भोपाल में किसान आंदोलन तेज: CM हाउस घेराव की तैयारी, रातभर सड़कों पर डटे रहे 2 हजार किसान; स्कूलों की छुट्टी, भारी पुलिस बल तैनात

0
9

भोपाल। मूंग की 100% सरकारी खरीदी, ई–टोकन व्यवस्था में सुधार और अन्य मांगों को लेकर नर्मदापुरम संभाग से भोपाल पहुंचे करीब 2 हजार किसान बुधवार को मुख्यमंत्री निवास घेराव की तैयारी में हैं। किसानों ने मंगलवार रात सड़क पर ही गुजारी। प्रशासन द्वारा रोके जाने के बाद किसान एम्स-एम्प्री क्षेत्र के आसपास डटे रहे, जिससे नए भोपाल की कई सड़कों पर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही।

किसान नेताओं का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देंगे। उन्होंने साफ कहा कि वे भोपाल अपनी मांगों को पूरा कराने आए हैं और बिना समाधान के वापस नहीं लौटेंगे।

एम्प्री के पास रोके गए किसान, पुलिस बल तैनात

किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एम्प्री के पास वीर सावरकर सेतु के पहले सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मंगलवार रात प्रशासन ने किसानों को आगे बढ़ने से रोक दिया था।

किसानों के जमावड़े के कारण होशंगाबाद रोड, एम्स क्षेत्र, बंसल प्लाजा और कटारा हिल्स रोड पर यातायात प्रभावित हुआ। कई जगहों पर लंबा जाम लग गया, जिसके बाद ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।

प्रशासन और किसानों के बीच बातचीत बेनतीजा

मंगलवार देर रात प्रशासनिक अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। बैठक के बाद किसान नेताओं ने ऐलान किया कि वे बुधवार को मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे।

नर्मदापुरम रोड के स्कूल बंद रखने के आदेश

किसान आंदोलन और संभावित ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में बुधवार को छुट्टी घोषित कर दी है। प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों की परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया।

CM हाउस की सुरक्षा बढ़ाई गई

किसानों के मुख्यमंत्री निवास घेराव के ऐलान के बाद सीएम हाउस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री निवास को बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है।

सुरक्षा के लिए SAF, RAF और 20 से ज्यादा थानों के पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा वाटर कैनन, वज्र वाहन और दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन की नजर आंदोलन पर

फिलहाल पुलिस और प्रशासन किसान आंदोलन पर नजर बनाए हुए हैं। राजधानी में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here