जीके प्रतियोगिता में कक्षा 12 की टीम ने मारी बाजी, कक्षा 8 और 9 को दूसरा-तीसरा स्थान

0
7

सीहोर। गायत्री विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और बौद्धिक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए जीके प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय की आठ टीमों ने भाग लिया। पांच राउंड में हुए मुकाबले में विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए।

प्रतियोगिता में कक्षा 12 हिंदी माध्यम की टीम ने सर्वाधिक अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 8 की टीम ने दूसरा और कक्षा 9 की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ सामान्य ज्ञान से जोड़ना और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में टीम भावना, आत्मविश्वास और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित होती है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. भुवन गौर ने किया। संस्था संचालक राजेंद्र गौर ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि मायाराम गौर, मंडल अध्यक्ष प्रीतम गौर, संकुल प्रभारी मुकेश शाक्य, शिक्षक रामप्रकाश तिवारी सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अंत में विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here