जनहितैषी कार्यप्रणाली अपनाते हुए नागरिकों को त्वरित, सरल और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के कलेक्टर ने दिये निर्देश

0
7

सीहोर/ कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिला परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, ऑनलाइन सेवाओं एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, विभिन्न शाखाओं तथा अभिलेखों का अवलोकन किया और अधिकारियों को कार्यालय में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं नागरिक हितैषी वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली अपनाते हुए नागरिकों को त्वरित, सरल एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान सारथी पोर्टल एवं वाहन पोर्टल पर संचालित ऑनलाइन प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, परमिट, फिटनेस, कर भुगतान तथा अन्य ऑनलाइन सेवाओं के निष्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ऑनलाइन आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा नागरिकों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करना पड़ें। उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शालीन व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

      कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कार्यालय भवन के बेहतर संधारण, साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों के लिये पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सूचना बोर्ड एवं हेल्प डेस्क जैसी नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परिवहन विभाग की सभी सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखें तथा शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करें। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण किया जाए।

      कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिले में नियमित रूप से वाहन जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस के साथ संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही स्कूल वाहनों, यात्री वाहनों एवं व्यावसायिक वाहनों की नियमित फिटनेस जांच सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जन जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

      उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करना भी है। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री रितेश तिवारी सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here