drnewsindia.com
भोपाल। राजधानी के सोनागिरी इलाके में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने मामूली विवाद और शक के चलते अपनी लिव-इन पार्टनर के सिर पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद, महिला को मृत समझकर उसने बीच सड़क पर खुद पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सिर पर हथौड़ा मार महिला को सड़क पर फेंका
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया (50) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और सोनागिरी के सी-सेक्टर झुग्गी बस्ती में रहता था। लक्ष्मण का अपनी लिव-इन पार्टनर कल्पना के साथ अक्सर विवाद होता रहता था।
रविवार सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि लक्ष्मण ने आपा खो दिया और कल्पना के सिर पर हथौड़े से कई वार कर दिए। इसके बाद वह लहूलुहान हालत में कल्पना को घसीटते हुए घर से बाहर सड़क पर ले आया।
बीच सड़क पर खुद का गला रेता, पेट में मारे 11 वार
महिला को बेसुध और मरा हुआ समझकर लक्ष्मण ने खुदकुशी करने का खौफनाक कदम उठाया। उसने राहगीरों के सामने ही अपने पास मौजूद चाकू से दो बार अपना गला रेता। इतने पर भी जब उसकी जान नहीं निकली, तो उसने अपने पेट में एक के बाद एक 11 बार चाकू घोंप लिया। बीच सड़क पर करीब 5 मिनट तक तड़पने के बाद लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीर बनाते रहे वीडियो, बचाने की नहीं दिखाई हिम्मत
इस पूरी वारदात का एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसे वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग दूर खड़े होकर पुलिस को फोन करने की बात कर रहे हैं, लेकिन लगातार खुद को चाकू मार रहे आरोपी को रोकने या उससे चाकू छीनने की हिम्मत किसी ने नहीं दिखाई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि जब तक कोई कुछ समझ पाता, लक्ष्मण खुद को लहूलुहान कर चुका था।

पत्नी की मौत के बाद रह रहा था लिव-इन में
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि लक्ष्मण की पत्नी की करीब 5 साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसकी मुलाकात कल्पना से हुई। कल्पना भी अपने पति से अलग रहती थी और घरों में साफ-सफाई व खाना बनाने का काम करती थी। जान-पहचान बढ़ने के बाद दोनों पिछले कुछ सालों से सोनागिरी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
हत्या और आत्महत्या की वजह: चरित्र पर शक एडिशनल डीसीपी के अनुसार, पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया है कि लक्ष्मण अक्सर कल्पना के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। रविवार सुबह का विवाद भी इसी शक का नतीजा था।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा और चाकू बरामद कर लिया है। अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही महिला के बयान दर्ज करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।





