Home Blog Page 608

मिर्गी के मरीज की नदी में डूबने से मौत:अशोकनगर में नहाते समय आया दौरा; 3 फीट पानी में डूबा 27 साल का युवक

0

अशोकनगर / के बहादुरपुर कस्बे में मोला नदी में नहाते समय मिर्गी का दौरा आने से 27 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक का नाम सुमेर निवासी रामबाबू पुत्र शीतल केवट है।

रविवार सुबह रामबाबू रोज की तरह नहाने के लिए मोला नदी गया था। नहाते समय उसे मिर्गी का दौरा आया। वह मात्र तीन फीट गहरे पानी में डूब गया और बाहर नहीं निकल सका। घटनास्थल नेशनल हाईवे के पुल के पास था। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने पानी में शव देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पानी से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मिर्गी की बीमारी के कारण युवक की मानसिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं थी।

10 लाख में सुपारी देकर कराई पति की हत्या:भोपाल में पत्नी ने किराएदार के साथ मिलकर रची साजिश; गमछे से गला घोंटा

0

भोपाल / में एक महिला ने 10 लाख में पति की सुपारी देकर उसकी हत्या करा दी। महिला ने अपनी किराएदार और उसके प्रेमी के साथ मिलकर यह साजिश रची। किराएदार ने बुजुर्ग के पैर पकड़े और उसके प्रेमी ने गमछे से गला घोंट दिया। वारदात 18 अप्रैल को पिपलानी की है। जार्ज कुरियन (64) भेल से रिटायर्ड अफसर थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी ने बाथरूम में पांव फिसलकर गिरने की बात कही थी।

शनिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी बिट्‌टी जार्ज (32), किराएदार रेखा सूर्यवंशी और उसके प्रेमी संजय पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी संजय पाठक को रविवार तक की रिमांड पर लिया है। तीनों ने अपने जुर्म को स्वीकार कर लिया है।

अकेले जीना चाहती थी पत्नी

टीआई अनुराग लाल ने बताया कि, जार्ज भेल के रिटायर्ड अधिकारी थे। उनकी पहली पत्नी केरल में रहती हैं। उन्होंने बिट्‌टी से तब शादी की जब वह महज 17 साल की थी। दोनों की नौ साल की बेटी है। बिट्‌टी पूर्व में जार्ज के घर काम करती थी। बिट्‌टी ने पुलिस को बताया कि जार्ज की हत्या के बाद वह अकेले जीना चाहती थी। उसे उम्मीद थी कि पति की मौत के बाद उनका सारा पैसा, पैंशन और मकान उसे मिल जाएगा।

पति छोटी-छोटी बातों पर टोकता था

बुजुर्ग पति छोटी-छोटी बातों पर उसे रोकता-टोकता और डांटता था। यही कारण था कि वह उससे निजात पाना चाहती थी। किराएदार रेखा सूर्यवंशी से पति की नजदीकियां भी उसे परेशान करती थीं। रेखा ने ही पति के चरित्र के संबंध में उसे अहम जानकारी दीं और पति की हत्या कर आराम से जीवन जीने की बात कही।

रेखा ने बनाई थी हत्या की योजना

रेखा के कहने पर जब पति की हत्या कराने के लिए बिट्‌टी राजी हो गई तो रेखा ने प्लान बनाया कि वह अपने प्रेमी संजय की मदद से जार्ज की हत्या करा देगी। इसके एवज में उन्हें 10 लाख रुपए चाहिए होंगे। बिट्‌टी ने शर्त रखी की हत्याकांड के बाद ही उन्हें रकम तब देगी जब पति की पेंशन उसके नाम हो जाएगी। रेखा इसके लिए राजी हो गई और अपने प्रेमी को भी राजी कर लिया।

एडवांस में 50 हजार खाते में कराए ट्रांसफर

पति की हत्या करने के एवज में बिट्टी ने संजय और रेखा को 10 लाख की सुपारी दी थी। हालांकि दोनों ने बतौर एडवांस बिट्‌टी से 50 हजार रुपए लिए। यह रकम महिला ने अपने खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर की थी। बैंक स्टेटमेंट में इस बात की पुष्टि हो चुकी है।

आखिरी सांस तक पति को तड़पते देखा

18 अप्रैल की रात बिट्‌टी ने संजय को अपने घर बुलाया। यहां मौका पाकर उसने जार्ज का गला घोंट दिया। बिट्‌टी ने आखिरी सांस तक पति को तड़पते देखा। मौत को सुनिश्चित करने के लिए उसने पति को हिलाकर चेक किया। जब शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तब उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां से पुलिस को सूचना दी गई।

बॉडी पर मिले स्ट्रगल मार्क

जार्ज ने मौत से पहले बचने के लिए प्रयास किए। 59 वर्षीय संजय ने पूरी ताकत से उसका गला घोंटे रखा। इस दौरान संजय के नाखून जार्ज के गले पर लगे। इससे उनकी गर्दन पर स्ट्रगल मार्क बन गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

चार महीने पहले रहने आई थी किराएदार

रेखा चार महीने पहले ही जार्ज के घर में किराए से रहने आई थी। उसके पति की मौत हो चुकी है। मूल रूप से सीहोर जिले की रहने वाली रेखा की वहां खेती की जमीन है। संजय-रेखा के पति का दोस्त रहा है। वह प्रॉपर्टी की ब्रोकरी भी करता है। रेखा की जमीन बिकवाने को लेकर वह उसके करीब आ गया था।

भोपाल के वन बाइट रेस्टोरेंट में कर्मचारी की हत्या

भोपाल के 11 मील स्थित वन बाइट रेस्टोरेंट में शनिवार रात मामूली कहासुनी के चलते एक कुक ने अपने ही साथी की पलटा मारकर हत्या कर दी। चिकन रोस्ट करने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि उसने हिंसक रूप ले लिया। मृतक की पहचान शब्बीर खान (35) के रूप में हुई है, जो कोहेफिजा इलाके का रहने वाला था। आरोपी का नाम राजा है, जो उसी के साथ किचन में काम करता था।

टोल मांगा तो विवाद किया, पुलिस के आते ही भागे:एक घंटे बाद दोबारा लौटे स्कॉर्पियो सवारों ने कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा

0

सीहोर / के अमलाह टोल प्लाजा पर टोल न देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, एक काली स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक बिना टोल दिए आगे बढ़ने लगे। टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोका तो विवाद शुरू हो गया। अमलाह पुलिस चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। स्कॉर्पियो सवार युवक भी वहां से चले गए।

लेकिन एक घंटे बाद युवक लाठी-डंडों से लैस होकर 4-5 गाड़ियों में वापस लौटे। उन्होंने टोल कर्मचारियों से गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे। पुलिस बल पहुंचा तो हमलावर फिरसे भाग गए। पुलिस उन्हें नहीं पकड़ पाई। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।

एक कर्मचारी घायल

हमले में टोल कर्मचारी नीरज कुमार को चोटें आईं। पुलिस ने उनका मेडिकल कराया है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

वीडियो दो दिन पुराना- पुलिस

आष्टा थाना प्रभारी के अनुसार, वायरल हो रहा वीडियो दो दिन पुराना है। पुलिस 4-5 अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

भोपाल में मदर्स डे पर ममता फोटोग्राफी एग्जिबिशन:मां के पहली बार बच्चों को देखने की तस्वीरें आकर्षण केंद्र, बर्थ फोटोशूट शहर में नया ट्रेंड

0

भोपाल / यह तस्वीर उस पल की है, जब ऑपरेशन थिएटर में मां ने पहली बार अपने बच्चे की किलकारी सुनी, उसे देखा और छुआ। इन पलों को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, सिर्फ महसूस कर सकते हैं। इन्हीं पलों को अमर बनाने की कोशिश भोपाल की गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. प्रिया भावे चित्तावर ने की है।

उन्होंने नवजात के जन्म के खास लम्हों को कैमरे में कैद किया और नाम दिया ‘फर्स्ट क्राय बेबी शूट’। उन्होंने पिछले दो साल में 1500 से अधिक डिलीवरी के भावुक पलों को कैमरे में संजोया और 20 हजार से ज्यादा तस्वीरें खींची हैं। ये तस्वीरें मां-बाप के लिए अनमोल धरोहर बन गईं।

मदर्स डे के उपलक्ष्य में भोपाल के रवीन्द्र भवन में शनिवार को लगी दो दिवसीय ममता मदर हुड फोटोग्राफी एग्जीबिशन में माताओं के जीवन के इन खास पलों को तस्वीरों के जरिए दिखाया गया है। जिसमें बच्चे का जन्म होते ही पहली बार मां के उसे देखने की तस्वीरें सबसे ज्यादा आकर्षित कर रही हैं।

एग्जीबिशन के आयोजक और इंस्टीट्यूट ऑफ एक्सीलेंस इन रिप्रोडक्टिव हेल्थ (हर हील हॉस्पिटल) की फाउंडर प्रिया भावे चित्तावर ने कहा

गलती से वीडियो ऑन होने पर शुरुआत हुई

प्रिया भावे ने बताया कि डिलीवरी के बाद बर्थ डॉक्यूमेंटेशन के लिए बच्चों की तस्वीरें लेते थे। एक बार ऐसे ही तस्वीर लेते हुए नर्स से फोटो की जगह वीडियो ऑन हो गई। वीडियो में पहली बार महिला के मुड़कर बच्चे को देखने का क्षण रिकॉर्ड हो गया। इसके बाद जब हमने महिला को वीडियो दिखाई तो वो काफी खुश हो गई। उसने हमसे वीडियो मांगकर कई बार देखी। इसके बाद हमने सोचा कि प्रोफेशनल फोटोग्राफर से शूट करवाया जाए।

हर महीने 30-40 प्रतिशत माता-पिता करवाते है फोटोशूट

प्रिया भावे ने बताया कि शुरू में नजर लगने जैसी बातों के चलते महिलाएं फोटोशूट कम कराती थीं, लेकिन अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर महीने डिलीवरी कराने वाले माता-पिता में से 30-40 प्रतिशत फोटोशूट कराते हैं। प्रोफेशनल फोटोग्राफर वीडियो फोटोग्राफी कराने पर इसकी कीमत 10 से 40 हजार है। बाकी हम खुद से इसकी वीडियो बनाकर दे देते हैं। उन्होंने बताया कि ललितपुर में एक महिला का पूरा परिवार रोजाना बच्चे के वीडियो देखता है। ऐसे लम्हे हर कोई संजोकर रखना चाहता है।

फोटोग्राफी एग्जीबिशन में देश के 300 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया

हर हेल्थ हॉस्पिटल में ऑपरेशन हेड शहाना ने बताया कि ये एग्जीबिशन का तीसरा एडिशन है। एग्जीबिशन से पहले एक ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें देशभर से 300 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता की थीम मां की मुस्कान थी और ये चार कैटेगरी में हुई थी।

इसमें चारों कैटेगरी में पहले विजेता को 5 हजार, दूसरे विजेता को 4 हजार और तीसरे विजेता को 3 हजार रुपए मिलेंगे। प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि नेता ममतानी और मधु चौधरी रही।

वैशाख महापर्व-भगवान भोलेनाथ का पूजन-अभिषेक कर उन्हें जलमग्न किया गया

0

सीहोर / शहर के सीवन तट पर हनुमान मंदिर गोपालधाम में शिव प्रदोष सेवा समिति के तत्वाधान में एक माह तक आयोजित होने वाले शिव शक्ति दिव्य अनुष्ठान वैशाख महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। महापर्व के अंतर्गत शनिवार को सुबह 108 मटकों के पवित्र जल से भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक हुआ और उसके बाद उन्हें जलमग्न किया गया। भगवान भोलेनाथ ने जो हलाहल विष पिया था उससे ठंडक दिलाने और इस भीषण गर्मी से निजात दिलाने के लिए वैसाख मास की पूर्णिमा में उन्हें जलमग्न किया जाता है। अब आगामी 12 मई को करीब 1008 मटकों के जल से भगवान का दूध, दही, शहद, केसर और अन्य 108 पदार्थ से सहस्त्रधारा अभिषेक कर कन्या भोज महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। शनिवार की सुबह कथा व्यास पंडित राघव मिश्रा,  पंडित कुणाल व्यास, मनोज दीक्षित मामा, गोपालधाम हनुमान मंदिर के व्यवस्थापक मनीष ठाकुर, गोपाल ठाकुर सहित अन्य के द्वारा यहां पर गोपाल मानस मंडल के तत्वाधान में दो दिवसीय अखंड रामायण का विधि-विधान से शुभारंभ किया। रविवार को अखंड रामायण का विश्राम किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए समिति की ओर से मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि कथा व्यास पंडित मिश्रा का एक दिवसीय सत्संग का आयोजन गोपालधाम पर किया गया था। उन्होंने कहाकि यह बड़े ही सौभाग्य का विषय है कि मंदिर परिसर में अखंड रामायण किया जा रहा है। वहीं वैशाख महापर्व पर भगवान शिव का अभिषेक के साथ देवी शक्ति की पूजा अर्चना की जा रही है। उन्होंने समिति और गोपाल धाम मानस मंडल को संबोधित करते हुए कहाकि रामायण मनुष्य जीवन के लिए एक अमूल्य मार्गदर्शक है। यह हमें सदाचार, कर्म, कर्तव्य, मर्यादा, भक्ति, विश्वास, सत्य और न्याय जैसे मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा देती है। रामायण के आदर्श चरित्र और शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें एक बेहतर जीवन जीने में सहायता करती हैं।
इधर गोपालधाम के व्यवस्थापक श्री ठाकुर ने कहाकि रामचरित्र मानस हमारे लिए मार्गदर्शक है भक्त के जीवन में जो प्राप्त शरीर है, वह भी आराध्य को पाने का उपादान होने के कारण पूज्य हो जाता है। संसार में भी किसी व्यक्ति के सहयोग से यदि हमें कुछ विशेष उपलब्धि हो गई हो तो हम जीवन भर उसके कृतज्ञ रहते हैं, उसी प्रकार काकभुशुंडि जी कह रहे हैं कि शरीर मिथ्या तो तब होगा, जब इसका उद्देश्य भोगों की प्राप्ति हो, पर जब वही शरीर भगवत्प्राप्ति का साधन बन जाए तो वह अपने अभीष्ट को पाकर धन्य हो जाता है। प्रमाण रूप में वे अपना अनुभव प्रस्तुत करते हुए कहते हैं कि मैंने मनुष्य शरीर में रहते ही भगवान शिव की कृपा से धन्यता प्राप्त की थी, पर जो कृपालु शिव जिन बालक राम को अपने हृदय मे धारण करते हैं, उनको ही मैंने अपना ईश्वर माना है। वह कहते हैं, मेरे इस भाव परिवर्तन से मेरे परमकृपालु सदाशिव विश्वनाथ मुझ पर और भी अधिक प्रसन्न हो गए। उन्हें लगा कि मेरे इस भक्त (काकभुशुंडि) का प्रवेश मेरे हृदय में हो गया है और इसने देख लिया कि मेरे इष्ट तो बालक राम हैं, जो अयोध्या में दशरथ के अजिर में मालपुआ लेकर घूमते रहते हैं। काकभुशुंडि जी हमें और आपको यह बताना चाहते हैं कि जब उन्होंने कौआ होकर भी भगवान को पा लिया तो हम लोगों के भाग्य के लिए तो शब्द ही नहीं हैं। प्रभु श्रीरामचंद्र जी ने स्वयं भी समस्त चराचर के कल्याण के लिए मनुष्य का ही शरीर धारण कर लिया है। वे कहते हैं कि इस शरीर को पाने का मात्र एक ही लाभ है कि व्यक्ति भगवान का भजन करे। भक्त काकभुशुंडि ने मनुष्य शरीर से भजन करने के प्रताप और फल को बताते हुए कहा कि ज्ञानी ऋषि लोमश ने मेरे अंदर भक्ति के प्रति पक्षपात देखकर भले ही मुझे अपनी दृष्टि से कौआ बनने का शाप दिया था, पर वह मेरे लिए वरदान हो गया। इसका श्रेय वे भगवान के भजन के प्रभाव को देते हैं। 

भारत मां की आरती कर सैनिकों की विजय की कामना

0

सीहोर / भारत-पाकिस्तान के बीच जंग छिड़ चुकी है ऐसे में भारतीय सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के लिए हर हिंदुस्तानी आगे रहा है शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित क्षेत्रवासियों ने शहर के बस स्टैंड के पास टाउन हाल में स्थित भव्य भारत माता की प्रतिमा के समक्ष आस्था और उत्साह के साथ मां भारती की आरती कर देश की विजय की कामना की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री मेवाड़ा और नपाध्यक्ष श्री राठौर के अलावा नगर पालिका सीएमओ भूपेन्द्र दीक्षित सहित शहरवासियों के अलावा पार्षदों ने सर्व प्रथम यहां पर दीप प्रज्जवलित किए और आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया।
शनिवार को आयोजित भारत मां से भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए मंगल कामना की गई मां की आरती कर भारतीय सेना और सरकार के मनोबल बढ़ाने की कामना की शहर वासियों का कहना है कि इस वक्त देश की सेना को हर भारतीयों की जरूरत है। इसीलिए भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने की प्रार्थना की जा रही हैं और मां से प्रार्थना की गई है की हमारी सेना की ना केवल ताकत बढ़ाए बल्कि मनोबल भी बढ़ाएं, महाआरती के दौरान लोगों के हाथों में तिरंगा भी नजर आए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता सन्नी महाजन, नपा उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, विजेन्द्र परमार, नरेन्द्र राजपूत, लोकेन्द्र वर्मा, धर्मेन्द्र राठौर, देवेन्द्र, प्रदीप बिजोरिया और राजेश मांझी के अलावा शहरवासी मौजूद थे, जिन्होंने भारत माता के जयकारे लगाए। 

सामूहिक विवाह सम्मेलनों से वित्तीय मितव्ययता को मिल रहा प्रोत्साहन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

0

भोपाल / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर है। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री काल में मध्यप्रदेश बिजली आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था में आत्मनिर्भर बना। प्रदेश के गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछा है। यह सिर्फ सामूहिक विवाह सम्मेलन का प्रसंग नहीं है, आज यहां बुधनी विधानसभा में विकास कार्यों को गति देने के लिए 170.42 करोड़ रुपए लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी हुआ है। यह इस क्षेत्र के विकास की ओर बढ़ाया गया एक और नया कदम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भेरूंदा स्थित ग्राम पिपलानी में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में सामूहिक विवाह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में क्षेत्रीय जनजातीय (गोंड) समाज के 572 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पहले बेटियों का विवाह कठिन प्रसंग होता था। बेटी की शादी के लिए गरीबों और किसानों को अपनी जमीन तक बेचनी पड़ती थी, लेकिन केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सबसे पहले चंदा जुटाकर गरीब कन्याओं का विवाह कराने की शुरुआत की। बाद में शासन स्तर पर योजना तैयार की गई और सामूहिक विवाह सम्मेलनों की शुरुआत हुई। आज समाज का हर वर्ग इस योजना के जरिए न केवल फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों से बच रहा है, वरन् सामूहिक विवाह सम्मेलनों से समाज में वित्तीय मितव्ययता की प्रवृत्ति को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। सनातन समाज में विवाह केवल दूल्हा-दुल्हन का रिश्ता नहीं है, यह दो परिवारों के लिए भी एक नए संबंध की शुरुआत है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुधनी में फोरलेन, मेडिकल कॉलेज और गारमेंट कारखाने स्थित हैं। सलकनपुर में देवीलोक का विकास कार्य भी प्रगति पर है। शुक्रवार को ही दमोह के बांदकपुर में भी देवश्री जागेश्वर महादेव लोक का भूमि-पूजन किया गया है। हमारी सरकार केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा प्रारंभ सभी कार्यों को आगे बढ़ा रही है। बुधनी क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने 2600 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदा है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना शुरू की है, जिसमें किसानों को 25 से 33 प्रतिशत अनुदान भी मिल रहा है। प्रदेश में दूध उत्पादन 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने हर ब्लॉक में एक गांव को आदर्श वृंदावन ग्राम बनाने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत एक शक्ति संपन्न देश है, जो किसी भी दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने एक बार नहीं तीन-तीन बार सर्जिकल स्ट्राइक की हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने धर्म पूछकर बहनों का सुहाग उजाड़ा है। अब ऑपरेशन सिंदूर से आतंकी और उनके ठिकानें ध्वस्त किए जा रहे हैं। भारत की शक्ति को दुनिया देख रही है।

भारत अद्भुत देश है, शहनाई के साथ सीमा पर नगाड़े भी बज रहे : केंद्रीय मंत्री श्री चौहान

केंद्रीय कृषि विकास एवं कृषक कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत देश अद्भुत है, जहां शहनाइयों के साथ-साथ सीमा पर नगाड़े भी बज रहे हैं। भारत की ओर कोई आंख उठाकर देखेगा, तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि आज हमारे नवदम्पत्ति भी भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। विवाह एक ऐसा रिश्ता है, जिसमें मिलकर चलना पड़ता है। बेटियों के साथ संकल्प लीजिए कि हम सब देशवासी सरकार और सेनाओं का साथ देकर उनका मनोबल बढ़ायेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में मुख्यमंत्री लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना और कन्यादान योजना जैसी सभी कल्याणकारी योजनाएं बखूबी संचालित हो रही हैं, जो पिछली सरकार में शुरू की गई थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधनी विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं रहने देंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत किसी पर हमला नहीं करता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा था कि निर्दोष भारतीयों का खून बहाने वालों को मिट्टी में मिला देंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सेनाएं दुश्मन को माकूल जबाव दे रही हैं। सीमा पर जवान तैनात हैं तो खेतों में हमारे किसान खड़े हैं। उन्होंने कहा कि देश के अनाज भंडार खाद्यान्नों से भरे पड़े हैं, देशवासी कतई चिंता न करें और अपनी सेनाओं के साथ मजबूती से खड़े रहें। उन्होंने कहा कि जब देश के सम्मान का सवाल आता है, तो चैन से नहीं बैठा जा सकता है। हम भारत माता पर सर्वस्व न्यौछावर कर देंगे, लेकिन अपनी संप्रुभता और सम्मान हर हाल में बनाए रखेंगे।

राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में गरीब, किसान और हर वर्ग के नागरिकों के बच्चों का नि:शुल्क विवाह हो रहा है। इस योजना समाज को आर्थिक शक्ति और संबल प्रदान करती है। इस अवसर पर बुधनी विधायक श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक कन्नौद-खातेगांव श्री आशीष शर्मा, विधायक सीहोर श्री सुदेश राय, पूर्व विधायक श्री रज्जू भैया, समाजसेवी श्री देवीसिंह धुर्वे, श्रीमती दुलारी बाई, श्रीमती विनिता उइके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, आयोजन समिति के पदाधिकारी, वर-वधू एवं उनके परिजन उपस्थित थे।

विदेश सचिव बोले- अब जमीनी और हवाई हमले नहीं करेंगे; शाम 5 बजे सहमति बनी

0
कोमोडोर रघु आर नायर

भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद रक्षा मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी है। कमोडोर रघु आर नायक- जैसा कि विदेश सचिव ने कहा कि हम सभी मिलिट्री ऑपरेशन रोकने की सहमति पर पहुंच गए हैं। पिछले कुछ दिनों की घटनाओं के बारे में हमने आपको जानकारी दे दी है।

कर्नल कुरैशी

कर्नल कुरैशी- अब मैं आपको पाकिस्तान की मिस इन्फर्मेशन कैंपेन के बारे में जानकारी दूंगी। पहला उसने अपने जेएफ 17 से हमारे एस-400 और ब्रह्मोस मिसाइल बेस को नुकसान पहुंचाया, ये बिल्कुल गलत है। उसका कहना है कि हमारी एयरफील्ड सिरसा, जम्मू,पठानकोट और भुज में हमला किया है, ये गलत है।

हमारे चंडीगढ़ और ब्यास स्थित हथियार खाने पर हमला किया, यह बात भी गलत है। हमने आपको बताया था कि ये सभी चीजें सही है पूरी तरह से।भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो गया है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शनिवार शाम 6 बजे बताया, ‘सीजफायर शाम 5 बजे से लागू होगा।’ उन्होंने कहा, ‘अब दोनों देश जमीन, आकाश और समुद्र से एक-दूसरे पर हमला नहीं करेंगे। भारत-पाकिस्तान के DGMO 12 मई को दोपहर 12 बजे बातचीत करेंगे।’

सीजफायर के लिए अमेरिका ने मध्यस्थता की। शनिवार शाम 5:30 बजे यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया, ‘रात यूएसए की मध्यस्थता में चली लंबी बातचीत के बाद मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान तुरंत और पूरी तरह हमले रोकने के लिए तैयार हो गए हैं। मैं दोनों देशों को कॉमनसेंस, समझदारी से भरा फैसला लेने के लिए बधाई देता हूं।’

अमेरिकी विदेश मंत्री और उप-राष्ट्रपति ने मोदी से बातचीत की

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मैं खुद पिछले 48 घंटों से भारत-पाकिस्तान के अफसरों के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी, पीएम शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री एस जयशंकर, आर्मी चीफ आसिम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से बातचीत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पाकिस्तान और भारत की सरकार तुरंत सीजफायर के लिए राजी हो गई हैं। दोनों देश निष्पक्ष मंच पर विवादों का निपटारा करने के लिए बातचीत को तैयार हो गए हैं। हम मोदी और शहबाज शरीफ तारीफ करते हैं कि उन्होंने बुद्धिमत्ता से शांति का रास्ता चुना।’

डार ने कहा- पाकिस्तान शांति के लिए कोशिश करता रहा है

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा, ‘पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।’

लाइव अपडेट्स

सोफिया ने कहा- भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश

कर्नल सोफिया ने कहा, ‘पाकिस्तान कह रहा है कि भारत ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और भारत की सेना उसकी वैल्यूज की बहुत अच्छी झलक है। हमने उनके मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाया। भारत ने पाकिस्तान की एयरफील्ड स्कर्दू, जकूबाबाद, सरगोदा और बुलारी को बहुत नुकसान पहुंचाया।’

विदेश सचिव बोले- अब जमीनी और हवाई हमले नहीं करेंगे; शाम 5 बजे सहमति बनी

0
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प

भारत पाकिस्तान के बीच जारी संघर्ष का आज चौथा दिन है। पाकिस्तान ने शुक्रवार को रात गहराते ही जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान से गुजरात तक के 26 इलाकों में फिर ड्रोन से हमला बोला। पंजाब के फिरोजपुर में ड्रोन से करीब 25 धमाके हुए। इसमें एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। भारतीय सैन्य बलों ने कई हमलों को वायु रक्षा प्रणाली के जरिये नाकाम कर दिया।

प्रेस ब्रीफिंग में विदेश सचिव विक्रम मिस्री 

भारत और पाकिस्तान एक दूसरे पर सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। विदेश और रक्षा मंत्रालय ने शनिवार सुबह 10:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मौजूदा हालात की जानकारी दी। थोड़ी देर में फिर से प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।

आज सुबह कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने हाईस्पीड मिसाइल से जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पंजाब के पठानकोट, आदमपुर और गुजरात के भुज एयरबेस पर हमला किया, जिसमें हमें नुकसान पहुंचा है।

पाकिस्तान ने अस्पताल और स्कूल को भी निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे भारत ने नाकाम कर दिया। ब्रह्मोस फैसिलिटी तबाह करने का पाकिस्तानी दावा गलत है। भारतीय S-400 डिफेंस सिस्टम भी पूरी तरह सुरक्षित है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी, विंग कमांडर व्योमिका सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिसरी मौजूद थे।

आज सुबह 10:30 बजे की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें…

कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा…

पाकिस्तानी सेना ने पूरे पश्चिम मोर्चे पर लगातार आक्रामक गतिविधियां जारी रखी हैं। उसमें यूकैब ड्रोन, लॉन्ग रेंज वेपन, लाइट इम्युनिशन और लड़ाकू विमानों का उपयोग किया गया है। भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया है।

नियंत्रण रेखा पर भी ड्रोन घुसपैठ और भारी कैलिबर हथियारों से गोलाबारी की। अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर श्रीनगर से ढलिया तक 26 से ज्यादा स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए।

भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया। फिर भी वायुसेना स्टेशनों उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर और भुज, बठिंडा स्टेशन उपकरण और अफसरों को नुकसान पहुंचा है।

पाकिस्तान ने सुबह 1.40 बजे हाईस्पीड मिसाइल का इस्तेमाल करके पंजाब के एयरबेस स्टेशन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

एक निंदनीय और अनप्रोफेशनल एक्ट के तहत श्रीनगर, अवंतीपुर और उधमपुर के वायुसेना अड्डों पर चिकित्सा केंद्र और स्कूल परिसर को भी निशाना बनाया। इससे पाक की सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर हमला करने की गैरजिम्मेदाराना प्रवृत्ति फिर उजागर हुई।

पाकिस्तान द्वारा सैन्य ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाने के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने त्वरित व सुनियोजित जवाबी हमले किए। टेक्निकल इंस्टॉलेशन, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर्स और रडार साइट्स और हथियार भंडारों को चुनकर हमने निशाना बनाया।

रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहमियार खान, सुकूर और चुनिया स्थित पाक सैन्य ठिकानों पर एयर लॉन्च सटीक हथियारों और लड़ाकू जेट्स से प्रहार किए गए। पसूर स्थित रडार साइट और सियालकोट के एविएशन बेस को भी सटीक गोला-बारूद से टारगेट किया गया।

अग्रिम इलाकों में पाकिस्तानी सैनिकों की संख्या बढ़ती दिख रही है, जो कि उकसाने वाली तस्वीर है। हम तनाव नहीं चाहते, लेकिन पाकिस्तान भी ऐसा ही करे। इंडियन आर्मी के वेपन ने पाकिस्तानी ठिकानों को नष्ट किया। उसके वीडियो हम आपको दिखा रहे हैं।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा….

विक्रम मिसरी ने कहा- पाकिस्तान दावा कर रहा है कि उन्होंने क्या किया। वे लगातार भारी झूठ बोल रहे हैं। पाकिस्तान की सरकारी एजेंसियां बोल रही हैं कि उन्होंने भारत में कई मिलिट्री फैसिलिटी को ध्वस्त किया है। मेरे साथियों ने इसकी सच्चाई आपको बता दी है। पाकिस्तान झूठ बोल रहा है।

सिरसा एयरफोर्स स्टेशन को तबाह करने का उनका दावा पूरी तरह झूठा है। सूरतगढ़ एयरफोर्स बेस, आदमपुर में एस-400 बेस को तबाह करने का दावा पूरी तरह झूठा है। महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर, पावर सिस्टम, साइबर सिस्टम पर हमला करने और उन्हें तबाह करने के दावे झूठे हैं।

मैं आप सभी से अपील करता हूं कि पाकिस्तान के इन झूठों से भ्रमित न हों। पाकिस्तान लगातार नागरिकों और नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहा है, खासतौर से जम्मू-कश्मीर में, वो धार्मिक वैमनस्यता पैदा करने की भी कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान का फोकस सिविलियन टारगेट और पॉपुलेशन है।

आज सुबह पाकिस्तान ने राजौरी में हमला किया, उसमें राजौरी में प्रशासनिक अफसर मारा गया है और भी नागरिक मारे गए हैं और नागरिक ठिकानों को नुकसान पहुंचा है। फिरोजपुर और जालंधर में भी लोग घायल हुए और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचा है।

पाकिस्तान के अधिकारी लगातार झूठा दावा कर रहे हैं कि भारत अमृतसर साहिब की ओर मिसाइल दाग रहा है। यह भारत को बांटने की कोशिश है। ये आखिरकार नाकाम हो जाएगी। पाकिस्तानी टेलिविजन पर कुछ बयान दिए गए, पाकिस्तान आर्मी के प्रवक्ता कह रहे हैं कि भारतीय जनता अपनी ही सरकार की आलोचना कर रही है। पाकिस्तान के लिए यह आश्चर्य की बात हो सकती है, लेकिन भारत में यह खुले लोकतंत्र का सबूत है। हालांकि पाकिस्तान ऐसी चीजों का आदी नहीं है, यह चौंकाने वाला नहीं है।

एक और दावा कर रहे हैं कि भारतीय मिसाइल ने अफगानिस्तान को हिट किया है। यह निराधार आरोप है। मैं बताना चाहूंगा कि अफगानियों को यह याद दिलाने की जरूरत नहीं है कि कौन सा देश है जिसने कई मौकों पर पिछले डेढ साल में सिविलियन पॉपुलेशन को निशाना बनाया है।

सरकार बोली- आतंकी हमला हुआ तो उसे युद्ध माना जाएगा

0
पाकिस्तान में आतंकी लॉन्च पैड तबाह करने की ये फुटेज BSF ने जारी की है। यह लॉन्च पैड सियालकोट के लूनी में था।

नई दिल्ली/केंद्र सरकार ने कहा, अगर भविष्य में भारत पर कोई भी आतंकी हमला होता है तो इसे एक्ट ऑफ वॉर (युद्ध) माना जाएगा। हमले का जवाब भी वैसे ही दिया जाएगा। न्यूज एजेंसी ANI ने सरकार के सूत्रों के हवाले से यह खबर दी।

उधर, भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया था। न्यूज एजेंसी ANI ने खुफिया एजेंसियों के हवाले से शनिवार को इनमें से 5 आतंकियों की लिस्ट जारी की।

इनके नाम अबू जुंदाल, हाफिज मुहम्मद जमील, मोहम्मद यूसुफ अजहर, मोहम्मद सलीम, घोसी साहब और मोहम्मद हसन खान हैं। यूसुफ कंधार हाईजैक का मास्टरमाइंड और जुंदाल मुंबई हमले में शामिल था।

भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम अटैक के बाद आतंकियों के 9 ठिकानों को मिसाइल से निशाना बनाया था। ये पांचों आतंकी एक साथ या अलग-अलग मारे गए, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। भारत सरकार ने कहा कि अगर अब आतंकी हमला हुआ तो उसे एक्ट ऑफ वॉर माना जाएगा।