत सिस्टम से होगी। भोपाल स्थित परिवहन आयुक्त के कैंप ऑफिस में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जहां से पूरे प्रदेश की बसों की फिटनेस, परमिट, पीयूसी और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) की निगरानी होगी।
परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा ने बताया कि इसकी जिम्मेदारी एआरटीओ स्तर के अधिकारी को दी गई है। हर जिले से रजिस्टर्ड बसों की जानकारी मंगाई जा रही है। इसमें रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, पीयूसी की वैधता और वीएलटीडी की स्थिति शामिल है। सारा डेटा कंप्यूटर में फीड कर एक एनालिटिकल सॉफ्टवेयर से जोड़ा जाएगा। तीन चरणों में शुरू होने वाले इस प्रोजेक्ट के पहले चरण की मॉनिटरिंग इसी महीने के अंत तक शुरू हो जाएगी। परिवहन विभाग 57 हजार बसों की जानकारी बुलवा रहा है।
नोटिस से पहले अलर्ट
जैसे ही अलर्ट सिस्टम में कोई बस चिन्हित होगी, उसका डेटा संबंधित जिले के आरटीओ को भेजा जाएगा। वहां से बस मालिक को नोटिस भेजकर दस्तावेज समय रहते अपडेट कराने को कहा जाएगा। तय समय तक अपडेट नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।
म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के घर पर फायरिंग
बाइक सवारों ने मोहाली में 7 राउंड फायरिंग की, सिंगर सुनंदा से विवाद के बाद चर्चा में आए
मोहाली/पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा से विवाद के बाद चर्चा में आए म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के घर के बाहर फायरिंग हुई है। मोहाली सेक्टर-71 स्थित घर के बाहर छह से सात राउंड हवाई फायरिंग हुई। फायरिंग करने वाले लोग बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस की ओर से इलाके में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग से एक बाइक जाते हुए दिखी है। इसमें दो लोग सवार थे। बाइक पर यूपी नंबर की नंबर प्लेट थी। पता चला है कि एक सिक्योरिटी गार्ड से 1200 नंबर की लाइन भी पूछी गई थी। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे। खराब मौसम के समय आरोपी आए थे यह घटना रात करीब 10 बजे की है, जब आंधी चल रही थी और हल्की बारिश भी शुरू हो गई थी। उस दौरान दो युवक पहले पैदल गुजरे, फिर बाइक पर आए और फायरिंग कर दी। जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त पिंकी धालीवाल घर पर नहीं थे। सूचना मिलते ही मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस और उनकी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं। हालांकि आरोपियों ने खराब मौसम का पूरा फायदा उठाया।

इलाके में रहते हैं कई नामी लोग
जिस इलाके में यह घटना हुई है वह काफी प्राइम एरिया है। यहां कई नामी लोगों के घर हैं। यहां राजनीतिक लोग भी रहते हैं। इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है। हालांकि, यह साफ है कि आरोपी बचकर नहीं निकल पाएंगे, क्योंकि यहां के ज्यादातर घरों और सड़कों पर कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में उनकी पहचान करना संभव है।
सुनंदा की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
सिंगर सुनंदा शर्मा और पिंकी धालीवाल की मार्च महीने में एक कन्ट्रोवर्सी सामने आई थी। सुनंदा शर्मा की शिकायत पर मटौर थाने की पुलिस ने धोखाधड़ी की कोशिश और मानसिक रूप से परेशान करने के मामले में पिंकी धालीवाल पर पहले केस दर्ज किया गया था। फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई लोग सुनंदा के पक्ष में आ गए थे। दूसरी तरफ पिंकी धालीवाल को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली थी, उन्हें थाने से ही जमानत मिल गई थी। इस मामले के बाद सुनंदा ने एक वीडियो पोस्ट डालकर कर कहा- सबसे पहले मैं पंजाब के सीएम भगवंत मान, उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर और महिला आयोग लाली गिल का धन्यवाद करती हूं।

धन्यवाद इसलिए, क्योंकि मेरी तुरंत प्रभाव से सुनवाई की गई और आरोपी के खिलाफ बनती कार्रवाई की गई। मैं पूरी पंजाब इंडस्ट्री का धन्यवाद करना चाहता हूं, क्योंकि सभी ने मेरा बहुत साथ दिया। करीब दो सालों की मशक्कत के बाद मुझे सुकून मिला है। अब मैं एक फ्री बर्ड (इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट) हूं। भावुक होते हुए सुनंदा शर्मा ने कहा- पुरी दुनिया में बैठे मेरे समर्थकों का भी मैं धन्यवाद करती हूं कि आप मेरी ढाल बने और मुझे आगे बढ़ने का मौका दिया
– सुनंदा शर्मा










