मुंबई में NEET प्रदर्शनकारियों को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी का VIDEO, पुलिसकर्मी हटाया गया

0
5

drnewsindia.com

मुंबई | NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों को कथित तौर पर ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुंबई पुलिस का एक जवान प्रदर्शनकारियों से कहता सुनाई दे रहा है कि अगर वे दोबारा दिखाई दिए तो उनकी जेब में “25-25 ग्राम ड्रग्स डाल दूंगा, फिर जिंदगीभर बाहर नहीं निकल पाओगे।”

यह वीडियो मुंबई कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर साझा किया है। वीडियो में प्रदर्शनकारी पुलिस वैन के अंदर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि ड्राइविंग सीट पर मौजूद पुलिसकर्मी उनसे विवादित टिप्पणी करता नजर आता है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उन्हीं प्रदर्शनकारियों ने रिकॉर्ड किया, जिन्हें पुलिसकर्मी कथित रूप से धमका रहा था। हालांकि, वीडियो किस स्थान का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिसकर्मी हटाया गया, जांच जारी

मामले के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है।

वीडियो में क्या कहा?

वीडियो में पुलिसकर्मी कथित रूप से प्रदर्शनकारियों से कहता है कि उनके विरोध-प्रदर्शन के कारण पुलिसकर्मियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके बाद वह दोबारा प्रदर्शन में आने पर ड्रग्स केस में फंसाने जैसी धमकी देता सुनाई देता है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

मुंबई कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि वीडियो वास्तविक है तो यह केवल छात्रों को डराने का प्रयास नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर गंभीर हमला है। पार्टी ने कहा कि छात्रों के सवालों का जवाब जिम्मेदारी के साथ दिया जाना चाहिए, धमकियों के जरिए नहीं।

बुधवार को शिवाजी पार्क के पास प्रदर्शन के दौरान रिया अहीर नाम की एक छात्रा ने चलती पुलिस वैन के सामने खड़े होकर उसे रोक दिया और वहां से हटने से इनकार कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद मुंबई में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों के साथ कथित सख्ती पर सवाल उठने लगे। अब इसी बीच एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को ड्रग्स केस में फंसाने की कथित धमकी देता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पुलिसकर्मी को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है।

NEET पेपर लीक को लेकर जारी है विरोध

पिछले कुछ दिनों से मुंबई के शिवाजी पार्क, चेंबूर और आजाद मैदान सहित कई स्थानों पर NEET पेपर लीक, CJP और सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों में छात्रों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में शिक्षा व्यवस्था और सरकार के खिलाफ नारे लिखे पोस्टर दिखाई दिए।

पुलिस की कार्रवाई पर भी उठे सवाल

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विरोध-प्रदर्शन रोकने के लिए पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग, फोन कॉल, व्हाट्सएप मैसेज और लाइव लोकेशन साझा करने जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया। कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्हें स्थानीय पुलिस थानों से संपर्क कर घर पर रहने और अपनी लोकेशन साझा करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, कुछ प्रदर्शनकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत डिजिटल नोटिस भेजे जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिसमें पूर्व में हुए प्रदर्शनों के संबंध में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here