drnewsindia.com
मौसम डेस्क : देश के कई राज्यों में गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए आज भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का अलर्ट जारी किया है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत सूरज की तपिश से झुलस रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्यों में तेज बारिश का अनुमान भी जताया गया है।
आइए जानते हैं आज आपके राज्य में मौसम का क्या हाल रहने वाला है:
दिल्ली-NCR में पारा 45 डिग्री के पार, ‘येलो अलर्ट’ जारी
देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सूरज के तीखे तेवर जारी हैं। मौसम विभाग ने आज दिल्ली के कई हिस्सों में भीषण लू चलने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं।

महाराष्ट्र में हाहाकार: विदर्भ में ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट
महाराष्ट्र का विदर्भ इलाका इस समय सबसे ज्यादा तप रहा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के अमरावती, वर्धा और चंद्रपुर जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसका मतलब है कि यहां लोगों को बहुत ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके अलावा नागपुर, गढ़चिरोली और अकोला जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी है। नागपुर में बीता दिन बेहद गर्म रहा, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
इन राज्यों में ‘गर्म रातें’ बढ़ाएंगी मुश्किलें
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में दिनभर लू के थपेड़े चलेंगे। वहीं, तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। आज रात को भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली, तेलंगाना और विदर्भ में आज रात का मौसम काफी गर्म रहने की आशंका है।

राहत की खबर: इन राज्यों में होगी तेज बारिश!
एक तरफ जहां देश का बड़ा हिस्सा गर्मी से परेशान है, वहीं उत्तर-पूर्वी भारत और कुछ अन्य राज्यों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने आज इन इलाकों में तेज बारिश का अनुमान जताया है:
- उत्तर-पूर्वी भारत और त्रिपुरा
- बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल
- सिक्किम और आंतरिक कर्नाटक





