रायसेन में सड़क और नाली की मांग को लेकर हाईवे पर उतरे रहवासी, अवंतिका कॉलोनी के कॉलोनाइजर का कार्यालय सील

0
2

रायसेन | DRNewsIndia

रायसेन शहर की अवंतिका कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर रहवासियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए भोपाल-सागर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। वार्ड-13 के लोगों का आरोप है कि कॉलोनी विकसित हुए कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

सड़क और नाली निर्माण की उठाई मांग

प्रदर्शनकारियों ने कॉलोनाइजर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कॉलोनी में तत्काल सड़क एवं नाली निर्माण शुरू कराने की मांग की। रहवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। बारिश के मौसम में कॉलोनी की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है।

प्रशासन ने दिया 15 दिन का आश्वासन

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष शर्मा और नगर पालिका सीएमओ सुरेखा जाटव प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने रहवासियों से चर्चा कर 15 दिनों के भीतर सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया गया।

कॉलोनाइजर का कार्यालय सील

नगर पालिका ने कॉलोनी में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने के आरोप में कॉलोनाइजर के कार्यालय को सील कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना कॉलोनाइजर की जिम्मेदारी है और नियमों के तहत आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

जनप्रतिनिधि भी पहुंचे

प्रदर्शन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here