सीहोर / माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तरीय मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त करने वाले सीहोर जिले के विद्यार्थियों ने आज कलेक्टर बालागुरू तथा जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन से भेंट की। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने विद्यार्थियों को फूलमाला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा बधाई दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कलेक्टर तथा जिला पंचायत सीईओ से कैरियर और भविष्य में सफलता के संबंध में सवाल किए।
कलेक्टर बालागुरू के. ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि परिश्रम ही सफलता का मूल मंत्र है। कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास के बिना सफलता हासिल करना मुश्किल है। सफलता के लिए, मेहनत, लगन, और दृढ़ संकल्प आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि परिश्रम वही सफल होगा जो सही दिशा में किया जाए। उन्होंने कहा कि आपने अपने जीवन का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, बस उसी दिशा में निरंतर प्रयास करते रहें। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण भी आवश्यक हैं। हमें अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहना चाहिए और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होने कहा कि अभी यह सिर्फ एक पड़ाव है। जीवन में ऐसे कई पघ्ड़ाव आएंगे। उन्होंने कहा कि जीवन उतार-चढ़ाव से भरा होगा लेकिन विषम परिस्थितियों में भी अपने आप पर विश्वास बनाए रखना है और आपने प्रयास को जारी रखना है।
कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि हमेशा सीखने की ललक होना चाहिए। ज्ञान चाहे छोटे या बड़े किसी भी व्यक्ति मिले, तो उसे लेना चाहिए। सीखने की ललक हमारे कौशल और ज्ञान को बढ़ाने, नए विचार और दृष्टिकोणों को अपनाने तथा अपनी क्षमता को अधिकतम करने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि हर दिन नियमित अखबार मेगजीन अवश्य पढ़ें। यह आपको पूरी दुनिया की खबरों से अपडेट रखेगा। उन्होंने कहा कि पढ़ाई की ललक बनाएं रखें। शिक्षा और ज्ञान कभी व्यर्थ नही जाता बल्कि कभी भी कही भी काम ही आता है। कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि कोई भी काम छोटा य बड़ा नही होता, दृष्टिकोण बड़ा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आप जिस क्षेत्र में भी कैरियर बनाना चाहते हैं उस क्षेत्र में अधिकतम करने का लक्ष्य बनाएं।
जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने विद्यार्थियों से कहा कि अगर कहीं हम असफल रहते हैं तो निराश न होते हुए उसमें भी हमें बेहतर खोजने का प्रयास करना चाहिए। आप जहाँ से नई शुरुआत करते हैं वहीं से नया जीवन शुरू होता है। इसलिए जीवन में कभी कुछ समाप्त नहीं होता। जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने विद्यार्थियों से अपने आईएएस बनने तक के सफर का अनुभव भी साझा किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर, डीपीसी रमेशराम उइके, संबंधित स्कूलों प्राचार्य तथा बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित थे।
12 वीं परीक्षा में प्रदेश की टाॅप टेन में जिले के तीन छात्र
हायर सेकेण्डरी परीक्षा जीव विज्ञान समूह में जिले के तीन छात्रों ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है। न्यू मोनालिसा स्कूल सीहोर के छात्र पार्थ राठौर ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। पार्थ के पिता रीतेश राठौर शिक्षक हैं तथा माता कल्पना राठौर ग्रहणी हैं। सीएम राईज स्कूल आष्टा के छात्र गोविंद ने प्रदेश की मेरिट लिस्ट में आठवां स्थान तथा सीएम राईज स्कूल आष्टा के ही छात्र नकुल प्रजापति ने भी जीव विज्ञान समूह में दसवां स्थान प्राप्त किया है।
10 वींपरीक्षा में प्रदेश की टाॅप टेन में जिले के तीन छात्र
हाई स्कूल परीक्षा में प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जिले के तीन छात्र-छात्राओं ने स्थान प्राप्त किया है। दीनदयाल कॉन्वेंट हाई स्कूल सीहोर के छात्र ऋषभ पंवार तथा होली एंजल्स हाई स्कूल आष्टा के छात्रा भूमिका मेवाड़ा ने प्रदेश में सातवॉ स्थान प्राप्त किया है। वहीं होली एंजल्स हाई स्कूल आष्टा के ही छात्र अरहम जैन ने प्रदेश में नौवा स्थान प्राप्त किया है।
जिस क्षेत्र में भी कैरियर बनाएं उसमें अधिकतम करने का सोचें , कलेक्टर
भोपाल-इंदौर हाईवे पर चंद मिनटों में जला वाहन; चालक और क्लीनर ने कूद कर बचाई, बियर से भरे ट्राले में लगी आग,लाखों का नुकसान
सीहोर में भोपाल-इंदौर हाईवे पर बुधवार रात बियर से भरे ट्राले में अचानक आग लग गई। चंद मिनटों में आग ने भयावह रूप ले लिया और पूरा ट्राला जलकर खाक हो गया। हादसे में ट्राले में लदी लाखों रुपए की बियर भी नष्ट हो गई। हादसा ग्राम लालाखेड़ी और सोडा के बीच का है। सोम डिस्टलरी की बियर से भरे ट्राले में अचानक आग लग गई।
घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। राहगीरों ने जब ट्राले से आग की लपटें निकलती देखीं, तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब 1:20 बजे सूचना मिलने पर फायर फाइटर आरिफ खान और फायरमैन कमरुद्दीन मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर पहुंचने तक ट्राला धू-धू कर जल रहा था और हाईवे पर एक तरफ का यातायात भी थम गया था।
बताया जा रहा है कि आग लगते ही ट्राला चालक और क्लीनर समय रहते वाहन से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग को आग का कारण माना जा रहा है।
सोम डिस्टलरी की बियर थी लदी, ट्राले सहित पूरी खेप खाक
फायर ब्रिगेड टीम ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि ट्राले में लदी भारी मात्रा में बियर भी नहीं बच पाई। हादसे से सोम ग्रुप को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि, समय पर सूचना मिलने से कोई जनहानि नहीं हुई।
पटवारियों की गृह जिले में नहीं होगी पदस्थापना:राजस्व विभाग ने जारी की तबादला नीति;
मध्य प्रदेश में पटवारी अपने होम टाउन में पदस्थ नहीं हो सकेंगे। राजस्व विभाग ने पटवारियों के लिए अलग तबादला नीति जारी की है। इसमें कहा है कि पटवारी का पद जिला स्तरीय संवर्ग का होने के कारण यह नीति जारी की जा रही है।
जिले में स्वीकृत पदों से अधिक एवं आरक्षण नियमों के विपरीत पदस्थापना नहीं की जाएगी। इससे पहले सामान्य प्रशासन विभाग अधिकारी-कर्मचारियों के लिए
तबादला नीति जारी कर चुका है।
ऐसे होंगे पटवारियों के तबादले इस नीति के अंतर्गत पटवारी परीक्षा 2022 के 16 फरवरी 2024 को घोषित रिजल्ट के पूर्व के नियुक्त पटवारी ही दूसरे जिले में संविलियन के लिए आवेदन कर सकेंगे। ऐसे पटवारी जिनके विरुद्ध लोकायुक्त आपराधिक प्रकरण चल रहे हैं। वह तबादले के लिए अपात्रता की श्रेणी में आएंगे।
पटवारी को एक बार जिला आवंटित हो जाने पर उसे उस जिले में उपस्थिति देनी ही होगी। जिस जिले में संविलयन चाहा है। उस जिले में संबंधित वर्ग के रिक्त पद उपलब्ध होने की स्थिति में ही संविलयन किया जाएगा। आरक्षण के प्रावधानों एवं जिला आरक्षण रोस्टर के परिपालन में ही संविलयन किया जा सकेगा।
तबादले के लिए ऐसे आवेदन कर सकेंगे पटवारी
- तबादले के लिए आवेदन करने वाले पटवारी आयुक्त भू-अभिलेख को ऑनलाइन प्रक्रिया के आवेदन करेंगे।
- आवेदन में अपनी विशिष्ट श्रेणी जैसे चयन का वर्ग एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, अनारक्षित तथा उपवर्ग ओपन, महिला, भूतपूर्व सैनिक दिव्यांग की स्थिति बतानी होगी।
- तबादले के लिए कोई ऑफलाइन दस्तावेज स्वीकार नहीं होंगे।
- जिले के पटवारियों के ऑनलाइन आवेदन में दी गई जानकारी का सत्यापन जिला कलेक्टर द्वारा ऑनलाइन ही किया जाएगा।
- आवेदन पत्रों की जांच के बाद संविलियन के लिए पात्र और अपात्र आवेदकों की सूची आयुक्त भू-अभिलेख मप्र द्वारा तैयार की जाकर विभाग को भेजी जाएगी। संविलियन आदेश राज्य शासन के अनुमोदन से आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा जारी किए जाएंगे।
- संविलयन के लिए इन शर्तों का पालन जरूरी
- जिस जिले में संविलयन चाहा गया है, उस जिले में संबंधित वर्ग के रिक्त पद उपलब्ध होने की स्थिति में ही संविलयन किया जाएगा।
- आरक्षण के प्रावधानों एवं जिला आरक्षण रोस्टर के परिपालन में ही संविलयन किया जा सकेगा।
- आदेश जारी होने के 15 दिन के भीतर पटवारी को संविलयन किये गये जिले में उपस्थिति देनी होगी।
- जिले के अंदर पदस्थापना जिला कलेक्टर द्वारा की जाएगी परंतु किसी भी पटवारी को उसके गृह तहसील में पदस्थ नहीं किया जायेगा।
- संविलियन आदेश में किसी भी प्रकार के संशोधन की अनुमति नहीं होगी।
- संविलियन पर एक बार जिला आवंटित हो जाने पर पुनः जिला परिवर्तन की पात्रता नहीं होगी।
- प्रशासनिक कारणों से किए गए संविलियन में ही पटवारी द्वारा नए जिले में पदभार ग्रहण करने पर उस जिले की संधारित सूची में पटवारी की वरिष्ठता की गणना उसकी संवर्ग में प्रथम नियुक्ति दिनांक से की जाएगी।
- उधर, डीजीपी ने निरस्त किया रीवा आईजी का आदेश डीजीपी कैलाश मकवाना ने रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत का आदेश निरस्त कर दिया। उन्होंने 1 मई को एसपी रीवा, सीधी, सतना, मैहर, मऊगंज, सिंगरौली को आदेश जारी किया था। कहा था कि चौकी प्रभारियों, सहायक उपनिरीक्षकों के साथ सब इंस्पेक्टरों और निरीक्षकों के कोई भी तबादले बगैर उनके अनुमोदन के नहीं किए जाएंगे।
- डीजीपी ने इस आदेश को निरस्त करते हुए कहा है कि यह निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी तबादला नीति की कंडिका 8 में तय किए गए प्रावधानों के विरुद्ध है इसलिए आईजी रीवा के निर्देश निरस्त किए जाते हैं।
मैरिज गार्डन में बारात पर पथराव से मचा हड़कंप, 17 आरोपी पर केस, घायलों का इलाज जारी
गुना। शहर के बीजी रोड क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब देर रात एक मैरिज गार्डन में बारात के दौरान अचानक कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। यह घटना शहर के शहनाई गार्डन के पास हुई, जहां ग्राम बरखेड़ा निवासी शर्मा परिवार की बारात समारोह चल रहा था। पथराव की घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने 17 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बाराती में भगदड़ की स्थिति
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात जब शादी समारोह अपने चरम पर था। इसी दौरान कुछ लोगों ने गार्डन के बाहर से पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस घटना से शादी में मौजूद बाराती व मेहमान दहशत में आ गए और भगदड़ की स्थिति बन गई। चश्मदीदों के अनुसार पत्थरबाज़ी अचानक शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में कई लोग चोटिल हो गए। शोरगुल और हंगामे के बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।
17 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सीपी एस चौहान ने बताया कि फरियादी विशाल कमरईया की रिपोर्ट पर 17 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कई संदिग्धों को पकड़ लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं एक घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि पथराव की इस घटना के पीछे की वजह क्या थी—क्या यह आपसी रंजिश का मामला था या फिर किसी पूर्व विवाद के चलते यह हमला हुआ। हालांकि, अभी तक इस मामले में पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
शादी की खरीदारी से लौट रहे परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त, मां-बेटे समेत तीन की मौत, 3 गंभीर घायल
बैतूल। महाराष्ट्र के अमरावती में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मध्य प्रदेश के भातपट्टन क्षेत्र से शादी की खरीदारी करने गए एक ही परिवार के 6 लोगों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मां, बेटा और भतीजे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
शादी की तैयारियों के बीच छाया मातम
यह हादसा मंगलवार को महाराष्ट्र के अमरावती जिले के सावरखेड के पास हुआ, जब भातपट्टन के बिसनूर गांव से एक परिवार अमरावती से शादी की खरीदारी कर लौट रहा था। घर लौटते वक्त उनकी कार बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
नवविवाहित और 15 दिन बाद शादी वाले युवक की मौत
हादसे में नवविवाहित नीलेश बुधराव गव्हाडे (28) और उनकी बुआ गीता खासदेव (62) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गीता के बेटे वैभव खासदेव (26) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं नीलेश की शादी 29 अप्रैल को ही हुई थी, जबकि वैभव की शादी आगामी 23 मई को होनी थी। परिवार शादी की तैयारियों के लिए आवश्यक सामान की खरीदारी कर रहा था।
तीन अन्य घायल, अस्पताल में इलाज जारी
कार में सवार अन्य तीन लोग नीतिशा गव्हाडे, मीना कोसे और दिलीप चडोकार को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज अमरावती के एक निजी अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत अभी स्थिर नहीं है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।
ऑपरेशन सिंदूर पर बोले cm मोहन यादव जो सिंदूर पर हाथ डालेगा, उसका यही अंजाम होगा…,
भोपाल। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से की गई एयर स्ट्राइक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर मध्य प्रदेश में राजनीतिक दलों और जनता में जबरदस्त उत्साह और गौरव का माहौल है। इस कार्रवाई में भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoJK) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
इस पूरे ऑपरेशन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीधी निगरानी रही। इसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सांसदों, विधायकों और विपक्ष के नेताओं ने भी सेना की वीरता और सरकार के निर्णय की सराहना की है।
वीर जवानों को सैल्यूट- सीएम मोहन यादव का बयान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऑपरेशन सिंदूर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वह होता है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर मुंहतोड़ जवाब देकर बता दिया कि वह नवदुर्गा के समान शक्तिशाली है। ऑपरेशन सिंदूर नाम ही अपने आप में संदेश है, जो सिंदूर पर हाथ डालेगा, उसका अंजाम वही होगा जो सेना ने दिखाया है। पूरा देश गौरवान्वित है, आनंदित है।”
मोहन यादव ने एक वीडियो संदेश में भी देशवासियों से एकजुट रहने और सेना पर गर्व करने की अपील की।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने की सेना के पराक्रम की सराहना
राज्य के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा, “पहलगाम में जो कायराना हमला हुआ, उसका जवाब भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत 9 आतंकी ठिकानों को तबाह करके दिया। यह सेना के पराक्रम और प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व का प्रमाण है।”
मप्र बीजेपी अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने इसे ऐतिहासिक दिन करार दिया
सांसद वीडी शर्मा ने कहा, “आज भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेना ने ऑपरेशन सिंदूर सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पूरा देश सेना की सराहना कर रहा है और एकजुटता के साथ खड़ा है।”
विधायक रामेश्वर शर्मा की प्रतिक्रिया
विधायक रामेश्वर शर्मा ने ऑपरेशन सिंदूर को बेटियों के सम्मान से जोड़ा और कहा, “तुमने धर्म पूछकर बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, हमने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर उसका बदला लिया। यह स्वाभिमान और सिंदूर की लड़ाई है। अब हर आतंकी का अंत तय है।”
विपक्ष की भी प्रतिक्रिया- हमें सेना पर गर्व है
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, “सारे जहाँ से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा। हमें अपनी इंडियन आर्मी पर गर्व है। हम सेना के शौर्य को नमन करते हैं। पूरा देश सेना के साथ चट्टान की तरह खड़ा है और पूरी दुनिया भी आतंकवाद के खिलाफ भारत के इस कदम में उसके साथ है।”
बता दें, भारत की सेना, नौसेना और वायुसेना ने एक साथ मिलकर यह सटीक ऑपरेशन अंजाम दिया। इसमें पूरी तरह भारतीय सीमा के भीतर से ही अत्याधुनिक हथियारों का उपयोग कर जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के शिविरों को निशाना बनाया गया।
FIR से नाम हटाने के बदले मांगे 50 हजार रुपए ,लोकायुक्त ने ASI को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मालनपुर थाना क्षेत्र में पदस्थ एएसआई तुलसीराम कोठारी को एक मारपीट के मामले में नाम हटाने के एवज में 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
केस में नाम हटाने के बदले मांगी थी रिश्वत
फरियादी दिनेश सिंह धाकड़ ने लोकायुक्त ग्वालियर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल को हुए एक पारिवारिक न्योते के दौरान हुए विवाद में उनके पिता और भाई समेत आठ लोगों के खिलाफ मालनपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। इस केस की विवेचना कर रहे एएसआई तुलसीराम कोठारी ने दिनेश सिंह से उसके पिता और भाई का नाम हटाने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की। बाद में यह राशि 15 हजार में तय हुई।
लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। डीएसपी विनोद कुशवाह के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम गठित की गई। बुधवार (7 मई) को लोकायुक्त टीम ने मालनपुर थाने के पीछे बने सरकारी आवास पर छापा मारा, जहां आरोपी एएसआई फरियादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, कोठारी ने इनमें से 10 हजार रुपए अपने थाना प्रभारी (टीआई) के लिए और 5 हजार अपने लिए मांगे थे। टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है। लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
में ब्लैक आउट, … लोगों ने सायरन बजते ही घरों-दुकानों की लाइट बंद रखी, गाड़ियों की हेडलाइट भी ऑफ
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और कटनी समेत अधिकतर शहरों में मंगलवार शाम को अचानक सड़कों पर अंधेरा छा गया, घरों-दुकानों की लाइट बंद हो गई और गाड़ियां हेडलाइट बंद कर खड़ी हो गईं। यह सब किसी आपात स्थिति का संकेत नहीं था, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई मॉक ड्रिल का हिस्सा था।
12 मिनट का ब्लैक आउट, पूरे शहर ने निभाई जिम्मेदारी
मॉक ड्रिल के तहत शाम 7:30 से 7:45 बजे तक प्रमुख शहरों में ब्लैक आउट किया गया। इस दौरान लोगों ने घरों, दुकानों और दफ्तरों की बिजली बंद रखी, ताकि आपदा के समय की स्थिति का आकलन किया जा सके। सड़कों पर चल रही गाड़ियों ने भी हेडलाइट बंद कर नियमों का पालन किया, जिससे 12 मिनट तक पूरे शहर अंधेरे में डूबे रहे।
शाम 4 बजे से शुरू हुआ था मॉक ड्रिल ऑपरेशन
इस मॉक ड्रिल की शुरुआत शाम 4 बजे से ही हो गई थी। इसे तीन चरणों में अंजाम दिया गया।
- भोपाल और जबलपुर के मॉल्स में आग लगने का सीन क्रिएट किया गया। वहां से धुआं उठता देख लोगों में हलचल मच गई।
- फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और फायर फाइटिंग के साथ-साथ घायलों को राहत शिविर और अस्पतालों तक पहुंचाया।
- इंदौर के मेडिकल कॉलेज में फंसे लोगों को निकालने के लिए स्पेशल रेस्क्यू टीम ने ऑपरेशन चलाया।
इन घटनाओं को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, हालांकि प्रशासन ने पहले से इस बारे में जानकारी दे रखी थी।
आपदा प्रबंधन की तैयारियों की हुई जांच
यह मॉक ड्रिल केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई, जिसका उद्देश्य आपदा के समय राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और जनता की तैयारियों और प्रतिक्रिया का परीक्षण करना था। इसके जरिए ये जांचा गया कि आगजनी, विस्फोट या बड़े आतंकी हमले जैसी स्थिति में एजेंसियां कितनी तेजी से और समन्वय से काम करती हैं। साथ ही यह भी देखा गया कि आम जनता किस हद तक सहयोग करती है।
टी-20 के बाद रोहित शर्मा का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास, इंग्लैंड सीरीज से पहले बड़ा ऐलान, खेलते रहेंगे वनडे
खेल डेस्क/ भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। यह फैसला इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले आया है, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है। लंबे समय से खराब फॉर्म और कप्तानी को लेकर उठते सवालों के बीच रोहित ने खुद को इस फॉर्मेट से अलग करने का कठिन निर्णय लिया।
इंस्टाग्राम पर किया ऐलान, साझा की टेस्ट कैप की तस्वीर
रोहित शर्मा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी पोस्ट करते हुए 280 नंबर की अपनी टेस्ट कैप की तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “मैं आप सबको ये बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। सफेद कपड़ों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही। इतने सालों तक अपना प्यार और समर्थन देने के लिए धन्यवाद।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।
खराब फॉर्म पर उठ रहे थे सवाल
हाल के महीनों में रोहित शर्मा का टेस्ट फॉर्म लगातार गिरावट पर रहा है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा, जहां उन्होंने पांच पारियों में महज 6.20 की औसत से रन बनाए। उन्होंने उस सीरीज के अंतिम टेस्ट से खुद को बाहर कर लिया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली घरेलू टेस्ट सीरीज में भी उनका औसत केवल 15.16 रहा।
बीसीसीआई भी उन्हें इंग्लैंड दौरे पर कप्तान के रूप में नहीं देख रही थी। 6 मई को चयन समिति ने उन्हें कप्तानी से हटाने का निर्णय लिया, जिसकी जानकारी बोर्ड को भी दी गई। ऐसे में रोहित का टीम में चयन भी लगभग असंभव हो गया था।
रोहित शर्मा का टेस्ट करियर
रोहित शर्मा ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू किया। उन्होंने कुल 67 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 40.57 की औसत के साथ 4301 रन बनाए। इसमें 12 शतक और 18 अर्धशतक शामिल है।
विदेशी सरजमीं पर रोहित का प्रदर्शन मिलाजुला रहा
ऑस्ट्रेलिया में रोहित का टेस्ट औसत 24.38, वहीं दक्षिण अफ्रीका में 16.63 रहा। हालांकि, इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन शानदार रहा, जहां उनका औसत 44.66 रहा।
कप्तान के तौर पर मिला मिला-जुला अनुभव
रोहित शर्मा ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की कप्तानी की थी। घरेलू धरती पर न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने कप्तान के रूप में अच्छी कप्तानी की। लेकिन पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 की हार और ऑस्ट्रेलिया दौरे की विफलता ने उनकी कप्तानी को सवालों के घेरे में ला दिया।
अब कौन बनेगा अगला टेस्ट कप्तान
रोहित के संन्यास के बाद इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया को एक नया टेस्ट कप्तान मिलेगा। संभावित नामों में जसप्रीत बुमराह, लोकेश राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इनमें से कौन रोहित की जगह लेगा, यह चयन समिति और बीसीसीआई के निर्णय पर निर्भर करेगा।
रोहित ने 2013 में अपने पहले दो टेस्ट में लगातार शतक लगाकर धमाकेदार शुरुआत की थी। लेकिन शुरुआती छह वर्षों तक वह टेस्ट टीम में नियमित नहीं रह सके। 2019 के बाद उन्हें सलामी बल्लेबाज के रूप में सफलता मिली और उन्होंने खुद को एक भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया।
ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी पर डांडिया नृत्य
सीहोर/ जिले में किसानों ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर खुशी मनाई। किसानों ने डांडिया खेलकर सेना के शौर्य पर उसका धन्यवाद दिया। मंगलवार-बुधवार की रात की एयर स्ट्राइक पर सेना का मनोबल बढ़ाने नृत्य प्रस्तुत किया। दामाखेड़ा और खमलीया गांव के किसानों ने जय जवान जय किसान के नारे लगाए।
किसानों ने कहा कि देश के जवानों के साथ हर गांव का किसान एकजुट है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सेना के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और देश की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
किसानों ने पाकिस्तान में आतंकी संगठनों पर कार्रवाई पर प्रधानमंत्री और भारतीय सेना को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए इस अभियान से पूरा देश गौरवान्वित है।इस अवसर पर समाजसेवी एमएस मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।










