Home Blog Page 624

जातिगत जनगणना राहुल की जीत , पटेल

0

विदिशा /  पूर्व विधायक और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शैलेंद्र पटेल ने कहा कि राहुल गांधी की लगातार लड़ाई और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण केंद्र सरकार ने 2026 की जनगणना के साथ जातिगत जनगणना कराने की घोषणा की है। इसे उन्होंने सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। कहा, यह राहुल गांधी की जीत है। पटेल ने कहा कि राहुल गांधी ने जिला कांग्रेस कमेटी ने किया पत्रकार वार्ता का आयोजन। जातिगत जनगणना को राष्ट्रीय बहस का मुद्दा बनाया। भाजपा की वंचित-विरोधी नीतियों को उजागर किया। यह फैसला मध्य प्रदेश की जनता की ओर से राहुल गांधी को सलाम करने का मौका है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहर सिंह रघुवंशी ने बताया कि 8 मई से श्जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्राश् शुरू होगी। यह यात्रा हर ब्लॉक स्तर तक जाएगी। राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

कलेक्टर की अभिनव पहल – समर कैंप में बच्चे खेल-खेल में कर रहे पढ़ाई

0

विदिशा / बच्चों ने साल भर स्कूल में जो सीखा है वह ग्रीष्म अवकाश के दौरान भूल न जाए और पढ़ाई से जुड़े रहें, यह सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने अभिनव पहल की है। इसके लिए प्रथम एनजीओ के माध्यम से समर कैंप का आयोजन संपूर्ण जिले के सभी ग्रामों में किया जा रहा है। समर कैंप में बच्चों को ग्राम के ही पढ़े लिखे नौजवान बच्चों की सुविधा अनुसार समय एवं स्थान का निर्धारण कर खेल एवं अन्य गतिविधियों के साथ पढ़ाई भी कराते है। यह कार्य उनके द्वारा वॉलेंटियर के रूप में निःशुल्क स्वेच्छा से किया जा रहा है। जिले में लगभग 2000 वॉलेंटियर एक लाख बच्चों को इस प्रकार शिक्षा से ग्रीष्म अवकाश के दौरान जोड़े हुए हैं। डीपीसी आरपी लखेर ने बताया कि सबसे पहले 25 अप्रैल को डाइट में जिले के सभी सीएसी को प्रथम संस्था द्वारा प्रशिक्षित किया गया तथा समर कैंप ऐप इंस्टॉल कर कर उपयोग करना बताया गया। सीएसी द्वारा जिले के सभी शिक्षकों को जनशिक्षा केंद्र पर प्रशिक्षित किया गया। शिक्षकों ने प्रत्येक ग्राम में वॉलेंटियर तलाश कर उन्हें प्रशिक्षण दिया और अब यही वॉलेंटियर अवकाश के दौरान शिक्षा की अलख जगाए हुए हैं।

नपा कर्मचारी घर-घर जाकर कर रहे ई-केवाईसी, अब 15 मई है अंतिम तारीख

0

विदिशा / नगरीय प्रशासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। जिन लोगों की केवाईसी नहीं होगी, उन्हें शासन की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। नगर पालिका के कर्मचारी घर-घर जाकर केवाईसी कर रहे हैं। नगर पालिका का 50 प्रतिशत स्टाफ इसी काम में लगा है। नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार नगरीय क्षेत्र में कुल 2 लाख 33 हजार 986 लोगों की केवाईसी होना जरूरी है। अब तक 1 लाख 2 हजार 547 लोगों की
केवाईसी बाकी है। यानी 51 प्रतिशत केवाईसी पूरी हो चुकी है, 49 प्रतिशत अभी शेष है। अभी कई नागरिकों की दो-दो जगहों पर समग्र आईडी बनी हुई हैं। जब वे शासन की योजनाओं के लिए पोर्टल पर फार्म भरते हैं, तो फार्म रिजेक्ट हो जाता है। इसके बाद उन्हें अफसरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अब शासन ने केवाईसी अनिवार्य कर दी है। केवाईसी के बाद एक ही समग्र आईडी से नाम जुड़ा रहेगा। दूसरी समग्र आईडी से नाम अपने आप हट जाएगा। इससे नागरिक योजनाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे।
यहां बढ़ाई 15 दिन की अवधि, 13 प्रतिशत शेष
खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा की जा रही ई केवाईसी की अंतिम तारीख 30 अप्रैल थी, लेकिन अंतिम तारीख तक सिर्फ 87ः प्रतिशत लोगों ने ही अपनी ई-केवाईसी करवाई है। अब 13ः लोगों के लिए शासन ने 15 दिन की अवधि बढ़ाकर 15 मई तक लोगों के लिए ई-केवाईसी करने का समय दिया है। यदि इस दौरान नई ई केवाईसी नहीं करते तो जिन हितग्राहियों को राशन दुकान से राशन मिलता था, उनका राशन मिलना बंद हो जाएगा

दो चोरों ने की थी 6 लाख रुपए की चोरी, गिरफ्तार

0

कुरवाई / भोपाल के दो कुख्यात चोर कुरवाई में चोरी की वारदातों को अंजाम देने आते थे। 24 अप्रैल को दोनों ग्राम भौंरासा के एक मकान में रुके। रात के अंधेरे में चोरी करने निकले। उन्होंने सीनियर एडवोकेट नवीन जैन के सूने घर को निशाना बनाया। मकान में सेंध लगाकर तीन अलमारियां तोड़ीं। वहां से करीब 6 लाख रुपए के जेवर और नकदी चोरी की। एसपी रोहित काशवानी द्वारा गठित विशेष टीम की मदद से कुरवाई पुलिस ने दोनों चोरों को भोपाल से गिरफ्तार किया। आरोपियों के नाम इरफान नंगा पिता इमदाद वेग और साजिद मोटा पिता बाबू खां हैं। दोनों अटल अयूब नगर झुग्गी बस्ती भोपाल के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने चोरी कबूल की।
इनके पास से चोरी गया माल बरामद हुआ। इसमें सोने का हार 3 तोला, सोने की चेन 1.5 तोला, एक जोड़ी सोने की कनछड़ी 0.5 ग्राम, तीन जोड़ी चांदी की पायल 200
चोरों से जब्त किए जेवर
ग्राम, चार जोड़ी चांदी की बिछिया, एक जोड़ी चांदी के टॉप्स 50 ग्राम और बुलेट मोटरसाइकिल एमपी 04 केएम 7183 शामिल है। कुल बरामद माल की कीमत 6 लाख रुपए है। टीआई आर के मिश्रा ने बताया कि मामला थाना कुरवाई में दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बनी विशेष टीम ने तकनीकी इन्पुट, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल की जांच की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार इरफान नंगा पर 92 आपराधिक मामले दर्ज हैं। साजिद मोटा पर एक दर्जन से ज्यादा केस हैं। दोनों पर एनएसए की कार्रवाई हो चुकी है।

बारातियों से भरी पिकअप के चालक ने स्टेयरिंग मोड़ा, अनियंत्रित होने से पलटी, चार की मौत

0

विदिशा / लटेरी तहसील की आरी घाटी में गुरुवार रात 10 बजे बारातियों से भरी एक पिकअप पलट गई। इसमें सवार 16 लोगों में से 3 की मौके पर मौत हो गई। वहीं, एक घायल की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। एक मरीज को गंभीर हालत होने पर डॉक्टरों ने भोपाल रेफर कर दिया। 7 मरीज विदिशा जिला अस्पताल और 3 लटेरी अस्पताल में भर्ती हैं। उनका अभी इलाज चल रहा है। पिकअप में सवार घायल किशोर टाक्या ने बताया कि जिस जगह घटना हुई, वहां पर सामने से ट्रक आ रहा था। इससे बचने के लिए ड्रञ्चवर तूफान टाक्या ने गाड़ी की स्टेयरिंग अचानक मोड़ दी। इससे घाटी पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। उनकी गाड़ी के आगे-पीछे बारातियों से भरी 3 और गाड़ियां चल रही थीं, जो सुरक्षित रहीं। घटना की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज का इंतजाम करवाया। विदिशा अस्पताल में भर्ती कराए गए ज्यादातर लोगों के सिर, पैर, हाथ और सीने में चोटें आई हैं।
यह हैं गंभीर घायल
पिकअप पलटने के बाद शांति पत्नी रमेश 50 वर्ष निवासी रतलाम की हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर कर दिया है। वहीं, जिला जिला अस्पताल में भर्ती मरीज।अस्पताल में जितेंद्र पुत्र कालू 16 वर्ष, हेमराज पुत्र कालू 12 वर्ष, रागिनी पुत्र किशोर 3 वर्ष, लक्ष्मी पत्नी किशोर 22 वर्ष, अजय पुत्र संतोष 11 वर्ष, नंदू पुत्र सुखराम 40 वर्ष, द्वारिका पुत्र नंदी 35 वर्ष का उपचार चल रहा है
बारात में शामिल छोटू पुत्र हुकुम 12, किशोर पुत्र करप, तूफान पुत्र कालू, दीपक पुत्र हुकुआ, रीना पुत्र मुकेश का लटेरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है।
पिकअप में सवार इन 4 लोगों की हो गई मौत
मरीजों की हालत देखने पहुंचे
सीएमएचओ डॉ. योगेश तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. आरएल सिंह ने बताया कि नारायण पुत्र कालू उम्र 20 वर्ष मानपुरा रतलाम, गोकुल माता कमलाबाई 18 वर्ष करोदिया रतलाम, बसंती बाई पति हुकुम सिंह 32 वर्ष निवासी बरोड़ खंडवा की लटेरी में मौत हो गई, जबकि हजारी पुत्र बिहारी 40 वर्ष सिवनी बनापुरा की जिला अस्पताल में मौत हो गई।
अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को भेजा अस्पताल
हादसे की जानकारी लगने पर अधिकारी पूरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। घायलों को अस्पताल भेजने के लिए जो साधन मिला, उससे लटेरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा दिया था। इसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद 8 घायलों की हालत गंभीर होने पर विदिशा रेफर कर दिया है। मामले में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर रहे हैं। -जय कुमार सिंह, टीआई थाना लटेरी जिला विदिशा
महू के मानपुर से सिरोंज आई थी बारात
बारात में शामिल किशोर टाक्या ने बताया कि महू जिले के मानपुर गांव से सिरोंज बारात लेकर आए थे। शादी पूरी होने के बाद रात 10 बजे के करीब चार गाड़ियों से बारात वापस जा रही थी, जिसमें शामिल हमारी वाली पिकअप पलट गई। पिकअप में 16 लोग सवार थे।
मृतकों के परिजन को दो-दो लाख की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 2-2 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। कलेक्टर और एसपी ने घायलों से बातचीत कर घटना की जानकारी प्राप्त की।

लव जिहाद पर बनी फिल्म “अब होगा इंसाफ” का भोपाल में होगा प्रदर्शन।

0

एसआरडी फिल्म्स आर्ट के बैनर तले बनी हिंदी फीचर फिल्म अब होगा इंसाफ का विश्व संवाद केंद्र में शनिवार को प्रदर्शन किया जाएगा। ये फ़िल्म सत्य घटना पर आधारित है,जिसमे लव जिहाद जैसे गंभीर मुद्दे को दिखाया गया है। आज समाज मे जिस तरह से इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही है,ऐसे में जरूरी है कि इस तरह की फिल्में युवाओं को दिखाई जाए और उनको गलत रास्ते पर चलने से रोका जा सकता है।

सतपुड़ा चल चित्र समिति के द्वारा हाल ही में आयोजित कराए गए ग्वालियर शार्ट फ़िल्म फेस्टिवल में जो फिल्में विजेता घोषित की गई थी उन फिल्मों  का प्रदर्शन भोपाल के विश्व संवाद केंद्र में किया जा रहा है। जिसमे फ़िल्म के निर्देशक विजय तिवारी सहित फ़िल्म के कलाकार भी मौजूद रहेंगे। 

दिल्ली श्रद्धा मर्डर केस पर आधारित इस फ़िल्म में दिखाया गया है कि किस तरह से कुछ लोग लव जिहाद के इन रैकेट को चला रहे है और धर्म के नाम पर,या पैसों का लालच देकर युवाओं की जिंदगियां बर्बाद कर रहे है। फ़िल्म में चिड़िया घर,गुठली लड्डू जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके सीनियर कलाकार आरिफ शाहड़ोली ने मुख्य भूमिका निभाई है। वही लापता लेडीज के दद्दा जी मतलब बलराम शर्मा जी ने भी इस फ़िल्म में काम किया है,इसी के साथ वेब सीरीज हथकड़ी के सचिन दाहिया,राधा कृष्ण सीरियल के अजय कुबेर, भोजपुरी के साथ हिंदी फिल्म पतंग की हिरोइन सपना भोज,अनिल गोयल,रजत राजपूत,डॉक्टर ज्योति मिश्रा,नीलम दोहरे, राजेश वर्मा,फारूख,सागर,अजय सोनी हरिओम,सहित अन्य कलाकारों ने काम किया है।

भारत स्‍काउट एवं गाइड राज्‍य पुरस्‍कार प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का उद्घाटन

0

राजगढ़़/ पचोर पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय कचनारिया, सुस्तानी में पाँच दिवसीय भारत स्काउट एवं गाइड राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण एवं जाँच शिविर (एनवीएस स्‍टेट भोपाल) का उ‌द्घाटन सांसद श्री रोडमल नागर के द्वारा किया गया। सांसद श्री नागर ने प्रशिक्षण शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण का महत्व समझाते हुए जीवन में इसे अपनाने पर जोर दिया। जीवन के लिए ऑक्सीजन, पानी व पेड का महत्व बताया तथा प्रत्येक जन को एक पेड मॉ के नाम अभियान के अन्तर्गत लगाने का आहवान किया। साथ ही पेड़ की देखभाल करने का भी आहवान किया।

इस अवसर पर सांसद श्री रोड़मल नागर द्वारा विद्यालय में आयोजित पीएम श्री स्कूल गतिविधियों की रिपोर्ट का विमोचन भी किया। प्रभारी प्राचार्य श्री विकास गुप्ता ने सांसद का पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय की तरफ से आभार व्यक्त किया। उक्‍त शिविर में म०प्र० के 21 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 117स्काउट एवं 128  गाइड  कुल 245 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

परीक्षा केन्‍द्रों पर कोई भी आपत्तिजनक सामग्री अन्‍दर न जाए यह सुनिश्चित करें – कलेक्‍टर

0

जिले में 04 मई,2025 को आयोजित होने वाली NEET UG ( 2025 ) परीक्षा की तैयारियों के संबंध में कलेक्‍टोरेट सभागार में कलेक्‍टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्‍यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्‍टर ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्‍द्रों पर पानी, टेंट एवं परीक्षार्थी के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए परीक्षा केन्‍द्र के बाहर भी टेंट, पानी व कूलर की व्‍यवस्‍था करे। इस अवसर पर बैठक में वीसी के माध्‍यम से पुलिस अधीक्षक श्री आदित्‍य मिश्रा भी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्‍टर ने सभी कार्यपालक मजिस्‍ट्रेट एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केन्‍द्रों पर कोई भी आपत्तिजनक सामग्री अंदर न जाएं यह सुनिश्चित करे। पेपर की सुरक्षा में कोई कोताही बर्दाश नहीं की जाएगी। जिले में चार परीक्षा केन्‍द्रों में पीएमश्री केन्‍द्रीय विद्यालय राजगढ़ में 480, शासकीय उत्‍कृष्‍ट विद्यालय राजगढ़ में 302, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज राजगढ़ में 360 एवं पीएमश्री कन्‍या हाई सेकेण्‍डरी स्‍कूल ब्‍यावरा में 408 चारो केन्‍द्रों पर 1550 प्रतिभागी परीक्षा में भाग लेंगे।

04 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। अभ्यार्थी को परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों के पहुचने का समय प्रवेश पत्र में दर्शाए गये समय के अनुसर प्रातः 11:00 बजे से अपराहन 01:30 तक ही रहेगा। साथ ही प्रवेश पत्र में दर्शाए गये प्रतिबंधित वतुओं जैसे संचार उपकण / इलेक्ट्रोनिक उपकरण/ घड़ी / बेल्ट इत्यादि वस्तु पाए जाने पर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी। अभ्यार्थी प्रवेश पत्र पर दिए गये सभी निर्देशो का पालन करना होगा । बैठक में अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री आलोक कुमार शर्मा, डिप्‍टी कलेक्‍टर सुश्री निधि भारद्वाज, केन्‍द्र अध्‍यक्ष सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें : राज्यमंत्री श्रीमती गौर

0

भोपाल/ पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र की विभिन्न कालोनियों का भ्रमण के दौरान रहवासियों से कहा कि क्षेत्र में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दे । उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों को समय पर सफाई करने के लिए कहे । उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने आज गोविंदपुरा क्षेत्र के खेजड़ा में नाली निर्माण , स्ट्रीट लाइट, पेयजल से जुड़ी नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भानपुर मल्टी के रहवासियों से भेंट कर जल आपूर्ति की समय सीमा बढ़ाने के लिए निर्देश दिए। इसी क्रम में 40 लाख की लागत से बनने वाले मुख्य मार्ग से भानपुर मल्टी तक सड़क कार्य का भूमिपूजन किया ।

भानपुर मल्टी के रहवासियों के घरों के चारों तरफ गंदगी देख अप्रसन्नता प्रकट की ।

महोली में भ्रमण के दौरान स्थानीय रहवासियों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनी और स्थानीय अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। स्थानीय रहवासियों ने सांस्कृतिक उत्सव के लिए बने शेड के आस पास बाउंड्रीवाल, सीवेज, पेयजल आपूर्ति समस्या से अवगत कराया है । उन्होंने समस्याओं का जल्द और स्थाई समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए । साथ ही हाईमास्ट लाइट लगाने को भी निर्देशित किया है। महोली के शासकीय स्कूल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां पर पेवर ब्लॉक लगवाए जाएंगे और कम्युनिटी हॉल बनाया जाएगा। उन्होंने दामखेड़ा में रोड नाली और स्ट्रीट लाइट की समस्या का निराकरण किया। इकोग्रीन पार्क में रहने वाले 150 परिवारों ने बिल्डर के द्वारा की जा रही गलत कार्रवाई से राज्यमंत्री को अवगत कराया। दरअसल, बिल्डर कॉलोनी वालों को बिजली विभाग के मीटर लगाने के कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहा है और बिल्डर द्वारा कॉलोनी वालों से मनचाही दर से बिल की वसूली की जा रही है।

कोलुआ कलां के रहवासियों ने रोड चोड़ीकरण की मांग की है। सड़क चौड़ीकरण करने के लिए पहले अतिक्रमण हटाए जाएंगे, उसके बाद रोड का कार्य किया जाएगा। यहां पर शासकीय माध्यमिक शाला की जर्जर हो रही बिल्डिंग की मरम्मत कराई जाएगी। कैलाश नगर सेमरा में स्ट्रीट लाइट, नाली, सड़क निर्माण व सफाई नहीं होने की शिकायत रहवासियों ने की। इस दौरान पार्षद श्रीमती शकुन लोधी, श्री राजू लोधी, श्री विकास पटेल, श्री राजू राठौड़, मंडल अध्यक्ष नीलेश गोर सहित बड़ी संख्या में रहवासी, कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

विभागीय भर्ती और उपकरण खरीदी समय से करें पूर्ण: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

0

भोपाल / उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय, भोपाल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की लम्बित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को यथोचित कार्रवाई के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि संविदा कर्मियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने निर्देश दिया कि विभागीय रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाये। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल विभिन्न विभागीय विषयों की समीक्षा कर रहे थे।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अधोसंरचना विकास के कार्यों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीदी की कार्यवाही में गति लाने के निर्देश भी दिए, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुलभ हो सकें। समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रबंध संचालक डॉ. सलोनी सिडाना सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।