Home Blog Page 607

आईपीएल 2025 के शेष मैचों का कार्यक्रम सोमवार को हो सकता है जारी, कोलकाता में नहीं खेला जाएगा फाइनल

0

आईपीएल संचालन परिषद के सदस्यों और बीसीसीआई के अधिकारियों ने आईपीएल को दोबारा शुरू करने पर रविवार को चर्चा की। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि बोर्ड उपयुक्त कार्यक्रम पर काम कर रहा है।

भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा होने के बाद आईपीएल 2025 के शेष मैचों का कार्यक्रम सोमवार को जारी किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि आईपीएल 2025 का शेष सत्र 16 या 17 मई से शुरू हो सकता है। दिलचस्प बात यह है कि इसका फाइनल मुकाबला कोलकाता के अलावा किसी अन्य शहर में कराया जा सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण आईपीएल 2025 को एक सप्ताह के लिए स्थगित किया गया था।

आईपीएल संचालन परिषद के साथ बीसीसीआई ने की चर्चा
आईपीएल संचालन परिषद के सदस्यों और बीसीसीआई के अधिकारियों ने आईपीएल को दोबारा शुरू करने पर रविवार को चर्चा की। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि बोर्ड उपयुक्त कार्यक्रम पर काम कर रहा है। शुक्ला ने कहा, फिलहाल आईपीएल पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। बीसीसीआई अधिकारी समाधान पर काम कर रहे हैं। बीसीसीआई सचिव, आईपीएल चेयरमैन फ्रेंचाइजी के साथ चर्चा कर रहे हैं, इसलिए जल्द ही सभी को फैसले के बारे में पता चल जाएगा। कोशिश की जा रही है कि टूर्नामेंट को जल्द ही दोबारा शुरू किया जाए।

खिलाड़ियों को वापस बुलाने कहा गया 
आईपीएल सूत्रों ने कहा कि कहा कि लीग की शुरुआत लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच मैच से होगी जिसे नौ मई को लखनऊ में खेला जाना था। सूत्रों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, सभी टीमों को अपने खिलाड़ियों को वापस बुलाने के लिए कहा गया है। टूर्नामेंट 16 या 17 मई से दोबारा शुरू हो सकता है। अंतिम कार्यक्रम सोमवार को जारी किया जाएगा।  इस बात की संभावना ज्यादा है कि मुकाबले चार स्थल पर कराए जाएंगे और दिल्ली और धर्मशाला मैचों की मेजबानी नहीं करेंगे। इन स्थलों से पहले से ही सारे उपकरण हटाए जा चुके हैं। 

 

अरेरा कॉलोनी-न्यू मार्केट में कल बिजली कटौती:भोपाल के 30 इलाकों में असर; समरधा, टीटी नगर-74 बंगलो में भी सप्लाई नहीं

0

भोपाल / के करीब 30 इलाकों में सोमवार को 1 से 6 घंटे तक बिजली कटौती होगी। इन इलाकों में बिजली कंपनी मेंटेनेंस करेगी। इसके चलते सप्लाई पर असर पड़ेगा।

जिन इलाकों में बिजली गुल रहेगी, उनमें अरेरा कॉलोनी, न्यू मार्केट, टीटी नगर, 74 बंगलो, समरधा जैसे कई पॉश इलाके भी शामिल हैं। ऐसे में नागरिकों को परेशानी से बचने के लिए अपने जरूरी काम पहले ही निपटाने की सलाह दी जा रही है।

इन इलाकों में पड़ेगा असर

सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक दीक्षा नगर, आशिमा रॉयल सिटी, लैंड मार्क, अमृत होम्स, गुलाबी नगर एवं आसपास।

सुबह 7.30 से 8.30 बजे तक 11 नंबर, ई-6, ई-7, अरेरा कॉलोनी एवं आसपास।

सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक 74 बंगलो, न्यू मार्केट एवं आसपास।

सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक सांची कॉम्पलेक्स, 6 नंबर बस स्टॉप, नूतन कॉलेज, अंकुर स्कूल, नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग, मचना कॉलोनी, सरिता कॉम्पलेक्स एवं आसपास के इलाके।

सुबह 10 से दोपहर 3.30 बजे तक पृथ्वी कॉर्ट यार्ड, लिबर्टी कॉलोनी, समरधा, चिनार कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्र।

सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक टीटी नगर, मॉडल स्कूल, सीटीओ एवं आसपास के इलाके।

‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी सेना के 35-40 जवान मारे गए’; अत्याधुनिक विमान भी गिराए गए

0

 नई दिल्ली / भारत पाकिस्तान के बीच जारी संघर्ष के चौथे दिन आज दोनों देशों के बीच सीजफायर की सहमति बनी। हालांकि चंद घंटे बाद पाकिस्तान ने फिर से हिमाकत की और सीमा पर कई जगहों से फायरिंग की खबरें आईं। भारतीय सशस्त्र बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। देर रात विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, पिछले कुछ घंटों से सीजफायर समझौते का पाकिस्तान की ओर से घोर उल्लंघन हो रहा है। भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और पाकिस्तान सीमा अतिक्रमण से निपट रही है।

एयर मार्शल एके भारती ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई ठिकानों पर हमले किए। उन्होंने भारत के सैन्य अभियानों के असर की विस्तृत वीडियो भी दिखाई। जिन ठिकानों पर हमले किए, उनके नाम पर एक नजर:

जैकोबाबाद एयरफील्ड में

पसरूर एयर डिफेंस रडार

चुनियन एयर डिफेंस रडार

आरिफवाला एयर डिफेंस रडार

सरगोधा एयरफील्ड

रहमियार खान एयरफील्ड

कलाला एयरफील्ड (नूर खान)

सुक्कुर एयरफील्ड

भोलारी एयरफील्ड

भारत ने पाकिस्तान के कई अत्याधुनिक विमानों को मार गिराया
डीजीएमओ ने बताया कि भारतीय सेना ने किसी भी पाकिस्तानी विमान को भारतीय सीमा में नहीं घुसने दिया, लेकिन इस समय इतना जरूर कह सकते हैं कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई अत्याधुनिक विमानों को मार गिराया।

भारत की गोलाबारी में पाकिस्तान की सेना के 35-40 जवान भी मारे गए
9 और 10 मई की रात को भी पाकिस्तान ने एयरफील्ड और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश की। थलसेना और वायुसेना की समेकित वायु रक्षा प्रणाली की वजह से हर हमले को नाकाम कर दिया गया। भारत की गोलाबारी में पाकिस्तान की सेना के 35-40 जवान मारे गए।

केवल आतंकवादियों को ही निशाना बनाने की रणनीति
डीजीएमओ राजीव घई ने बताया, सेना ने सीमा पार के आतंकी परिदृश्य को समझने के लिए बहुत मेहनत की। सुरक्षाबलों ने सूक्ष्मता से काम किया और आतंकी शिविरों और प्रशिक्षण स्थलों की पहचान की। कार्रवाई करने के लिए कई जगहें सामने आईं, लेकिन हमने गहन विचार-विमर्श किया, हमें एहसास हुआ कि इनमें से कुछ आतंकी केंद्र अब मौजूद नहीं हैं। हमने तय किया था कि हम केवल आतंकवादियों को ही निशाना बनाएंगे और आम नागरिकों के साथ-साथ दूसरे नुकसान को रोका जाएगा। खुफिया एजेंसियों ने नौ आतंकी शिविरों के बारे में पुष्टि की। इनमें से कुछ पाकिस्तानी कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में थे, जबकि कुछ अन्य पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में थे। मुरीदके लश्कर-ए-तैयबा का केंद्र है। पिछले कई वर्षों में यहां अजमल कसाब और डेविड हेडली जैसे कुख्यात लोगों को ट्रेनिंग मिली है।

नौ आतंकी शिविरों को हमले के लिए चुना गया, 100 से अधिक आतंकी ढेर
सेना के अधिकारयों ने तस्वीरों के साथ विस्तार से बताया कि स्ट्राइक से पहले के हालात कैसे थे और सेना की कार्रवाई के बाद का मंजर कैसा है। उन्होंने बताया कि भारत की जवाबी कार्रवाई के डर से कुछ आतंकी ठिकाने खाली हो गए। ऑपरेशन सिंदूर के लिए सोच-विचार कर नौ आतंकी शिविरों को हमले के लिए चुना गया। 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। कंधार विमान अपहरण में शामिल रऊफ अजहर जैसे हाई वैल्यू टारगेट यानी वांटेड आतंकी को भी खत्म कर दिया।

भारतीय सेना का स्पष्ट संदेश, शिव तांडव स्तोत्र के संगीत से दृढ़ मानसिकता दिखाई
तीनों सेनाओं के अधिकारी जब प्रेस ब्रीफिंग करने पहुंचे तो ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति चलाई गई। इसके माध्यम से भी भारतीय सेना ने स्पष्ट संदेश दिया। ऐसा इसलिए क्योंकि जिस बैकग्राउंड संगीत का इस्तेमाल किया गया वह- शिव तांडव स्तोत्र का है। एयरमार्शल एके भारती, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, वाइस एडमिरल एएन प्रमोद और मेजर जनरल एसएस शारदा ने भारतीय सेना की कार्रवाई पर जानकारी दी।

पहलगाम के बाद आया दमदार बयान देने का समय
डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा, आप सभी अब तक उस क्रूरता और नृशंस तरीके से परिचित हो चुके हैं, जिसमें 22 अप्रैल को पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई। पहलगाम के भयावह दृश्यों और परिवारों के दर्द को देखने के बाद निहत्थे नागरिकों पर हाल ही में हुए कई अन्य आतंकवादी हमलों की याद भी आई। सेना जानती थी कि एक राष्ट्र के रूप में हमारे संकल्प को दिखाने और एक दमदार बयान देने का समय आ गया है। ऑपरेशन सिंदूर की अवधारणा आतंक के अपराधियों और साजिश रचने वाले लोगों को दंडित करने और उनके आतंकी ढांचे को नष्ट करने के स्पष्ट सैन्य उद्देश्य के साथ की गई थी। भारत आतंक को नहीं सहने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

सुप्रीम कोर्ट के अगले चीफ जस्टिस ने कहा- जब देश खतरे में हो…
भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई ने पहलगाम आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, जब देश खतरे में हो तो सुप्रीम कोर्ट अलग नहीं रह सकता, हम भी इसी देश का हिस्सा हैं। जब हमने इस घटना के बारे में सुना तो हम स्तब्ध रह गए। न्यायमूर्ति गवई ने कहा, चीफ जस्टिस संजीव खन्ना उस समय देश में नहीं थे, इसलिए मैंने उनसे अनुमति लेकर पूरी अदालत की बैठक बुलाई। बैठक के बाद हमने तुरंत हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए सुप्रीम कोर्ट में दो मिनट का मौन रखने की घोषणा की।

शाम साढ़े छह बजे मीडिया ब्रीफिंग
भारत की थल सेना, नौसेना और वायुसेना के सैन्य महानिदेशक (डीजीएमओ) अब से थोड़ी ही देर बाद मीडिया ब्रीफिंग करेंगे।

जैसलमेर में सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय की मिसाइल
राजस्थान के जैसलमेर में एक खेत में गिरी एक मिसाइल को सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, इस मिसाइल को कल बरामद किया गया था।

ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ’: PM मोदी का पाकिस्तान को कड़ा संदेश, ‘वहां से गोली चलेगी तो यहां से गोला चलेगा

0
बीते दिन पीएम मोदी ने सीसीएस की बैठक की अध्यक्षता की थी।

नई दिल्ली/ पाकिस्तान की कायराना हरकत के बाद पीएम मोदी ने सेनाओं और सुरक्षाबलों को सख्त निर्देश दिया है कि ‘अगर वहां से गोली चलेगी तो यहां से गोला चलेगा’। इसके साथ प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका को भी यह संदेश दिया है कि भारत को किसी के मध्यस्थता की जरूरत नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी ने तीनों सेनाओं और सुरक्षा बलों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि ‘वहां से गोली चलेगी, यहां से गोला चलेगा’। यानी अब भारत रक्षात्मक नहीं रहेगा, बल्कि आक्रामक नीति अपनाएगा। सूत्रों ने यह भी कहा कि पाकिस्तान को यह समझना होगा कि अब पुराने तरीके से काम नहीं चलेगा। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से साफ कहा था कि अगर पाकिस्तान कुछ करता है तो जवाब और भी विनाशकारी और कड़ा होगा। उसी रात पाकिस्तान ने 26 ठिकानों पर हमला किया और भारत ने इस पर जोरदार जवाबी कार्रवाई की।

ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं- सरकार
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच सरकारी सूत्रों ने साफ कर दिया है कि ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है। यह कोई एक दिन की कार्रवाई नहीं थी, बल्कि अब इसे भारत-पाक रिश्तों का नया दौर कहा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह स्थिति अब स्थायी रूप से बनी रहेगी और दुनिया को इसे ‘न्यू नॉर्मल’ की तरह स्वीकार करना होगा।

सीमा पर क्या हो रहा है?
सूत्रों का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच कोई राजनयिक वार्ता फिलहाल नहीं हो रही है। सिर्फ दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों डायरेक्टर जनरल्स ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स (डीजीएमओ) के बीच संपर्क हुआ है ताकि सीमा पर स्थिति को संभाला जा सके। इसके साथ ही भारत का संदेश बिल्कुल साफ है- अब अगर पाकिस्तान गोली चलाएगा, तो भारत दोगुनी ताकत से जवाब देगा। और जब तक पीओके का मुद्दा हल नहीं होता, तब तक कोई भी बातचीत, मेल-मिलाप या समझौता संभव नहीं है।

 गोविंदा संग अपने रिश्ते पर सुनीता आहूजा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- ‘वो किसी पागल औरत के लिए

0

 डीआर न्यूज इंडिणया /बॉलीवुड एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने अब एक बार फिर तलाक की अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है। सुनीता ने अपने और गोविंदा के रिश्ते पर खुलकर बात की है। 

किसी पागल औरत के लिए वो कभी नहीं छोड़ेंगे क्योंकि हम एक दूसरे के बिना बिल्कुल नहीं रह सकते। मुझे पूरा यकीन है कि भगवान मेरे घर को टूटने नहीं देंगे।’ यह कहना है बॉलीवुड एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का, जिन्होंने तलाक की अफवाहों का अब सच बताया है। सुनीता ने डिवोर्स की खबरों पर अब खुद सामने आकर विराम लगा दिया है। 

तलाक की अफवाहों पर प्रतिक्रिया
जूम को दिए इंटरव्यू में सुनीता ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं के बारे में बताया। इस दौरान जब उनसे पिछले काफी समय से उड़ रहीं तलाक की अफवाहों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बेबाकी से अपनी बात रखी और साफ शब्दों में कहा कि उनके और गोविंदा के बीच ऐसा कुछ नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘अगर कभी ऐसा कुछ होता भी है, तो सबसे पहले मैं या गोविंदा खुद मीडिया को बताएंगे। मुझे समझ नहीं आता कि लोग बिना पुष्टि किए अफवाहों पर विश्वास क्यों कर लेते हैं।’

‘हम एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते’
आगे बात करते हुए सुनीता ने कहा, ‘मैं और गोविंदा एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते। गोविंदा कभी भी अपने परिवार को छोड़ने का फैसला नहीं कर सकते और न ही वो किसी ‘पागल औरत’ के लिए ऐसा करेंगे।’ उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस की अलग-अलग प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

सुनीता आहूजा ने दी चुनौती
सुनीता ने दो टूक कहा कि अफवाहों के पीछे भागने की बजाय लोगों को सीधे आकर सच्चाई पूछनी चाहिए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, ‘जिस किसी की हिम्मत है, वो मेरे सामने आकर पूछे। अफवाहों पर आंख मूंदकर भरोसा करना सही नहीं है। जब भी कुछ सच होगा, मैं खुद सामने आकर सबको बताऊंगी। लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि भगवान मेरे घर को टूटने नहीं देंगे।’
गोविंदा और सुनीता की प्रेम कहानी
गोविंदा और सुनीता की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात उस वक्त हुई थी जब गोविंदा कॉलेज में थे और सुनीता स्कूल में। सुनीता अपनी बहन के घर रहती थीं, जो गोविंदा के मामा की पत्नी थीं। शुरूआत में दोनों की आपस में नहीं बनती थी लेकिन वक्त के साथ यह रिश्ता प्यार में बदल गया। साल 1986 में दोनों ने शादी की, लेकिन इंडस्ट्री में गोविंदा की इमेज और करियर को देखते हुए इस शादी को कई सालों तक छुपाकर रखा गया।

 सुबह-सुबह भीगे हुए चने खाने से मिलते हैं ये 6 गजब के फायदे

0

डीआर न्यूज इंडिणया / हर दिन सुबह खाली पेट भीगे हुए चने खाना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद जरूरी पोषक तत्व शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ कई रोगों से सुरक्षा भी करता हैं।

सुबह-सुबह भीगे हुए चने खाने से शरीर को कई तरह के स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और विटामिन्स पाए जाते हैं, जो शरीर की कार्यक्षमता को बढ़ाते हैं। आइए जानते हैं कि नियमित रूप से भीगे हुए चने खाने से क्या-क्या फायदे होते हैं।

पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है

भीगे हुए चने में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करता है और पाचन को दुरुस्त रखता है।

शुगर कंट्रोल में मददगार

चने का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे यह ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखने में सहायक होता है। यह डायबिटिक मरीजों के लिए लाभकारी है।

वजन घटाने में सहायक

चने में प्रोटीन और फाइबर दोनों भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करते हैं और बार-बार भूख लगने से बचाते हैं।

इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है

भीगे चने में आयरन, फॉस्फोरस, मैग्नीशियम और अन्य पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाते हैं।

दिल को रखे स्वस्थ

चना कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा कम होता है और हृदय स्वस्थ बना रहता है।

त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद

चने में मौजूद प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को चमकदार बनाते हैं और बालों की जड़ों को मजबूत करते हैं।

भीगे हुए चने खाने का सही तरीका

रात में चनों को भिगो दें और सुबह खाली पेट खाएं।
चनों को अच्छी तरह से धो लें और साफ पानी में भिगो दें।
भीगे हुए चनों को नमक, अदरक, या शहद के साथ खा सकते हैं।

डिसक्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह किसी क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। इसलिए पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

एयरफोर्स ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर जारी, जानकारी देंगे;

0

नई दिल्ली/बॉर्डर से लगे राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर में रविवार सुबह हालात सामान्य दिखाई दिए। बाजार खुल रहे हैं, गतिविधियां सामान्य हो रही हैं।

इस बीच, इंडियन एयरफोर्स ने कहा कि हमने ऑपरेशन सिंदूर के लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। यह ऑपरेशन अभी जारी। हम समय आने पर जानकारी देंगे। एयरफोर्स ने अफवाहों से बचने की अपील की है।

एक और हाईलेवल मीटिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर हुई। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख, एनएसए अजीत डोभाल साथ ही आईबी और रॉ के चीफ मौजूद थे।

उधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में ब्रह्मोस सेंटर का इनॉगरेशन किया। रक्षामंत्री ने कहा कि पहलगाम अटैक के बाद दुनिया ने भारत की ताकत देखी। सरहद पार भी आतंकियों की जमीन सुरक्षित नहीं।

पाकिस्तान और भारत के बीच शनिवार को शाम 5 बजे सीजफायर हुआ था। 3 घंटे बाद ही पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, गुजरात, राजस्थान और पंजाब में ड्रोन अटैक किए। भारत ने इसका जवाब दिया। कुछ देर बाद विदेश मंत्रालय ने बताया कि हमने सेना को सख्त और ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम मोदी की NSA और सेना प्रमुखों के साथ मीटिंग

एक और हाईलेवल मीटिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आवास पर चल रही है। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख, एनएसए अजीत डोभाल साथ ही आईबी और रॉ के चीफ मौजूद हैं।

रक्षा मंत्री ने लखनऊ में ब्रह्मोस सेंटर का उद्घाटन किया

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ में ब्रह्मोस सेंटर का उद्घाटन किया। वे लखनऊ नहीं गए, दिल्ली से उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों के खात्मे के लिए लॉन्च किया। हमने पहलगाम में मारे गए लोगों को इंसाफ दिलाया। उन्होंने कहा कि सरहद पार तक हमारी सेना की धमक सुनी गई। दुनिा ने हमारी ताकत देखी। आतंकवाद और उसके आकाओं की जमीन सरहद पार भी सुरक्षित नहीं है। हमने उनके रिहायशी इलाकों, लोगों को कभी निशाना नहीं बनाया। उन्होंने हमारे मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारों पर हमला किया। रिहायशी इलाकों पर हमला किया। भारत पर आतंकी हमले का क्या अंजाम होता है, ये लोगों ने उरी में देखा, पुलवामा में देखा।

इंडियन एयरफोर्स ने रविवार को X पर पोस्ट

इंडियन एयरफोर्स ने रविवार को X पर पोस्ट की कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है। IAF ने बताया कि हमने इस ऑपरेशन के टारगेट सटीकता के साथ हासिल किए। हमने प्रोफेशनली काम किया। यह ऑपरेशन अभी जारी है। हम इसके बारे में आगे जानकारी देंगे। लोगों से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान ना दें।

बढ़ रहा पारा, धूप के बीच बादलों की लुकाछुपी, ठंडी हवाएं दे रहीं राहत

0

इंदौर / मौसम लगातार कई रंग दिखा रहा है। आज सुबह से तेज धूप है लेकिन हवाओं की वजह से गर्मी कम लग रही है। 

मध्यप्रदेश में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो टर्फ बारिश करा रहे हैं। कुछ जिलों में धूप है तो कुछ में अभी भी बारिश जारी है। इंदौर में हालांकि आज सुबह से धूप के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम खुशनुमा बना हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भी इंदौर में मौसम सामान्य रहा। दिनभर धूप रही और बीच बीच में बादल छाए रहे। पारे में उछाल देखा गया है और उमस भी बढ़ रही है। शनिवार को एक डिग्री पारा उछला और 35.5 पर आ गया, वहीं रात का पारा 0.8 डिग्री बढ़कर 22.6 पर आ गया। 

14 मई तक बदलता रहेगा मौसम
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि वर्तमान में कुछ सिस्टम एक्टिव है। इस वजह से प्रदेश में मौसम बदला है। 14 मई तक हल्की बारिश गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद गर्मी का असर बढ़ सकता है।

इंदौर में 3 इंच गिर चुका पानी
मई के महीने में इंदौर में भी पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 31 मई 1994 को इतना तापमान दर्ज किया गया था। इस महीने यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। इसके चलते बादल छाए रहते हैं तो बौछारें भी गिरती हैं। 2023 में पूरे महीने 3 इंच बारिश हुई थी। वर्ष 2014 से 2023 के बीच 9 साल बारिश हो चुकी है। साल 2024 में भी तेज गर्मी रही थी। अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, बारिश का दौर भी चला था।

UP: सीएम योगी बोले- ब्रह्मोस की ताकत जानना है तो पाकिस्तान से पूछें, ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया को दिया संदेश

0

लखनऊ / मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आतंकवाद को उसी की भाषा में जवाब देना होगा। इस समस्या का तब तक समाधान नहीं हो सकता जब तक आतंकवाद को पूरी तरह कुचल नहीं देते।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आतंकवाद कभी प्यार की भाषा नहीं अपना सकता, उसे उसी की भाषा में जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि आपने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल की एक झलक देखी होगी। अगर नहीं देखी तो पाकिस्तान के लोगों से ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत के बारे में पूछिए। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि आगे से आतंकवाद की कोई भी कार्रवाई युद्ध की कार्रवाई मानी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को लखनऊ में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी का उद्घाटन एवं पी.टी.सी. कम्पनी के दो यूनिट का शिलान्यास कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद की समस्या का समाधान तब तक नहीं हो सकता जब तक हम इसे पूरी तरह से कुचल नहीं देते। आतंकवाद को कुचलने के लिए हम सभी को पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक स्वर में मिलकर लड़ना होगा। आतंकवाद कभी भी प्यार की भाषा नहीं अपना सकता। उसे उसी की भाषा में जवाब देना होगा। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने पूरी दुनिया को संदेश दिया है।

नाइट्रोजन कंटेनर में गिरी 7 साल की बच्ची की मौत:इंदौर में इलाज के दौरान चार दिन बाद ताेड़ा दम; परिजनों ने आंखें दान की

0

राजगढ़ / की 7 साल की बच्ची वाहिनी की शनिवार रात को इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने बच्ची की आंखें दान कर दीं, ताकि किसी और की जिंदगी रोशन हो सके।

दरअसल, 6 मई को वह परिजन के साथ खुजनेर एक शादी समारोह में गई थी। यहां खेलते-खेलते नाइट्रोजन से भरे पॉट में गिर गई थी। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसे अरबिंदो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पिछले 5 दिन से उसका इलाज चल रहा था। रविवार सुबह अंतिम संस्कार किया गया।

हादसे में बच्ची का 80% शरीर जल गया था

जानकारी के अनुसार, बाढ़गांव निवासी राजेश गुप्ता 6 मई को अपने परिवार के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने खुजनेर गए थे। उनकी सात साल की बच्ची वाहिनी भी उनके साथ थी। शादी की रस्में चल रहीं थी। दूल्हा-दुल्हन की एंट्री के दौरान स्मोकी वीडियो बनाने के लिए नाइट्रोजन गैस का इस्तेमाल किया गया।

इसी दौरान खेलते-खेलते वाहिनी नाइट्रोजन से भरे पॉट में गिर गई। नाइट्रोजन की तीव्र ठंडक (-196°C) ने उसके शरीर को बुरी तरह जला दिया। हादसे में बच्ची का 80% शरीर जल चुका था, जिससे हालत बेहद गंभीर थी।

वेंटिलेटर सपोर्ट में रही, बच नहीं सकी

हादसे के फौरन बाद परिजन वाहिनी को पहले स्थानीय अस्पताल ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए उसे इंदौर के अरबिंदो अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा। शनिवार रात काे इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।

परिजनों ने आंखें दान की

मौत के बाद वाहिनी के परिजनों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए उसकी आंखें दान की। ग्रामीणों ने बताया कि अब उसकी आंखें किसी और की रोशनी बनेंगी। यह निर्णय न केवल प्रेरणादायी है, बल्कि समाज को नई सोच की दिशा भी देता है।

शादी समारोहों में लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश

स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहिनी की मौत ने शादी समारोहों में होने वाली खतरनाक सजावट और दिखावे पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ठंडी नाइट्रोजन जैसे खतरनाक रसायनों का खुले में और बिना सुरक्षा उपायों के इस्तेमाल ने एक मासूम की जान ले ली।

अगर थोड़ी सी सतर्कता बरती जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार की व्यवस्थाओं पर रोक लगे और कड़ी निगरानी हो।

यह है नाइट्रोजन गैस के उपयोग से जुड़े नियम

शादी समारोहों में विशेष प्रभाव के लिए नाइट्रोजन गैस का उपयोग बढ़ रहा है, लेकिन इसके लिए विशेष अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन आवश्यक है।

  • नाइट्रोजन गैस के व्यवसायिक उपयोग के लिए जिला प्रशासन से अनुमति आवश्यक है
  • केवल प्रशिक्षित और लाइसेंसधारी व्यक्ति ही इसका संचालन कर सकते हैं
  • गैस के भंडारण और परिवहन के लिए विशेष सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है

यह सुरक्षा मानक रखना जरूरी

  • नाइट्रोजन टैंक को सुरक्षित स्थान पर रखना अनिवार्य
  • आयोजन स्थल पर चेतावनी संकेत लगाना आवश्यक
  • बच्चों को टैंक से दूर रखने की व्यवस्था
  • आपातकालीन चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता

सीधा संपर्क जानलेवा

  • अत्यधिक ठंडी नाइट्रोजन से सीधा संपर्क जानलेवा हो सकता है
  • गैस का रिसाव श्वास संबंधी समस्याएं पैदा कर सकता है
  • बिना प्रशिक्षण के संचालन खतरनाक है

उपयोग करते समय यह सावधानियां रखें

आपातकालीन संपर्क नंबर तैयार रखें

केवल अधिकृत एजेंसियों से ही गैस की आपूर्ति लें

सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य है

आयोजन स्थल पर पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित करें