Home Blog Page 659

देवास मंदिर विवाद : विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला ने साथियों संग किया सरेंडर, पुजारी से मांगी माफी; छुए पैर

0
भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला

इंदौर/देवास। देवास की प्रसिद्ध चामुंडा माता टेकरी मंदिर में आधी रात हुए विवाद के बाद अब पूरा मामला सियासी रंग ले चुका है। इंदौर-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने मंगलवार (15 अप्रैल) को चार साथियों के साथ थाने में सरेंडर किया और जमानत पर रिहा होकर सीधे मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के पुजारी से माफी मांगी। विवाद की शुरुआत मंदिर के पट खोलने को लेकर हुई थी।

सरेंडर के बाद मंदिर पहुंचकर मांगी माफी

मंगलवार (15 अप्रैल) को रुद्राक्ष शुक्ला और उनके चार साथी- अनिरुद्ध पंवार, अमन शुक्ला, लोकेश चांदवानी और मनीष तेजवानी कोतवाली थाने पहुंचे और सरेंडर किया। पुलिस ने निजी मुचलके पर उन्हें जमानत दी। इसके बाद रुद्राक्ष सीधा माता टेकरी पहुंचे, उन्होंने टेकरी पर मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा देवी के दर्शन किए। जिसके बाद रुद्राक्ष ने मुख्य पुजारी दामूनाथ को दंडवत प्रणाम किया और फिर पुजारी महेशनाथ के बेटे उपदेशनाथ के पैर छूकर माफी मांगी। मंदिर में ही शॉल ओढ़ाकर पिता-पुत्र का सम्मान किया गया। इसके साथ ही सभी पुजारियों को भोजन पर इंदौर में आमंत्रित किया।

क्या है पूरा मामला

11 अप्रैल की रात करीब 12 बजे भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला अपने 30 से अधिक साथियों के साथ दर्जनभर गाड़ियों के काफिले में देवास की माता चामुंडा टेकरी पहुंचे थे। मंदिर बंद हो चुका था, लेकिन आरोप है कि इन्होंने पुजारी से जबरन पट खोलने की मांग की।

पुजारी के मना करने पर विवाद हो गया। पुजारी के बेटे उपदेशनाथ से मारपीट और धमकी देने के आरोप लगे। मामला थाने तक पहुंचा और वीडियो फुटेज भी सामने आया।

छत्तीसगढ़ : कोंडागांव-नारायणपुर बॉर्डर पर मुठभेड़, 13 लाख के इनामी 2 नक्सली ढेर; AK-47 और विस्फोटक बरामद

0
छत्तीसगढ़ : कोंडागांव-नारायणपुर बॉर्डर पर मुठभेड़, 13 लाख के इनामी 2 नक्सली ढेर; AK-47 और विस्फोटक बरामद

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच एक और बड़ा एनकाउंटर हुआ है। कोंडागांव और नारायणपुर जिले की सीमा पर स्थित किलम-बरगुम के घने जंगलों में मंगलवार शाम को हुई मुठभेड़ में जवानों ने 13 लाख रुपए के इनामी दो कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है। घटनास्थल से एके-47 राइफल समेत कई हथियार, विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की गई है।

खुफिया सूचना के बाद शुरू किया ऑपरेशन

पुलिस को जानकारी मिली थी कि, कोंडागांव और नारायणपुर जिले की सीमा पर किलम-बरगुम के जंगलों में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद 15 अप्रैल को जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। जैसे ही टीम इलाके में पहुंची, सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त गोलीबारी शुरू हो गई। देर रात तक दोनों तरफ से गोलीबारी हुई, सुरक्षाबल रातभर जंगल में डटे रहे।

दो खूंखार नक्सली ढेर

बुधवार (16 अप्रैल) सुबह सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव बरामद हुए। इनकी पहचान पूर्वी बस्तर डिवीजन के DVCM (डिविजनल कमांडर) हलदर और ACM (एरिया कमेटी मेंबर) रामे के रूप में हुई है।

हलदर पर 8 लाख और रामे पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। दोनों को राज्य की मोस्ट वांटेड नक्सली लिस्ट में शामिल किया गया था।

AK-47 समेत विस्फोटक बरामद

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक एके-47 रायफल, अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सलियों का दैनिक उपयोग का सामान बरामद हुआ है। इससे साफ है कि, नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे।

IG ने की पुष्टि

बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए इसे सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि, इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बलों की सतर्कता बरकरार है।

2025 में अब तक 148 नक्सली ढेर

इस मुठभेड़ के साथ ही साल 2025 में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक 148 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से अधिकांश मुठभेड़ बस्तर डिवीजन के सात जिलों- दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर और बस्तर में हुई हैं।

हाल के कुछ बड़े एनकाउंटर:

31 मार्च: दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर 45 लाख की इनामी महिला नक्सली ढेर

29 मार्च: सुकमा-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर 16 नक्सली मारे गए

20 मार्च: कांकेर व दंतेवाड़ा क्षेत्र में 30 नक्सली ढेर

9 फरवरी: बीजापुर में एक ही दिन में 31 नक्सली मारे गए

2024 में भी नक्सलियों पर भारी पड़ा था ऑपरेशन

पिछले साल 2024 में भी पुलिस की ओर से चलाए गए बड़े ऑपरेशनों में 163 नक्सली मारे गए थे। इनमें सबसे बड़ा एनकाउंटर 4 अक्टूबर को थुलथुली में हुआ था, जहां 38 नक्सली ढेर किए गए थे।

छत्तीसगढ़ पुलिस की DRG और बस्तर फाइटर्स यूनिट्स लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही हैं। पिछले कुछ महीनों में जिस तरह एक के बाद एक मुठभेड़ में इनामी नक्सली मारे जा रहे हैं, उससे नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस की रणनीति में सटीक खुफिया जानकारी, जंगलों में गहराई तक सर्चिंग और लोकल फोर्स के बेहतर समन्वय का बड़ा योगदान माना जा रहा है।

DU में क्लासरूम-गोबर विवाद : DUSU अध्यक्ष ने प्रिंसिपल ऑफिस की दीवारों पर लगाया गोबर, VC बोले- रिसर्च घर से शुरू करें

0
दिल्ली यूनिवर्सिटी के लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. प्रत्यूष वत्सला ने कक्षाओं की दीवारों पर गोबर और मिट्टी का लेप कराया

नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी के लक्ष्मीबाई कॉलेज में इन दिनों गर्मी से राहत पाने का देसी तरीका विवादों में है। कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. प्रत्यूष वत्सला ने कक्षाओं की दीवारों पर गोबर और मिट्टी का लेप कराया। उनका दावा है कि, यह एक रिसर्च प्रोजेक्ट का हिस्सा है जिससे कमरों का तापमान कम किया जा सकता है। वहीं दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) प्रेसिडेंट रौनक खत्री ने मंगलवार को प्रिंसिपल प्रत्यूष वत्सला के ऑफिस की दीवारों पर गाय का गोबर लगा दिया।

गोबर लीपते वीडियो से मचा हंगामा

प्रिंसिपल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे खुद एक क्लास की दीवार पर गोबर लगाती दिखीं। उन्होंने कहा कि, यह “पारंपरिक भारतीय ज्ञान का उपयोग करके थर्मल स्ट्रेस कंट्रोल” विषय पर चल रहे शोध का हिस्सा है। प्रोजेक्ट की निगरानी कॉलेज की ही एक फैकल्टी सदस्य कर रहा है और इसका डेटा एक हफ्ते में सार्वजनिक किया जाएगा।

DUSU प्रेसिडेंट ने जताया विरोध

प्रिंसिपल के इस कदम का विरोध करते हुए मंगलवार (15 अप्रैल) को DUSU अध्यक्ष रौनक खत्री कॉलेज पहुंचे और प्रिंसिपल ऑफिस की दीवारों पर गोबर का लेप लगा दिया। प्रिंसिपल उस वक्त ऑफिस में नहीं थीं, इसलिए खत्री ने वाइस प्रिंसिपल से बात की और कहा- “जब छात्र गोबर से ठंडा माहौल झेल सकते हैं तो प्रिंसिपल भी इसमें काम कर सकती हैं।”

DUSU अध्यक्ष बोले- ठंडक सबको मिलनी चाहिए

रौनक खत्री ने सोमवार (14 अप्रैल) को ही एक वीडियो जारी कर कहा था कि, देखिए, ये है विकसित भारत की टेक्नोलॉजी। प्रिंसिपल क्लासरूम में गोबर लगा रही हैं ताकि ठंडक बनी रहे। अब हम उनके ऑफिस में भी यही करेंगे ताकि वे भी महसूस करें कि ये तकनीक कितनी कारगर है।

कुलपति ने जताई नाराजगी

DU वाइस चांसलर प्रो. योगेश सिंह ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- “अगर ये तरीका कारगर है तो प्रिंसिपल को पहले अपने घर या ऑफिस में इसका प्रयोग करना चाहिए था। कॉलेज में पंखों और कूलर की कमी है तो प्रिंसिपल ने इस दिशा में अब तक क्यों नहीं सोचा? कॉलेज के पास पर्याप्त फंड होते हैं, उनका सही उपयोग होना चाहिए।”

छात्राएं भी विरोध में उतरीं

कॉलेज की छात्राओं ने भी इस देसी प्रयोग का विरोध किया। उन्होंने कहा- “क्लास में पंखे नहीं चलते, पीने का पानी नहीं है, शौचालय खराब हालत में हैं, लेकिन प्रिंसिपल गोबर लगाने में व्यस्त हैं। क्या यही विकास है?”

प्रिंसिपल ने क्या कहा?

प्रो. प्रत्यूष वत्सला ने कहा- “मैंने खुद एक कमरे की दीवार पर गोबर लगाया। यह स्वदेशी तकनीक है और रिसर्च के अंतर्गत किया जा रहा है। अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जबकि मैंने खुद शिक्षकों के साथ वीडियो साझा किया था।”

नेशनल हेराल्ड केस : देशभर में ED ऑफिस के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, सोनिया-राहुल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने का विरोध

0
बुधवार को सुबह ही पार्टी के पुराने मुख्यालय 24 अकबर रोड पहुंच गए और अपने नेताओं के पक्ष और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

नई दिल्ली। कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पार्टी के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने के विरोध में बुधवार को देशभर में ED दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति का आरोप लगाया। वहीं दिल्ली में पार्टी मुख्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है।

सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता बुधवार को सुबह ही पार्टी के पुराने मुख्यालय 24 अकबर रोड पहुंच गए और अपने नेताओं के पक्ष और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बता दें कि ED ने कांग्रेस के नेशनल हेराल्ड अखबार और एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) से जुडे मनी लॉन्ड्रिंग केस में मंगलवार को पहली चार्जशीट दाखिल कर दी। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे के नाम शामिल हैं।

यह राजनीति से प्रेरित मामला है : पायलट

कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि यह सब राजनीति से प्रेरित मामला है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “यह राजनीति से प्रेरित मामला है। हमें न्यायिक प्रणाली पर भरोसा है। हम इसे कानूनी रूप से लड़ेंगे। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को जानबूझकर निशाना बनाया गया है।” पायलट ने कहा कि यह सब विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए किया गया हैl

कांग्रेस से आरएसएस के लोग चिढ़ते हैं : पवन खेड़ा

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने दावा किया, “नेशनल हेराल्ड, गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी से 1947 से पहले अंग्रेज़ चिढ़ते थे, आज 2025 में आरएसएस के लोग चिढ़ते हैं। ” उन्होंने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी तब भी मजलूमों की आवाज थी और आज भी है। खेड़ा ने कहा, “जिस गैर लाभकारी कंपनी में एक रुपए का भी लेन देन नहीं हुआ, कोई संपत्ति हस्तांतरित नहीं की गई, उस पर धन शोधन का मामला दर्ज करना मोदी के डर का परिचायक है।

कोर्ट में 25 अप्रैल को सुनवाई

राउज एवेन्यू कोर्ट इस मामले की सुनवाई 25 अप्रैल को करेगा। कोर्ट ने ED से मामले की केस डायरी भी प्रस्तुत करने को कहा है। यह चार्जशीट इस हाई-प्रोफाइल केस में एक अहम मोड़ माना जा रहा है, जिसमें कई कांग्रेस के दिग्गज नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

चार्जशीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस मीडिया सेल के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा, “नेशनल हेराल्ड की संपत्ति जब्त करना कानून के शासन की आड़ में राज्य प्रायोजित अपराध है। यह सिर्फ बदले की राजनीति है और पीएम मोदी की धमकी की राजनीति का हिस्सा है।”

सोनिया-राहुल से की गई थी लंबी पूछताछ

नेशनल हेराल्ड केस में ED ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जून 2022 में पांच दिनों में करीब 50 घंटे पूछताछ की थी। वहीं, सोनिया गांधी से 21 जुलाई 2022 को तीन दिनों में 12 घंटे तक सवाल-जवाब हुए थे। इस दौरान सोनिया गांधी से 100 से ज्यादा सवाल पूछे गए थे।

क्या है नेशनल हेराल्ड मामला

यह मामला 2012 में BJP नेता डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल याचिका से शुरू हुआ। आरोप है कि नेशनल हेराल्ड अखबार को प्रकाशित करने वाली कंपनी एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) को कांग्रेस नेताओं ने धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के जरिए अपने नियंत्रण में लिया। इसके लिए एक नई कंपनी यंग इंडियन लिमिटेड बनाई गई, जिसमें सोनिया और राहुल गांधी की प्रमुख हिस्सेदारी है। स्वामी के अनुसार, यंग इंडियन के जरिए 2000 करोड़ रुपए की संपत्तियों वाली AJL को महज 50 लाख रुपए में अधिग्रहित किया गया। यह सारा कदम दिल्ली के बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित हेराल्ड हाउस की बेशकीमती जमीन और अन्य संपत्तियों पर कब्जे के इरादे से उठाया गया।

अब तक मामले में क्या-क्या हुआ

जून 2014 : कोर्ट ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत अन्य आरोपियों को समन जारी किया।

अगस्त 2014 : ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया।

दिसंबर 2015 : पटियाला हाउस कोर्ट ने सभी आरोपियों को जमानत दे दी।

अमित शाह का भतीजा बनकर की 3.90 करोड़ रुपए की ठगी, अब आरोपी को नहीं मिल रही कोर्ट से राहत

0

दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 3.90 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले आरोपी अजय कुमार नय्यर को जमानत देने से इनकार कर दिया है। उसने खुद को अमित शाह का भतीजा बताया और राष्ट्रपति भवन के लिए लैदर की सप्लाई का 90 करोड़ का सरकारी टेंडर दिलाने का झांसा देकर रूपए ठग लिए थे।

ऐसे दिया व्यापारी को टैंडर का झासा

मामले की शुरुआत जून 2020 में हुई, जब जालंधर के एक व्यापारी से खुद को गृह मंत्री का रिश्तेदार बताकर अजय मिला। उसने बताया कि वो राष्ट्रपति भवन के लिए लैदर की सप्लाई का टेंडर दिला सकता है, जिसकी कुल कीमत 90 करोड़ रुपये हैं, जिसके बाद व्यापारी उसके झासे में आ गया और अजय ने व्यापारी से करीब 3-4 करोड़ रूपए ठग लिया। जब व्यापारी को शक हुआ तो पूरा मामले का पता चला।

आरोपी के वकील ने मांगी जमानत

आरोपी अजय के वकील ने कोर्ट में अपील की कि वह पिछले तीन साल से जेल में है, चार्जशीट फाइल हो चुकी है और उसके अकाउंट में पैसे आने के कोई पक्के सबूत भी नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाकी सह आरोपियों को जमानत मिल चुकी है,  इसलिए अजय को भी राहत दी जाए।

कोर्ट ने खारिज की जमानत की याचिका

कोर्ट ने यह याचिका खारिज करते हुए कहा कि आरोपी ने लोगों को गुमराह करने के लिए सरकारी पद का झूठा नाम लेकर भारी रकम वसूली हैं । ऐसे धोखाधड़ी के मामलो को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. हरदीप कौर ने कहा कि आरोप गंभीर हैं और अजय की इस अपराध में सक्रिय भूमिका रही है, इसलिए उसे जमानत नहीं दी जा सकती। अजय ने अपनी गिरफ्तारी को लेकर हाईकोर्ट में एक और याचिका की है, जिस पर 30 अप्रैल को सुनवाई होगी।

पूरन, मार्श ने लखनऊ को केकेआर पर दिलाई चार रन से रोमांचक जीत

0

कोलकाता।  के पांच मैचों में चौथे अर्धशतक और निकोलस पूरन के 36 गेंद में नाबाद 87 रन की मदद से लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मंगलवार को आईपीएल के रोमांचक मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 4 रन से हरा दिया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर तीन विकेट पर 238 रन बनाए। जवाब में कप्तान अजिंक्य रहाणे के 35 गेंद में 61 रन की मदद से एक समय जीत की ओर बढ़ती दिख रही मेजबान टीम सात विकेट पर 234 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही अंक तालिका में लखनऊ छह अंक लेकर पांचवे स्थान पर है, जबकि केकेआर चार अंक लेकर छठे स्थान पर बनी हुई है। इससे पहले करीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान में लखनऊ के सलामी बल्लेबाजों एडेन माक्ररम और मार्श ने 62 गेंद में 99 रन की सलामी साझेदारी की। माक्ररम ने 28 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। वहीं, मार्श ने 48 गेंद में 81 रन बनाए, जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे। पूरन ने 36 गेंद में 7 चौकों और 8 छक्कों के साथ 87 रन की नाबाद पारी खेली।

MP के महापौरों ने CM से मांगा गनमैन, टेंडर लेकर काम न करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

0
शहरों के विकास में महापौरों का अहम योगदान - डॉ. मोहन यादव

भोपाल। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से 12 शहरों के महापौरों ने मुलाकात की और अपनी मांगों का एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने गनमैन और राज्यमंत्री का प्रोटोकाल देने की मांग की है।  नगरीय विकास विभाग के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गृह विभाग को इस संबंध में पत्र लिखने की बात कही है। मंत्री विजयवर्गीय ने महापौरों से कहा है कि कम टेंडर पर कई ठेकेदार ठेका ले लेते हैं। लेकिन काम नहीं करते। ऐसे ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जरूरत है। वहीं नगर निगम आयुक्तों से कहा गया है कि वे महापौरों के साथ तालमेल बनाकर काम करें।

सीएम ने किया नगर निगमों के विकास का ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी नगर निगमों में विकास समिति बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इन समितियों में डॉक्टर, इंजीनियर, सिटी प्लानर, प्रोफेसर, और शिक्षक जैसे विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा ताकि शहरों का समग्र विकास हो सके। मुख्यमंत्री ने महापौरों से कहा कि वे अपने शहरों के विकास के लिए पूरी ताकत और समर्पण से काम करें, ताकि मध्यप्रदेश के शहर विकास के मामले में अन्य राज्यों से आगे निकल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि नगर विकास के रोडमैप पर लगातार चर्चा की जाएगी ताकि शहरों को स्मार्ट और विकसित बनाया जा सके।

महापौर संघ ने मुख्यमंत्री से की ये मांगें

म.प्र. महापौर संघ के अध्यक्ष और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में प्रदेश के 12 महापौरों ने सोमवार को समत्व भवन में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस अवसर पर महापौरों ने अपने-अपने शहरों के विकास के लिए अपनी मांगें रखी। महापौर संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें महापौरों के लिए प्रोटोकॉल बनाए जाने, उनके वित्तीय अधिकार बढ़ाने, नगर निगमों में अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी को दूर करने और प्रत्येक महापौर को एक सुरक्षाकर्मी देने की मांग की गई।

गनमैन देने की प्रक्रिया को जल्द शुरू होगी

नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के नगर निगमों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए हरसंभव मदद प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि निकायों को और अधिक अधिकार देकर उन्हें मजबूत किया जाएगा ताकि वे अपने शहरों के विकास में स्वायत्त रूप से निर्णय ले सकें। इसके साथ ही, महापौरों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए गनमैन देने की प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाएगा।

शहरों के विकास में महापौरों का अहम योगदान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महापौरों से कहा कि वे अपने शहरों के पहले नागरिक हैं और उनकी जिम्मेदारी है कि वे नगर और नागरिकों के विकास के लिए अपनी पूरी क्षमता, समर्पण और सेवा भावना से काम करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरों के विकास में महापौरों का अहम योगदान होगा और इसके लिए वे लगातार प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे।

एक्साइज ड्यूटी 2 रुपए बढ़ी… लेकिन आम आदमी को राहत, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में नहीं होगा बदलाव

0

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें पिछले चार सालों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि आम जनता को इस बढ़ोतरी का असर कीमतों में नहीं भुगतना पड़ेगा।

ग्राहकों को नहीं लगेगा झटका

पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से साफ किया गया है कि, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं करने का निर्देश दिया गया है। इसका मतलब है कि, उत्पाद शुल्क बढ़ने के बावजूद पंप पर पेट्रोल-डीजल के दाम जस के तस रहेंगे।

अभी कितनी है एक्साइज ड्यूटी?

पहले:

  • पेट्रोल पर: ₹19.90 प्रति लीटर
  • डीजल पर: ₹15.80 प्रति लीटर

अब (बढ़ोतरी के बाद):

  • पेट्रोल पर: ₹21.90 प्रति लीटर
  • डीजल पर: ₹17.80 प्रति लीटर

क्यों नहीं बढ़ेंगे दाम?

पेट्रोलियम मार्केट विशेषज्ञ नरेंद्र तनेजा के अनुसार, यह एक्साइज ड्यूटी तेल कंपनियों को अपनी कमाई में से चुकानी होगी, यानी कंपनियां यह बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डालेंगी। इसके अलावा पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि, यह अतिरिक्त शुल्क कच्चे तेल की घटी कीमतों से एडजस्ट किया जाएगा।

पेट्रोल-डीजल की कीमतें कैसे तय होती हैं?

भारत में अब पेट्रोल-डीजल की कीमतें रोजाना तय होती हैं और यह निर्भर करती हैं-

  • कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमतों पर
  • डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति पर
  • केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा लगाए गए टैक्स पर
  • देश में फ्यूल की मांग पर

पेट्रोल-डीजल की मौजूदा कीमतें (8 अप्रैल 2025)

शहरपेट्रोल (₹/लीटर)डीजल (₹/लीटर)
नई दिल्ली94.7287.62
मुंबई104.2192.15
कोलकाता103.9490.76
चेन्नई100.7592.34

2014 से अब तक का टैक्स सफर

2014 में जब केंद्र में नई सरकार आई थी, उस समय पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 9.48 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 3.56 रुपए प्रति लीटर थी। बाद में इसे कई बार बढ़ाया गया। 2022 में सरकार ने इसमें कटौती कर राहत दी थी, लेकिन अब फिर से 2 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।

क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट का फायदा

ब्रेंट क्रूड ऑयल फिलहाल 64 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। बीते सप्ताह इसमें लगभग 12% की गिरावट दर्ज की गई। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतें और गिरती हैं तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती संभव है।

अल्लाह ने मुझे किसी मकसद के लिए बचाया…, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का भावुक बयान, मोहम्मद यूनुस पर बोला हमला

0

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग प्रमुख शेख हसीना ने मंगलवार को वर्चुअल तरीके से पार्टी कार्यकर्ताओं और हिंसा में मारे गए नेताओं के परिजनों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अल्लाह ने उन्हें किसी वजह से ही अब तक जिंदा रखा है और वह जल्द देश लौटेंगी। शेख हसीना पिछले साल अगस्त में हुई हिंसा के बाद पीएम पद और देश दोनों छोड़ने को मजबूर हुई थी।

शेख हसीना का मोहम्मद यूनुस पर तीखा हमला

शेख हसीना ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, ‘यूनुस कभी लोगों से प्यार नहीं कर सके। उन्होंने ऊंचे ब्याज पर गरीबों को कर्ज देकर मुनाफा कमाया और विदेशों में आलीशान जिंदगी बिताई।’ उन्होंने आगे कहा कि यूनुस की सत्ता की भूख ने देश को हिंसा की आग में झोंक दिया है।

बांग्लादेश अब आतंक का गढ़ बनता जा रहा है

हसीना ने कहा कि ‘एक समय पर बांग्लादेश को विकास का मॉडल माना जाता था। लेकिन आज हालात बदतर हो चुके हैं। हमारे नेता, पुलिसकर्मी, वकील, पत्रकार और कलाकार सबको निशाना बनाया जा रहा है। मैंने अपने पूरे परिवार को एक दिन में खो दिया था। मैं उस दर्द को समझती हूं।’ 

उन्होंने ये भी कहा कि जो लोग देश में हिंसा फैला रहे हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से उसका वादा भी किया। 

भारत-बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण की चर्चा

शेख हसीना का यह बयान ऐसे समय आया है जब बांग्लादेश की सरकार उनकी वापसी और प्रत्यर्पण की कोशिशों में जुटी है। हाल ही में बिम्सटेक सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोहम्मद यूनुस की थाईलैंड में मुलाकात हुई थी, जहां यूनुस ने हसीना के प्रत्यर्पण की मांग उठाई थी। इसके अलावा पीएम मोदी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर भी चिंता जाहिर की थी।

PM मोदी 11 अप्रैल को आएंगे अशोकनगर के आनंदपुर धाम, अमित शाह और नितिन गडकरी के भी MP दौरे तय

0

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिपरिषद की बैठक से पूर्व संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अप्रैल को अशोकनगर जिले की ईसागढ़ तहसील स्थित श्री आनंदपुर धाम पधार रहे हैं। इस आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी गति से चल रही हैं।

अमित शाह का भोपाल-नीमच दौरा

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 13 अप्रैल को भोपाल आएंगे। इस दौरान राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और दुग्ध संघ के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके साथ ही वे प्रदेश की सहकारिता गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। शाह 17 अप्रैल को नीमच भी दौरे पर रहेंगे।

गडकरी 10 अप्रैल को धार से देंगे 4303 करोड़ की सौगात

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 10 अप्रैल को धार जिले के बदनावर से विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान प्रदेश को कुल 4303 करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं की सौगात मिलेगी, जिनमें शामिल हैं…

  • ग्वालियर पश्चिमी बायपास – 1227 करोड़ रुपए।
  • संदलपुर-नसरुल्लागंज बायपास – 1426 करोड़ रुपए।
  • राहतगढ़-बरखेड़ी बायपास – 330 करोड़ रुपए।
  • सागर बायपास – 688 करोड़ रुपए।

दिल्ली में 12 से 14 अप्रैल तक होगा विक्रमोत्सव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 12 से 14 अप्रैल तक दिल्ली स्थित लाल किला प्रांगण में विक्रमोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित महानाट्य का मंचन होगा। उन्होंने मंत्रिपरिषद के सदस्यों से कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की।

मंदसौर, दमोह, मुरैना और नरसिंहपुर में होंगे एग्रोविजन कार्यक्रम

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के मंदसौर, दमोह, मुरैना और नरसिंहपुर जिलों में इस वर्ष एग्रोविजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, सहकारिता, दुग्ध महासंघ एवं पंचायत विभाग शामिल होंगे।

किसानों को 4012 करोड़ का भुगतान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में गेहूं का उपार्जन न्यूनतम समर्थन मूल्य व बोनस मिलाकर 2600 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर किया जा रहा है। अब तक 21.36 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया, जिससे 2.49 लाख किसानों को कुल 4012 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। गेहूं उपार्जन 5 मई तक चलेगा। इसके अलावा चना, मसूर, सरसों और तुअर की खरीद भी जारी है।