drnewsindai.com
अशोकनगर। देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत शंकर कॉलोनी में सोमवार सुबह एक 25 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना के बाद मृतिका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सुबह पति ने पंखे से लटका देखा शव
जानकारी के मुताबिक, मृतिका की पहचान नेहा लोधी (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खिरिया सहराई गांव की रहने वाली थी। नेहा का विवाह शंकर कॉलोनी निवासी रंजीत लोधी के साथ हुआ था, जो शहर में ही एक दुकान पर काम करता है।
सोमवार सुबह रंजीत ने नेहा को कमरे में पंखे पर दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ देखा। उसने आनन-फानन में फंदा काटकर नेहा को नीचे उतारा और तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर भागा। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही नेहा दम तोड़ चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे ब्रॉड डेड (मृत) घोषित कर दिया।

रात 3 बजे आया था मां के नाम आखिरी फोन
जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद नेहा के पिता ने रोते हुए अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि नेहा अक्सर दिन के समय ही फोन करती थी, लेकिन रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे अचानक उसका फोन आया। वह अपनी मां से बात करना चाहती थी। उस वक्त पिता खेत पर थे, इसलिए उन्होंने नेहा से कहा कि सुबह मां से बात करवा देंगे। पिता को जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह उनकी बेटी का आखिरी फोन था।

ससुराल वालों का झूठ: पहले बताया हार्ट अटैक, अस्पताल पहुंचे तो खुली पोल
नेहा के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह उनके पास ससुराल वालों का फोन आया, जिसमें कहा गया कि नेहा को हार्ट अटैक आया है और उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। लेकिन जब मायके वाले घबराकर जिला अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि मामला हार्ट अटैक का नहीं बल्कि फांसी का है।
मायके पक्ष के गंभीर आरोप: पिता का आरोप है कि ससुराल वाले नेहा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने आशंका जताई है कि या तो ससुराल वालों ने नेहा की हत्या करके उसे फंदे पर लटकाया है, या फिर उनकी रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर ही उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल की सूचना पर देहात थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मायके पक्ष के बयानों और रात 3 बजे आई आखिरी कॉल को आधार बनाकर पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।





